सेना के लिए खास गाड़ियां बनाने वाली कंपनी में 26% हिस्सेदारी खरीदने की तैयारी में अपोलो माइक्रो, शेयर पर नजर

डिफेंस और एयरोस्पेस सेक्टर की कंपनी अपोलो माइक्रो सिस्टम्स ने बड़ा कारोबारी कदम उठाया है। कंपनी ने एक भारतीय डिफेंस व्हीकल निर्माता में हिस्सेदारी खरीदने के लिए समझौता किया है।

Advertisement

By Gaurav Kumar:

डिफेंस और एयरोस्पेस सेक्टर की कंपनी, अपोलो माइक्रो सिस्टम्स लिमिटेड (Apollo Micro Systems Limited) ने अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में बड़ी जानकारी दी है जिसके बाद से स्टॉक निवेशकों के रडार पर है। 

कंपनी ने अपने फाइलिंग में बताया कि उसकी सहायक कंपनी अपोलो डिफेंस इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड (ADIPL) ने ए-थॉन ऑलटेरेन प्राइवेट लिमिटेड (A-Thon Allterrain Private Limited) में 26 फीसदी तक हिस्सेदारी खरीदने के लिए एक Binding EOI पर साइन किया है। 

पहले 26 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने की योजना

कंपनी के मुताबिक, ए-थॉन में शुरुआती 26 फीसदी तक हिस्सेदारी खरीदना उसकी फेज वाइज अधिग्रहण योजना का पहला कदम होगा। इसके बाद अपोलो डिफेंस इंडस्ट्रीज कंपनी में अपनी हिस्सेदारी और बढ़ाने की योजना बना रही है। हालांकि, आगे की हिस्सेदारी खरीदने का फैसला ड्यू डिलिजेंस यानी कंपनी की वित्तीय, कानूनी और कारोबारी जांच पूरी होने और अंतिम समझौतों पर साइन होने के बाद लिया जाएगा। 

क्या काम करती है ए-थॉन कंपनी?

ए-थॉन ऑलटेरेन एक भारतीय कंपनी है, जो मुश्किल रास्तों और चुनौतीपूर्ण इलाकों में चलने वाली ऑल-टेरेन और साइड-बाय-साइड यूटिलिटी गाड़ियां डिजाइन और तैयार करती है। कंपनी के पास इंडस्ट्रियल लाइसेंस भी है। इन गाड़ियों का इस्तेमाल पहाड़ी इलाकों, ऊंचाई वाले क्षेत्रों और ऐसी जगहों पर किया जा सकता है, जहां सामान्य गाड़ियों का पहुंचना मुश्किल होता है। इस तरह की गाड़ियां सेना के लिए सामान, उपकरण और अन्य जरूरी सामग्री पहुंचाने में उपयोगी हो सकती हैं।

Apollo Micro Systems Share Price

दोपहर 12:53 बजे तक कंपनी का शेयर बीएसई पर 1.36% या 6.40 रुपये गिरकर 464.25 रुपये पर ट्रेड कर रहा था और एनएसई पर स्टॉक 1.20% या 5.65 रुपये टूटकर 464.95 रुपये पर कारोबार कर रहा था।

हाल ही में कंपनी ने दी थी ये जानकारी

दरअसल कंपनी ने हाल ही में बताया था कि उसे MSCI India Small Cap Index में शामिल किया गया है। MSCI ने नवंबर 2026 की अपनी रिव्यू में कंपनी को इस इंडेक्स में जगह दी है। यह बदलाव 30 नवंबर 2026 को कारोबार समाप्त होने के बाद लागू होगा। कंपनी के शामिल होने से हैदराबाद स्थित कंपनी पर उन ग्लोबल फंड्स और विदेशी निवेशकों की नजर बढ़ सकती है, जो MSCI के इमर्जिंग मार्केट बेंचमार्क को ट्रैक करते हैं। कंपनी को यह उपलब्धि ऐसे समय मिली है, जब उसका कारोबार मजबूत प्रदर्शन कर रहा है।

Read more!
Advertisement