ग्रेजुएट हैं लेकिन नहीं मिल रही नौकरी? ये सरकार हर महीने देगी 2000 रुपये, जानें कैसे मिलेगा योजना का फायदा
पश्चिम बंगाल सरकार ने बेरोजगार युवाओं को आर्थिक मदद देने के लिए नई योजना का ऐलान किया है. इसके तहत युवाओं को हर महीने 2000 रुपये तक का भत्ता मिलेगा. खास बात यह है कि आने वाले वर्षों में यह रकम बढ़ाई भी जाएगी. जानें योजना का फायदा किसे मिलेगा.

In Short
- जनवरी 2027 से शुरू होगी 'भोरशा कर्मसूची' योजना
- बेरोजगार ग्रेजुएट युवाओं को हर महीने मिलेंगे 2000 रुपये
- वित्त वर्ष 2028-29 से बढ़ाई जाएगी भत्ते की रकम
पढ़ाई पूरी करने के बाद भी नौकरी नहीं मिलने से परेशान युवाओं के लिए पश्चिम बंगाल सरकार ने बड़ा ऐलान किया है. राज्य सरकार बेरोजगार युवाओं को आर्थिक मदद देने के लिए एक नई योजना शुरू करने जा रही है. इसके तहत ग्रेजुएट बेरोजगारों को हर महीने 2,000 रुपये का भत्ता दिया जाएगा. खास बात यह है कि सरकार ने ग्रेजुएट नहीं होने वाले बेरोजगार युवाओं के लिए भी आर्थिक सहायता का ऐलान किया है.
जनवरी 2027 से शुरू होगी योजना
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, पश्चिम बंगाल सरकार ने इस नई योजना का नाम 'भोरशा कर्मसूची' (Bhorsha Karmasuchi Scheme) रखा है. इसकी शुरुआत जनवरी 2027 से होगी. योजना के तहत बेरोजगार ग्रेजुएट्स के अलावा सरकारी व्यावसायिक संस्थानों और आईटीआई (ITI) से डिप्लोमा हासिल करने वाले बेरोजगार युवाओं को भी हर महीने 2,000 रुपये दिए जाएंगे.
नॉन ग्रेजुएट युवाओं को भी मिलेगा पैसा
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को बताया कि इस योजना का फायदा सिर्फ ग्रेजुएट युवाओं तक सीमित नहीं रहेगा. जिन बेरोजगार युवाओं ने ग्रेजुएशन नहीं किया है, उन्हें भी सरकार हर महीने 1,500 रुपये का भत्ता देगी.
आने वाले समय में बढ़ेगी भत्ते की रकम
मुख्यमंत्री ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के चुनावी घोषणापत्र में किए गए वादे के मुताबिक आने वाले समय में भत्ते की रकम भी बढ़ाई जाएगी. वित्त वर्ष 2028-29 से बेरोजगार ग्रेजुएट्स को हर महीने 3,000 रुपये और नॉन ग्रेजुएट बेरोजगारों को 2,000 रुपये दिए जाएंगे.
किन युवाओं को मिलेगा योजना का फायदा?
इस सरकारी योजना का लाभ 21 से 45 साल की उम्र के बेरोजगार युवाओं को मिलेगा. पश्चिम बंगाल सरकार की नई 'भोरशा कर्मसूची' योजना ने पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार की 'युवसाथी' योजना की जगह ली है.
54 लाख लाभार्थियों का होगा वेरिफिकेशन
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि पिछली सरकार की योजना के तहत मौजूद 54 लाख लाभार्थियों का वेरिफिकेशन 31 दिसंबर 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा. वहीं, जिन युवाओं ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे 'अपनार सरकार अपनार पाशे' कार्यक्रम के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं.
मुख्यमंत्री ने युवाओं से की सब्र रखने की अपील
कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने युवाओं से कुछ समय तक सब्र रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि सरकार ने कई नई योजनाएं शुरू की हैं, बकाया रकम का भुगतान किया है और बड़ी आर्थिक जिम्मेदारियां ली हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार युवाओं से किया गया अपना वादा पूरा करेगी.