Angel One Wealth की भारत के युवाओं पर आई बड़ी रिपोर्ट!

क्या आप जानते हैं कि भारत जल्द ही दुनिया का सबसे बड़ा कामकाजी आबादी वाला देश बनने जा रहा है? एक तरफ चीन में जहां लोग बूढ़े हो रहे हैं वहीं भारत में युवा आबादी की तादाद में इजाफा हो रहा है। Angel One Wealth की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 2023 से 2050 के बीच जितने लोग कामकाजी उम्र में शामिल होंगे उनमें से 20 प्रतिशत भारत का योगदान होगा।

Advertisement

By Harsh Verma:


क्या आप जानते हैं कि भारत जल्द ही दुनिया का सबसे बड़ा कामकाजी आबादी वाला देश बनने जा रहा है? एक तरफ चीन में जहां लोग बूढ़े हो रहे हैं वहीं भारत में युवा आबादी की तादाद में इजाफा हो रहा है। Angel One Wealth की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 2023 से 2050 के बीच जितने लोग कामकाजी उम्र में शामिल होंगे उनमें से 20 प्रतिशत भारत का योगदान होगा। इसका हमारे देश और हमारी अर्थव्यवस्था पर बड़ा असर होने का अनुमान है।

भारत की बढ़ती कामकाजी आबादी आज के दौर में भारत के पास दुनिया की सबसे बड़ी युवा आबादी है। भारत में औसत उम्र महज 29 साल है जो इसे एक मजबूत वर्कफोर्स मुहैया कराती है। ये हमारे 'डिपेंडेंसी रेश्यो' को दुनिया में सबसे कम बनाता है यानी हर कामकाजी व्यक्ति पर भारत में सबसे कम लोगों की जिम्मेदारी है। चीन और यूरोपीयन देशों में ये अनुपात बढ़ता जा रहा है जिससे उनकी अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ रहा है। 

वहीं भारत की युवा शक्ति इसे आने वाले दशकों में एक आर्थिक महाशक्ति बनाने का दम दिखा रही है। तेज इनकम ग्रोथ और घटती गरीबी, रिपोर्ट में बताया गया है कि 2030 तक गरीब परिवारों की संख्या में भारी गिरावट आने वाली है। इसके साथ ही भारत में अमीर परिवारों की संख्या तीन गुना बढ़ने का अनुमान है। जबकि मध्यम वर्ग के परिवारों की संख्या दोगुनी हो जाएगी। 2018 के 43 फीसदी परिवार के मुकाबले 2030 तक महज 15 परसेंट परिवार ही गरीबी रेखा के नीचे रह जाएंगे। 

इसका मतलब है कि भारत में लोगों की आर्थिक स्थिति में सुधार हो रहा है जिसका असर हर क्षेत्र में दिखेगा। जीडीपी के परसेंटेज के तौर पर भारत का कर्ज अपने एशियाई समकक्ष देशों के मुकाबले काफी कम है यानी भारत की घरेलू बैलेंस शीट मजबूत है। कम कर्ज और तेज इनकम ग्रोथ के चलते भारत प्रति व्यक्ति आय के मामले में सबसे तेजी से बढ़ने वाला देश बनता जा रहा है। 

रिपोर्ट में ये भी जिक्र किया गया है कि भारतीय परिवार अब महंगी चीजें खरीदने में समर्थ हो रहे हैं। इससे यह साफ होता है कि भारतीय परिवारों की जीवनशैली में बड़ा सुधार आ रहा है। जहां पहले लोग केवल जरूरी चीजों पर ध्यान देते थे अब वो महंगी गाड़ियां, बड़े घर, और दूसरे लक्जरी सामान पर निवेश कर रहे हैं। भारत में इंडिविजुअल इनकम टैक्स कलेक्शन 2010-11 से लगातार कॉर्पोरेट टैक्स से ज्यादा रहा है। ये बताता है कि हमारी अर्थव्यवस्था में लोगों की भागीदारी बढ़ रही है। ये तेज इनकम ग्रोथ, मजबूत आर्थिक स्थिति और कामकाजी लोगों की बढ़ती संख्या का ही नतीजा है।

रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि भारत अंतरराष्ट्रीय विकास को भी रफ्तार देने वाला देश बन रहा है जिससे आने वाले दशकों में भारत एक ग्लोबल आर्थिक महाशक्ति के रूप में उभरेगा। 

Read more!
Advertisement