यूपी में महिलाओं को मिल सकते हैं 50 हजार रुपये, चुनाव से पहले ₹20 हजार देने की तैयारी
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं के लिए बड़ी आर्थिक सहायता योजना लाने की तैयारी की चर्चा है। प्रस्ताव के मुताबिक पात्र महिलाओं को कुल 50 हजार रुपये तक मिल सकते हैं। चुनाव से पहले 20 हजार रुपये की पहली किस्त देने पर विचार चल रहा है। योजना पर अंतिम फैसला अभी बाकी है।

In Short
- यूपी में महिलाओं को 50 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता देने की योजना पर विचार चल रहा है।
- प्रस्ताव के मुताबिक चुनाव से पहले पात्र महिलाओं को 20 हजार रुपये की पहली किस्त मिल सकती है।
- योजना में आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को प्राथमिकता मिल सकती है।
UP Women Scheme: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं के लिए एक नई आर्थिक सहायता योजना लाने की तैयारी की चर्चा है। प्रस्तावित योजना के तहत पात्र महिलाओं को कुल 50 हजार रुपये तक की मदद दी जा सकती है। हालांकि अभी इस योजना पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है और इसके प्रारूप पर विचार किया जा रहा है।
चुनाव से पहले मिल सकते हैं 20 हजार रुपये
सूत्रों के मुताबिक, योजना के प्रस्ताव में चुनाव से पहले पात्र महिलाओं को 20 हजार रुपये की पहली किस्त देने पर विचार किया जा रहा है। इसके बाद अगर भाजपा की सरकार बनती है तो 10-10 हजार रुपये की तीन और किस्तें दी जा सकती हैं। इस तरह कुल सहायता राशि 50 हजार रुपये तक पहुंच सकती है।
फिलहाल यह प्रस्ताव विचाराधीन है। सरकार की तरफ से योजना की आधिकारिक घोषणा होने के बाद ही भुगतान और दूसरी शर्तों की पूरी जानकारी साफ होगी।
किन महिलाओं को मिल सकता है फायदा?
प्रस्तावित योजना में आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को प्राथमिकता मिलने की संभावना है। चर्चा है कि SC, ST, BPL और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं को इसमें शामिल किया जा सकता है।
इसके अलावा ऐसे परिवारों की महिलाओं को भी योजना का लाभ देने पर विचार हो रहा है, जिनकी सालाना आय 12 लाख रुपये तक है। हालांकि आय सीमा और बाकी पात्रता की शर्तें अभी तय नहीं हुई हैं।
स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर
इस योजना का मकसद महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि उन्हें स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ना भी बताया जा रहा है। महिला कल्याण विभाग के स्तर पर प्रस्ताव तैयार किए जाने की चर्चा है।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: ₹25 लाख का हेल्थ कवर फिर भी ₹12 लाख के बिल पर मिले सिर्फ ₹5 लाख? समझें कहां कट सकता है क्लेम
उत्तर प्रदेश में पहले से ही स्वयं सहायता समूहों के जरिए महिलाओं को रोजगार से जोड़ा जा रहा है। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत करीब 10-10 महिलाओं के समूह बनाए जाते हैं। आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में करीब 98.76 लाख महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं।
दूसरी महिला योजनाओं से भी हो रही तुलना
यूपी की संभावित योजना को बिहार की मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना, मध्य प्रदेश की लाड़ली बहना योजना, महाराष्ट्र की मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिण योजना और हरियाणा की दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के संदर्भ में भी देखा जा रहा है।
इन योजनाओं में महिलाओं को सीधे आर्थिक मदद देने का मॉडल अपनाया गया है। ऐसे में यूपी में भी चुनाव से पहले महिला मतदाताओं पर फोकस बढ़ने की चर्चा है।
क्या हर महिला को मिलेंगे 50 हजार?
अभी यह कहना सही नहीं होगा कि उत्तर प्रदेश की हर महिला को 50 हजार रुपये मिलेंगे। योजना अभी प्रस्ताव के स्तर पर है। लाभार्थियों की संख्या, आय सीमा, सामाजिक श्रेणी और दूसरी पात्रता शर्तों पर अंतिम फैसला सरकार करेगी। आधिकारिक घोषणा के बाद ही साफ होगा कि किसे कितनी रकम और कब मिलेगी।