नई कार खरीदने की है प्लानिंग और सैलरी है ₹80,000? कहीं भारी न पड़ जाए EMI, समझें पूरा गणित
अगर आपकी महीने की सैलरी ₹80,000 है और आप नई कार खरीदने की सोच रहे हैं, तो सिर्फ बैंक से मिलने वाले लोन पर भरोसा करना भारी पड़ सकता है। खासकर जब पहले से होम लोन चल रहा हो। जानिए एक्सपर्ट के मुताबिक कितनी EMI रखना सही रहेगा और किन खर्चों का ध्यान रखना जरूरी है।

In Short
- ₹80,000 की मासिक सैलरी पर कार खरीदने से पहले मौजूदा EMI और घर के खर्चों का हिसाब लगाना जरूरी।
- एक्सपर्ट के मुताबिक, कुल मासिक EMI टेक-होम सैलरी के 30 से 40 फीसदी के आसपास रखना बेहतर हो सकता है।
- ज्यादा डाउन पेमेंट से EMI और ब्याज कम हो सकता है, लेकिन इसके लिए अपनी पूरी बचत खर्च करना सही नहीं है।
अगर आपकी हर महीने की सैलरी ₹80,000 है और आप नई कार खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो सबसे पहले अपना बजट समझना जरूरी है। कार खरीदते समय सिर्फ यह देखना सही नहीं है कि बैंक आपको कितना लोन देने को तैयार है। आपकी मौजूदा EMI, घर का खर्च और हर महीने होने वाली बचत भी काफी मायने रखती है। खासकर अगर आप पहले से होम लोन चुका रहे हैं, तो कार की EMI तय करते समय ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए।
कैप्री लोन्स कार प्लेटफॉर्म प्राइवेट लिमिटेड के चीफ बिजनेस ऑफिसर अमित सेतिया ने बताया कि कार का बजट हमेशा अपनी आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखकर तय करना चाहिए।
₹80,000 की सैलरी पर कितनी होनी चाहिए EMI?
अमित सेतिया के मुताबिक, आमतौर पर आपकी कुल मासिक EMI टेक-होम सैलरी के 30 से 40 फीसदी के आसपास रखी जा सकती है। हालांकि, यह आपकी आर्थिक स्थिति पर निर्भर करता है।
मान लीजिए आपकी हर महीने हाथ में आने वाली सैलरी ₹80,000 है। ऐसे में सभी लोन की कुल EMI ₹24,000 से ₹32,000 के बीच हो सकती है।
अब अगर आप पहले से ₹20,000 की होम लोन EMI चुका रहे हैं, तो कार लोन की EMI के लिए सिर्फ ₹4,000 से ₹12,000 तक की गुंजाइश बचती है।
लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि आपको ₹12,000 की EMI पर कार खरीद ही लेनी चाहिए। घर के खर्च, बच्चों की पढ़ाई और बचत को भी ध्यान में रखना जरूरी है।
सिर्फ EMI नहीं, कार के दूसरे खर्च भी समझें
कार खरीदने का खर्च सिर्फ उसकी EMI तक सीमित नहीं होता। पेट्रोल या डीजल, इंश्योरेंस, सर्विसिंग और मेंटेनेंस पर भी नियमित पैसे खर्च होते हैं।
इसके अलावा अचानक किसी मरम्मत की जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ सकता है।
अमित सेतिया का कहना है कि कार खरीदने से पहले इन सभी खर्चों का हिसाब लगाना चाहिए। सिर्फ बैंक से मिलने वाले अधिकतम लोन के आधार पर कार का बजट तय करना सही नहीं है।
ज्यादा डाउन पेमेंट करना कितना फायदेमंद?
कार खरीदते समय ज्यादा डाउन पेमेंट करने से लोन की रकम कम हो जाती है। इससे हर महीने की EMI और कुल ब्याज का बोझ भी घट सकता है।
हालांकि, डाउन पेमेंट बढ़ाने के चक्कर में अपनी पूरी बचत खर्च करना समझदारी नहीं है।
अगर आपके पास इमरजेंसी के लिए पर्याप्त पैसे हैं और आमदनी स्थिर है, तो ज्यादा डाउन पेमेंट पर विचार किया जा सकता है। लेकिन भविष्य के जरूरी खर्चों के लिए बचत बनाए रखना भी जरूरी है।
कार खरीदने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
अमित सेतिया के मुताबिक, सही कार बजट वही है जिसमें आप बिना आर्थिक दबाव के EMI चुका सकें, नियमित बचत जारी रख सकें और अचानक आने वाले खर्चों को भी संभाल सकें।
इसलिए शोरूम जाने से पहले अपनी सैलरी, मौजूदा लोन, घर के खर्च और बचत का पूरा हिसाब जरूर लगा लें।