शराब बनाने वाली इस कंपनी का Q2 में 103% बढ़ा रेवेन्यू, मुनाफे में भी जबरदस्त उछाल - रडार पर स्टॉक
शराब बनाने वाली कंपनी एस्गार्ड एल्कोबेव के दूसरी तिमाही के नतीजों में जोरदार तेजी देखने को मिली है। कंपनी का रेवेन्यू दोगुने से ज्यादा बढ़ा है, जबकि मुनाफे में भी बड़ा उछाल आया है।

शराब निर्माण कारोबार से जुड़ी कंपनी एस्गार्ड एल्कोबेव लिमिटेड (Asgard Alcobev Ltd) ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में शानदार वित्तीय नतीजे पेश किए हैं।
कंपनी ने यह भी बताया कि फरवरी 2026 में CMJ ब्रुअरीज में कंट्रोलिंग हिस्सेदारी खरीदने के बाद कंपनी के कारोबार में बड़ा बदलाव आया है। बेहतर प्रोडक्शन और लागत कंट्रोल का असर भी नतीजों पर दिखाई दिया है। हालांकि कंपनी का शेयर दोपहर 3:11 बजे तक बीएसई पर 1.16% या 0.41 रुपये गिरकर 34.82 रुपये पर कारोबार कर रहा था।
रेवेन्यू और मुनाफे में कितनी बढ़ोतरी?
सितंबर 2026 में समाप्त तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 102.84% बढ़कर 48.93 करोड़ रुपये पहुंच गया। पिछले साल इसी तिमाही में यह 24.12 करोड़ रुपये था।
वहीं, कंपनी का नेट प्रॉफिट पिछले साल के 16.95 लाख रुपये से बढ़कर 2.55 करोड़ रुपये हो गया। तिमाही आधार पर कंपनी का रेवेन्यू 7.75% घटा है। जून तिमाही में यह 53.04 करोड़ रुपये था। इसके बावजूद EBITDA पिछली तिमाही के 5.15 करोड़ रुपये से 42.31% बढ़कर 7.33 करोड़ रुपये पहुंच गया।
बीयर उत्पादन में कितनी तेजी आई?
कंपनी का कुल उत्पादन पिछली तिमाही के मुकाबले 18.6% बढ़कर 13.82 लाख केस पहुंच गया। वहीं, डिस्पैच 14% बढ़कर 13.58 लाख केस रहे। कंपनी का कैपेसिटी यूटिलाइजेशन 63.1% से बढ़कर 78.6% हो गया। कैन वाली बीयर का उत्पादन भी 67.7% बढ़कर 4.99 लाख केस पहुंच गया, जो कुल उत्पादन का 36.1% है।
मार्च 2027 तक क्षमता बढ़ाने की योजना
Asgard Alcobev मार्च 2027 तक अपनी सालाना उत्पादन क्षमता 84 लाख केस से बढ़ाकर 1.08 करोड़ केस करना चाहती है। यह करीब 28.6% की बढ़ोतरी होगी। कंपनी पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत के मौजूदा बाजारों से बाहर भी कारोबार बढ़ाने की संभावनाएं तलाश रही है।
मैनेजिंग डायरेक्टर रौनक जैन के मुताबिक, कंपनी उत्पादन क्षमता के बेहतर इस्तेमाल, विस्तार और कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग साझेदारी पर ध्यान देगी।