ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों को लगेगा झटका! चालान कटने पर महंगा हो सकता है कार और बाइक का इंश्योरेंस

कार और बाइक मालिकों के लिए मोटर इंश्योरेंस से जुड़े नियमों में बड़े बदलाव की तैयारी चल रही है। सरकार ऐसे प्रस्तावों पर विचार कर रही है, जिनका सीधा असर गाड़ी मालिकों की जेब पर पड़ सकता है। जानिए क्या है सरकार की नई योजना और किन लोगों की बढ़ सकती हैं मुश्किलें।

Advertisement
AI Generated Image

In Short

  • ट्रैफिक चालान के रिकॉर्ड से जुड़ सकता है मोटर इंश्योरेंस प्रीमियम।
  • कार के लिए 4 और बाइक के लिए 6 साल की इंश्योरेंस पॉलिसी देने पर विचार।
  • बिना वैध इंश्योरेंस वाली गाड़ियों को पेट्रोल-डीजल नहीं देने की योजना।

By Urvashi Raghav:

अगर आप कार या बाइक चलाते हैं तो ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करना आने वाले दिनों में आपकी जेब पर और भारी पड़ सकता है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय मोटर इंश्योरेंस के प्रीमियम को ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन से जोड़ने की तैयारी कर रहा है। अगर यह प्रस्ताव लागू होता है तो बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले लोगों को इंश्योरेंस के लिए ज्यादा पैसे चुकाने पड़ सकते हैं। इसके अलावा सरकार लंबे समय के लिए एकमुश्त इंश्योरेंस प्रीमियम के विकल्प पर भी विचार कर रही है।

चालान के रिकॉर्ड से तय हो सकता है इंश्योरेंस प्रीमियम

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंत्रालय पिछले एक साल के दौरान गाड़ी मालिकों के खिलाफ दर्ज ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन को मोटर इंश्योरेंस प्रीमियम से जोड़ने की योजना पर काम कर रहा है। ऐसे में बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले लोगों को इंश्योरेंस रिन्यू कराते समय ज्यादा प्रीमियम देना पड़ सकता है।

हालांकि, अभी यह तय नहीं हुआ है कि किन नियमों के उल्लंघन पर प्रीमियम बढ़ाया जाएगा, प्रीमियम में कितनी बढ़ोतरी होगी और इंश्योरेंस कंपनियों के साथ चालान का डेटा कैसे साझा किया जाएगा।

नियमों का पालन करने वालों को मिल सकता है फायदा

इस कदम का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना और लोगों को रेड लाइट जंप करने, तेज रफ्तार में गाड़ी चलाने और बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के गाड़ी चलाने से रोकना है। वहीं, ट्रैफिक नियमों का पालन करने वाले लोगों को कम इंश्योरेंस प्रीमियम का फायदा भी मिल सकता है।

कार के लिए 4 और बाइक के लिए 6 साल का इंश्योरेंस

मंत्रालय लंबे समय की मोटर इंश्योरेंस पॉलिसी के लिए एकमुश्त प्रीमियम भुगतान की योजना पर भी विचार कर रहा है। इसके तहत कार मालिक एक बार प्रीमियम देकर चार साल और दोपहिया गाड़ी मालिक छह साल की इंश्योरेंस पॉलिसी ले सकेंगे।

इससे हर साल इंश्योरेंस रिन्यू कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सरकार का उद्देश्य सड़कों पर बिना इंश्योरेंस के चलने वाली गाड़ियों की संख्या कम करना है।

बिना इंश्योरेंस के नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल?

सरकार 'नो इंश्योरेंस, नो फ्यूल' योजना पर भी विचार कर रही है। सड़क सुरक्षा पर सुप्रीम कोर्ट की समिति ने सड़क परिवहन और पेट्रोलियम मंत्रालयों से हरियाणा और उत्तर प्रदेश के पांच-पांच पेट्रोल पंपों पर इसका पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने को कहा है।

इसके तहत ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन कैमरों की मदद से गाड़ियों के इंश्योरेंस की वैधता जांची जाएगी।

गाड़ी मालिकों पर क्या होगा असर?

फिलहाल ये सभी प्रस्ताव हैं और इन्हें नियम के तौर पर लागू नहीं किया गया है। ऐसे में गाड़ी मालिकों को अपनी मौजूदा इंश्योरेंस पॉलिसी में तत्काल कोई बदलाव करने की जरूरत नहीं है। हालांकि, भविष्य में ट्रैफिक चालान, इंश्योरेंस प्रीमियम और पेट्रोल-डीजल की खरीद एक-दूसरे से जुड़ सकती है।

Read more!
Advertisement