₹1,550 करोड़ की बड़ी डील! Apollo Micro Systems खरीदेगी Premier Explosives की 41.33% हिस्सेदारी, शेयर चढ़ा
अपोलो माइक्रो सिस्टम्स ने करीब ₹1,550 करोड़ की कैश डील में प्रीमियर एक्सप्लोसिव्स के प्रमोटरों की 41.33% हिस्सेदारी खरीदने का समझौता किया है। डील दिसंबर 2026 तक पूरी होने की उम्मीद है। अधिग्रहण से दोनों कंपनियां रक्षा, एयरोस्पेस और हाई-एनर्जी मटेरियल्स में अपनी क्षमता बढ़ाकर आत्मनिर्भर भारत मिशन को मजबूती देंगी।

Apollo Micro Systems-Premier Explosives Deal: एयरोस्पेस और डिफेंस सेक्टर की कंपनी अपोलो माइक्रो सिस्टम्स लिमिटेड (Apollo Micro Systems Ltd) ने अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में बड़ी जानकारी देते हुए बताया कि रक्षा क्षेत्र की कंपनी Apollo Micro Systems Ltd ने Premier Explosives Ltd के प्रमोटरों की 41.33% हिस्सेदारी खरीदने के लिए एक निश्चित शेयर खरीद समझौता (Share Purchase Agreement) किया है।
यह पूरी तरह कैश डील होगी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1,550 करोड़ रुपये है। 41 साल पुरानी Apollo Micro Systems रक्षा क्षेत्र के लिए एडवांस इलेक्ट्रॉनिक, इलेक्ट्रो-मैकेनिकल और इंजीनियरिंग सिस्टम बनाती है, जबकि Premier Explosives हाई एनर्जी मटेरियल, रॉकेट मोटर, डिफेंस और एयरोस्पेस के लिए काउंटरमेजर्स तथा गोला-बारूद (Munitions) के कारोबार में है।
यह डील दिसंबर 2026 (तीसरी तिमाही) तक पूरा होने की उम्मीद है। हालांकि इसके लिए नियामकीय मंजूरी और शेयरधारकों की स्वीकृति समेत अन्य शर्तें पूरी करनी होंगी।
डील पूरा होने के बाद Premier Explosives, Apollo Micro Systems के तहत काम करेगी, लेकिन अपना मौजूदा ब्रांड बरकरार रखेगी।
Apollo Micro Systems के मैनेजिंग डायरेक्टर बद्दम करुणाकर रेड्डी ने कहा कि यह अधिग्रहण भारत की रक्षा विनिर्माण क्षमता को और मजबूत करेगा। इससे हाई एनर्जी मटेरियल और अंतरिक्ष कार्यक्रमों में देश की तकनीकी विशेषज्ञता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि दोनों कंपनियां मिलकर राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने, सशस्त्र बलों को बेहतर तकनीक और बड़े पैमाने पर रक्षा समाधान उपलब्ध कराने तथा रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
Premier Explosives के संस्थापक और चेयरमैन डॉ. ए. एन. गुप्ता ने कहा कि कंपनी ने पिछले कई दशकों में रक्षा क्षेत्र में मजबूत पहचान बनाई है। उन्हें भरोसा है कि Apollo Micro Systems के साथ मिलकर नवाचार, नई तकनीकों और टिकाऊ विकास के कई नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि Premier Explosives को Apollo Micro Systems परिवार का हिस्सा बनाने का फैसला भारत में एक मजबूत, एकीकृत और स्वदेशी रक्षा एवं एयरोस्पेस इकोसिस्टम तैयार करने की साझा सोच को दर्शाता है।
AKS Family Trust की ट्रस्टी और प्रमोटर शोनिका प्रसाद ने कहा कि यह सौदा Premier Explosives और AKS Family Trust के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने कहा कि डॉ. ए. एन. गुप्ता के नेतृत्व में कंपनी ने मजबूत विरासत बनाई है और उन्हें विश्वास है कि Apollo Micro Systems कंपनी के अगले विकास चरण को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कर्मचारियों, शेयरधारकों, ग्राहकों और सभी साझेदारों का वर्षों से मिले भरोसे और सहयोग के लिए धन्यवाद दिया तथा उम्मीद जताई कि दोनों कंपनियों का संयुक्त संगठन नवाचार को बढ़ावा देने और भारत की रक्षा व एयरोस्पेस क्षमताओं को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा।
Apollo Micro Systems Share Price
सुबह 11:25 बजे तक कंपनी का शेयर एनएसई पर 2.62% या 10.45 रुपये चढ़कर 408.75 रुपये पर कारोबार कर रहा था और बीएसई पर शेयर 2.56% या 10.20 रुपये की तेजी के साथ 408.80 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।