न होम लोन लिया न EMI का झंझट! 3 साल में खरीदा ₹70 लाख का घर, जानिए पूरा प्लान

बिना होम लोन के ₹70 लाख का घर खरीदना आसान नहीं है, लेकिन महाराष्ट्र की एक महिला ने सिर्फ तीन साल में यह सपना पूरा करने का दावा किया है। उन्होंने अपनी सैलरी, सेविंग और खास पेमेंट प्लान से यह कर दिखाया। जानिए आखिर उनकी प्लानिंग में क्या खास था।

Advertisement

In Short

  • महाराष्ट्र की पूजा गौड़ा ने बिना होम लोन करीब ₹70 लाख का घर खरीदने का दावा किया।
  • तीन साल में ₹19 लाख की सेविंग की और अलग ड्रीम अकाउंट बनाकर पैसे जोड़े।
  • हर महीने ₹1 लाख से ₹1.5 लाख के सेल्स इंसेंटिव और बिल्डर के पेमेंट प्लान से मिली मदद।

By Gaurav Kumar:

अपना घर खरीदना हर किसी का सपना होता है, लेकिन इसकी कीमत और सालों तक चलने वाली EMI कई लोगों की चिंता बढ़ा देती है। ऐसे में क्या बिना होम लोन लिए भी घर खरीदा जा सकता है? महाराष्ट्र की एक महिला ने सोशल मीडिया पर अपनी कहानी शेयर की है। आइए जानते हैं कि उन्होंने किस तरह प्लानिंग की और अपना घर खरीदने के लिए पैसे जुटाए।

3 साल में खरीदा ₹70 लाख का घर

महाराष्ट्र की रहने वाली पूजा गौड़ा (Pooja Gowda) ने दावा किया है कि उन्होंने बिना होम लोन लिए शाहद में अपना घर खरीदा है। पूजा ने इंस्टाग्राम वीडियो में बताया कि उनके फ्लैट की कीमत ₹60 लाख थी, जबकि इंटीरियर और फर्निशिंग मिलाकर कुल खर्च करीब ₹70 लाख पहुंच गया। उन्होंने तीन साल की सेविंग और पेमेंट प्लानिंग के जरिए यह घर खरीदा।

हर साल कितने पैसे बचाए?

पूजा के मुताबिक, उन्होंने पहले साल ₹4 लाख, दूसरे साल ₹5.5 लाख और तीसरे साल ₹9.5 लाख की सेविंग की। इस तरह तीन साल में कुल ₹19 लाख बचाए। इसके अलावा उन्होंने इमरजेंसी के लिए अलग से ₹1 लाख का फंड भी रखा, ताकि अचानक जरूरत पड़ने पर घर के लिए जमा पैसे खर्च न करने पड़ें।

दो बैंक अकाउंट से बनाई सेविंग की आदत

पूजा ने बताया कि उनकी प्लानिंग का सबसे जरूरी हिस्सा दो अलग-अलग बैंक अकाउंट रखना था। पहला सैलरी अकाउंट और दूसरा 'ड्रीम अकाउंट'। सैलरी आते ही वह उसका बड़ा हिस्सा ड्रीम अकाउंट में ट्रांसफर कर देती थीं। इस अकाउंट से कोई डेबिट या क्रेडिट कार्ड लिंक नहीं था, ताकि जरूरत के बिना पैसे निकालने से बच सकें।

प्रतीकात्मक तस्वीर

बिना होम लोन के कैसे किया पेमेंट?

पूजा पहले बाकी रकम के लिए होम लोन लेने वाली थीं, लेकिन पिता से बातचीत के बाद उन्होंने बिल्डर से सीधे बात की। फ्लैट अंडर कंस्ट्रक्शन था, इसलिए बिल्डर के साथ कंस्ट्रक्शन की प्रोग्रेस के हिसाब से पेमेंट करने का प्लान बनाया। इसके तहत उन्होंने 36 महीने तक हर महीने ₹1 लाख दिए। बाकी ₹8 लाख घर का पजेशन मिलने पर देने थे। इस तरह उन्हें लंबे समय तक होम लोन की EMI नहीं चुकानी पड़ी।

सैलरी के अलावा इंसेंटिव से मिली मदद

पूजा सेल्स की नौकरी करती हैं। उन्होंने बताया कि सैलरी के अलावा हर महीने औसतन ₹1 लाख से ₹1.5 लाख तक इंसेंटिव भी मिलता था। इस अतिरिक्त कमाई ने घर खरीदने के लिए पैसे जुटाने में बड़ी मदद की।

पुराना घर बेचने के बजाय किराए पर दिया

पूजा ने साफ किया कि परिवार ने नया घर खरीदने के लिए पुराना घर नहीं बेचा। उसकी मरम्मत कराकर किराए पर दे दिया, जिससे परिवार की पुरानी प्रॉपर्टी भी बनी रही और किराए से कमाई का रास्ता भी खुला रहा।

सोशल मीडिया पर लोगों ने की तारीफ

पूजा का वीडियो सामने आने के बाद कई लोगों ने उनकी मेहनत और सेविंग की तारीफ की। एक महिला ने उनकी उपलब्धि पर गर्व जताया, जबकि दूसरे यूजर ने सेल्स की नौकरी में उनकी स्किल की तारीफ की। पूजा ने घर खरीदने का सपना देखने वालों को सलाह दी कि डरने के बजाय सही प्लानिंग के साथ शुरुआत करें।

हालांकि, उनकी कहानी में अच्छी सैलरी के साथ बड़ा इंसेंटिव भी अहम था। इसलिए हर किसी के लिए इसी तरीके से बिना लोन घर खरीदना संभव हो, यह जरूरी नहीं है।

Read more!
Advertisement