Q3 में 18% फिसला नेट प्रॉफिट फिर भी 7 प्रतिशत उछला ABB India का शेयर! जानिए वजह
बीएसई पर आज यह शेयर 5700 रुपये पर ट्रेडिंग के लिए खुला था और अभी तक इसने अपना इंट्रा डे हाई 6156 रुपये को टच कर लिया है।

शुक्रवार को शेयर बाजार में हल्की तेजी देखने को मिल रही है लेकिन इस बीच, एबीबी इंडिया लिमिटेड (ABB India Ltd) का शेयर 7 प्रतिशत से अधिक चढ़कर ट्रेड कर रहा है। सुबह 10:48 बजे तक शेयर बीएसई पर 7.07% या 404.35 रुपये चढ़कर 6120 रुपये पर ट्रेड कर रहा था और एनएसई पर स्टॉक 7.05% या 403.50 रुपये चढ़कर 6,123 रुपये पर कारोबार कर रहा था।
बीएसई पर आज यह शेयर 5700 रुपये पर ट्रेडिंग के लिए खुला था और अभी तक इसने अपना इंट्रा डे हाई 6156 रुपये को टच कर लिया है।
कंपनी ने बीते गुरुवार को अपने दिसंबर तिमाही (Q3FY26) के नतीजे जारी किए थे, जिनमें इनकम में बढ़त और ऑर्डर बुक में रिकॉर्ड उछाल दिखा। इसके अलावा कंपनी ने डिविडेंड का भी ऐलान किया है।
रेवेन्यू बढ़ा, लेकिन मुनाफा घटा
कंपनी की कंसोलिडेटेड ऑपरेशंस से आय सालाना आधार पर 5.70% बढ़कर 3,557.01 करोड़ रुपये रही। पिछले साल इसी तिमाही में यह 3,364.93 करोड़ रुपये थी। कंपनी के मुताबिक, सभी बिजनेस सेगमेंट में ग्रोथ दिखी और निर्यात सेगमेंट ने खास तौर पर रफ्तार दी।
हालांकि, नेट प्रॉफिट 18% घटकर 432.85 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में 528.41 करोड़ रुपये था। इनपुट लागत में उतार-चढ़ाव के चलते मार्जिन पर दबाव दिखा।
नेट प्रॉफिट में गिरावट के बाद भी इस वजह से उछला स्टॉक
निवेशकों की नजर कंपनी के ऑर्डर इनटेक पर ज्यादा रही। ABB इंडिया ने पिछले पांच सालों में सबसे ज्यादा चौथी तिमाही के ऑर्डर दर्ज किए। ऑर्डर 52% उछलकर 4,096 करोड़ रुपये पर पहुंच गए।
कंपनी ने बताया कि कोर बिजनेस में मजबूत मांग और बड़े ऑर्डर के सही समय पर मिलने से यह तेजी आई। डेटा सेंटर, रेलवे, ऑटोमोटिव और मेटल सेक्टर से मजबूत ऑर्डर मिले। इसके चलते कुल ऑर्डर बैकलॉग 12% बढ़कर 10,471 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर संजीव शर्मा ने कहा कि 2025 ABB इंडिया के लिए स्थिर प्रगति का साल रहा। हमने देश में मैन्युफैक्चरिंग के 75 साल पूरे किए। चौथी तिमाही में इनपुट लागत के दबाव के बावजूद ऑर्डर और रेवेन्यू बढ़ाते रहे।
ABB India Dividend
कंपनी ने निवेशकों के लिए 29.59 रुपये का फाइनल डिविडेंड देने की घोषणा की है। हालांकि अभी तक इसके लिए रिकॉर्ड डेट का ऐलान नहीं किया गया है।