UPI यूजर्स के लिए खुशखबरी! अब पेमेंट कन्फर्मेशन मिलेगा दोगुनी तेजी से, जारी हुई नई गाइडलाइन्स

UPI यूजर्स के लिए बड़ा अपडेट आया है। NPCI ने नया गाइडलाइन्स जारी किया है। इस गाइडलाइन्स के अनुसार अब यूपीआई ट्रांजैक्शन फास्ट होगा।

Advertisement
UPI

By Priyanka Kumari:

अगर आप भी UPI से पेमेंट करते हैं तो आपके लिए एक अच्छी खबर है। अब UPI ट्रांजैक्शन पहले से ज्यादा तेज और भरोसेमंद होंगे। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने UPI को और ज्यादा स्मूद और फास्ट बनाने के लिए नए नियम लागू किए हैं।

15 सेकंड में होगा पेमेंट कन्फर्म

पहले किसी भी UPI पेमेंट को पूरा होने में लगभग 30 सेकंड तक का समय लग सकता था। लेकिन अब NPCI के नए नियमों के मुताबिक, यह समय घटाकर लगभग 15 सेकंड कर दिया गया है। यानी अब जब आप PhonePe, Google Pay, Paytm या किसी भी UPI ऐप से पेमेंट करेंगे, तो उसका कन्फर्मेशन आपको पहले से दोगुनी तेजी से मिलेगा।

फेल ट्रांजैक्शन की जानकारी भी मिलेगी जल्दी

अगर किसी कारण से आपका पेमेंट फेल हो जाता है या अटक जाता है तो अब आपको उसके स्टेटस का इंतजार भी कम करना पड़ेगा। पहले ट्रांजैक्शन फेल होने या रिवर्स होने में 30 सेकंड या उससे ज्यादा लग जाते थे। अब यह समय घटाकर सिर्फ 10 सेकंड कर दिया गया है। यानी अब आपको जल्दी पता चल जाएगा कि पेमेंट हुआ है या नहीं।

मान लीजिए आप किसी दुकान पर ₹500 का पेमेंट करते हैं। पहले QR कोड स्कैन करने से लेकर पेमेंट कन्फर्मेशन मिलने तक 30 सेकंड लगते थे। अब वही काम 15 सेकंड में हो जाएगा। इससे लाइन में इंतजार, दोबारा पेमेंट करने की झंझट और तनाव सब कम होंगे।

फेल पेमेंट अब खुद-ब-खुद होंगे रिजेक्ट

अगर कोई पेमेंट नेटवर्क या तकनीकी गड़बड़ी की वजह से UPI सिस्टम तक पहुंच ही नहीं पाता, तो उसे अब ऑटोमैटिकली “फेल” माना जाएगा। पहले ऐसे मामलों में ऐप्स कई बार सिस्टम को चेक करते रहते थे, जिससे समय और संसाधन दोनों की बर्बादी होती थी।

ट्रांजैक्शन स्टेटस चेकिंग में भी तेजी

पहले बैंक या ऐप को किसी अटके हुए ट्रांजैक्शन की स्थिति जानने के लिए 90 सेकंड तक इंतजार करना होता था। अब वे 45 से 60 सेकंड में ही स्टेटस चेक कर सकते हैं। इसके अलावा, NPCI ने यह भी साफ किया है कि हर बैंक या पेमेंट ऐप दो घंटे के अंदर तीन बार तक ट्रांजैक्शन का स्टेटस चेक कर सकता है।

आपके लिए क्या बदलेगा?

इस बदलाव का सबसे बड़ा फायदा यही है कि अब आपका डिजिटल पेमेंट एक्सपीरियंस और भी तेज, सरल और भरोसेमंद हो जाएगा। चाहे आप दोस्त को पैसे भेज रहे हों या दुकान पर सब्जी खरीद रहे हों अब आपको ट्रांजैक्शन कन्फर्मेशन के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। अगर कोई दिक्कत भी होगी तो जल्दी पता चल जाएगा।

Read more!
Advertisement