बोनस शेयर, डिविडेंड और कारोबार विस्तार - इस स्मॉल कैप कंपनी ने किए 3 बड़े ऐलान; शेयर में हलचल
आस्था स्पिनटेक्स लिमिटेड ने 23 जुलाई 2026 को बोर्ड बैठक बुलाई है। इसमें 1:1 तक बोनस शेयर, वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 100% तक फाइनल डिविडेंड और ग्रे फैब्रिक समेत वैल्यू-ऐडेड टेक्सटाइल प्रोडक्ट्स शुरू करने के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा।

477.62 करोड़ रुपये के मार्केट कैप वाली टेक्सटाइल कंपनी, आस्था स्पिनटेक्स लिमिटेड (Aastha Spintex Ltd) ने आज अपने निवेशकों को एक साथ 3 बड़ी जानकारी दी है। बाजार बंद होने के बाद कंपनी ने अपने फाइलिंग में बताया कि उसके बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक आगामी 23 जुलाई 2026 को होगी जिसमें:
1) बोनस शेयर: बोर्ड मौजूदा शेयरधारकों को 1:1 तक के रेश्यो में बोनस शेयर जारी करने के प्रस्ताव पर विचार करेगा। यानी हर एक शेयर पर एक अतिरिक्त शेयर मिल सकता है। मंजूरी मिलने के बाद रिकॉर्ड डेट, अंतिम रेश्यो और अन्य जानकारी अलग से जारी की जाएगी।
2) फाइनल डिविडेंड: बोर्ड वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 100% तक अंतिम डिविडेंड घोषित करने पर भी फैसला करेगा। यानी फेस वैल्यू 10 रुपये वाले प्रत्येक शेयर पर अधिकतम 10 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड दिया जा सकता है।
3) कारोबार विस्तार: कंपनी अपने इन-हाउस ब्रांड के तहत ग्रे फैब्रिक और अन्य वैल्यू-ऐडेड फैब्रिक जैसे नए टेक्सटाइल प्रोडक्ट शुरू करने के प्रस्ताव पर भी विचार करेगी। फाल्कन अधिग्रहण के बाद कंपनी की यार्न उत्पादन क्षमता 17,457 मीट्रिक टन प्रति वर्ष हो गई है। कंपनी इसी क्षमता का उपयोग कर टेक्सटाइल वैल्यू चेन में अपनी मौजूदगी बढ़ाने, अधिक वैल्यू एडिशन करने और लंबे समय में मुनाफा बढ़ाने की योजना बना रही है।
Aastha Spintex Share Price
कंपनी का शेयर आज बीएसई पर 6.88% या 8 रुपये गिरकर 108.20 रुपये पर बंद हुआ और एनएसई पर स्टॉक 7.87% या 9.14 रुपये टूटकर 107 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।
कंपनी ने हाल ही में ऑर्डर बुक से जुड़ी दी थी ये जानकारी
हाल ही में कंपनी ने बताया था कि उसके पास जुलाई 2026 से अक्टूबर 2026 तक के चार महीनों के लिए करीब 76.78 करोड़ रुपये के ऑर्डर हैं। यह ऑर्डर बुक कंपनी की वित्त वर्ष 2024-25 की कुल आय का 21% से ज्यादा है। कंपनी का कहना है कि यह मजबूत मांग और Falcon Texotube के एकीकरण के बाद उत्पादन क्षमता के बेहतर उपयोग का संकेत है।
कंपनी ने बताया कि उसकी ऑर्डर बुक में पुराने ग्राहकों का बड़ा योगदान है। 7 Seas Impex और Texpert India Private Limited जैसे प्रमुख ग्राहकों ने लगातार कई महीनों के लिए दोबारा ऑर्डर दिए हैं, जिससे कंपनी के उत्पादों पर ग्राहकों के भरोसे का पता चलता है। फिलहाल कंपनी के पास 10 से ज्यादा सक्रिय ग्राहक हैं, जिससे किसी एक ग्राहक पर निर्भरता कम होती है और कारोबार को स्थिरता मिलती है।