बेंगलुरु की 3 कंपनियों के अधिग्रहण की तैयारी में ये डिफेंस कंपनी, डिफेंस सेक्टर में विस्तार का है प्लान
डिफेंस सेक्टर की कंपनी Apollo Micro Systems ने अपने कारोबार के विस्तार के लिए बड़ा कदम उठाया है। कंपनी की सब्सिडियरी ने बेंगलुरु के तीन कारोबारों को पूरी तरह खरीदने की योजना बनाई है।

डिफेंस सेक्टर की कंपनी अपोलो माइक्रो सिस्टम्स लिमिटेड (Apollo Micro Systems Limited) ने एक बड़े अधिग्रहण की योजना की जानकारी दी है। कंपनी ने शेयर बाजार को दी गई जानकारी में बताया कि उसकी सब्सिडियरी अपोलो डिफेंस इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड (ADIPL) ने बेंगलुरु की तीन कंपनियों और कारोबारों को पूरी तरह खरीदने के लिए एक बाइंडिंग एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EOI) जारी किया है।
कंपनी का शेयर सुबह 10:19 बजे तक बीएसई पर 0.13% या 0.55 रुपये चढ़कर 428 रुपये पर ट्रेड कर रहा था और एनएसई पर शेयर 0.07% या 0.30 रुपये की तेजी के साथ 428 रुपये पर कारोबार कर रहा था।
कंपनी किन तीन कारोबारों को खरीदने की तैयारी में है?
एक्सचेंज फाइलिंग से मिली जानकारी के मुताबिक अपोलो माइक्रो सिस्टम्स की सब्सिडियरी ने जिन तीन कारोबारों को खरीदने में दिलचस्पी दिखाई है, उनमें इंटीग्रेटेड इलेक्ट्रिक कंपनी प्राइवेट लिमिटेड (Integrated Electric Co Private Limited), IE पावर टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड (IE Power Technologies Private Limited) और इंटीग्रेटेड सर्विसेज (Integrated Services) शामिल हैं।
ये तीनों मिलकर IEC ग्रुप के नाम से जाने जाते हैं। प्रस्तावित डील के तहत पहली दो कंपनियों की 100% इक्विटी हिस्सेदारी खरीदी जाएगी। वहीं, इंटीग्रेटेड सर्विसेज की 100% पार्टनरशिप हिस्सेदारी और उसका पूरा कारोबार खरीदने की योजना है।
इस अधिग्रहण से कंपनी को क्या फायदा होगा?
अपोलो माइक्रो सिस्टम्स के मुताबिक, इस अधिग्रहण से कंपनी इलेक्ट्रिकल रोटेटिंग मशीनों, जनरेटर और ड्राइव्स की स्वदेशी डिजाइनिंग और मैन्युफैक्चरिंग के कारोबार में कदम रख सकेगी। इन मशीनों और उपकरणों का इस्तेमाल जमीन, हवा और समुद्र में इस्तेमाल होने वाले डिफेंस प्लेटफॉर्म में किया जाता है। खासतौर पर इलेक्ट्रिक प्रोपल्शन यानी बिजली से चलने वाली प्रणालियों, प्लेटफॉर्म पर बिजली पैदा करने और मशीनों की गतिविधियों को नियंत्रित करने वाले सिस्टम में इनकी अहम भूमिका होती है।
40 साल से ज्यादा पुराना है IEC ग्रुप
IEC ग्रुप बेंगलुरु का एक इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग ग्रुप है, जिसे इलेक्ट्रिकल रोटेटिंग मशीनों और ड्राइव्स की डिजाइनिंग और मैन्युफैक्चरिंग में चार दशक से ज्यादा का अनुभव है। इस ग्रुप ने 1982 में बेंगलुरु के पीन्या इंडस्ट्रियल एरिया से अपना कारोबार शुरू किया था। यह इलाका भारत के बड़े इंजीनियरिंग और एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग केंद्रों में शामिल है।
IEC ग्रुप औद्योगिक इस्तेमाल के लिए इलेक्ट्रिकल रोटेटिंग मशीनें और ड्राइव्स तैयार करता है। कंपनी अपने प्रोडक्ट की डिजाइन खुद विकसित करती है और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार इनका निर्माण करती है। इसके ग्राहकों में स्टील, पेपर, शुगर, सीमेंट, प्लास्टिक, रेलवे और टेलीकॉम सेक्टर की कंपनियां शामिल हैं। IEC ग्रुप भारत के अलावा एशिया, अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, यूरोप और अमेरिका के बाजारों में भी अपने प्रोडक्ट एक्सपोर्ट करता है।