SBI vs Small Finance Bank FD: ₹5 लाख की जमा पर जानिए, कहां मिलेगा ज्यादा रिटर्न?
FD में निवेश करने वाले लोगों के लिए बैंक चुनना अब ज्यादा महत्वपूर्ण हो गया है। SBI जहां 6.45% तक ब्याज दे रहा है, वहीं कुछ स्मॉल फाइनेंस बैंक 8.10% तक की दर ऑफर कर रहे हैं। ₹5 लाख की जमा पर ब्याज का अंतर हजारों रुपये तक पहुंच सकता है।

In Short
- SBI की तुलना में सूर्योदय और उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक दे रहे हैं 8.10% तक FD ब्याज
- ₹5 लाख की जमा पर ज्यादा ब्याज दर से सालाना करीब ₹8,250 तक का अंतर
- FD में निवेश से पहले ब्याज दर के साथ बैंक की स्थिति और नियमों को समझना जरूरी
FD Rates: जो लोग अपनी बचत को सुरक्षित जगह लगाकर तय ब्याज पाना चाहते हैं, उनके लिए फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) एक अच्छा विकल्प माना जाता है। लेकिन हर बैंक की FD पर मिलने वाली ब्याज दर अलग-अलग होती है।
11 अगस्त तक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) सामान्य ग्राहकों को सबसे ज्यादा 6.45% ब्याज दे रहा था। वहीं सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक और उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक कुछ खास अवधि की FD पर 8.10% तक ब्याज दे रहे थे।
ये खबर पढ़ना न भूलें: EPFO Pension Alert: इस गलती से रुक सकती है पेंशन, जानिए फिर से शुरू करने का तरीका
अगर कोई व्यक्ति ₹5 लाख की FD कराता है तो ब्याज दर का यह अंतर साफ नजर आता है। SBI की 6.45% दर से सालाना करीब ₹32,250 ब्याज मिलेगा। वहीं 8.10% ब्याज देने वाले सूर्योदय और उत्कर्ष बैंक में यही रकम करीब ₹40,500 तक पहुंच सकती है। यानी छोटे बैंकों में निवेश करने पर करीब ₹8,250 ज्यादा ब्याज मिल सकता है।
अलग-अलग अवधि के लिए मिल रही है ज्यादा ब्याज दर
SBI की सबसे ज्यादा FD दर 444 दिनों की जमा पर मिल रही है। दूसरी तरफ सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक 30 महीने की FD और उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक 666 दिनों की FD पर 8.10% ब्याज दे रहे हैं।
हालांकि, यहां ध्यान रखने वाली बात यह है कि यह तुलना सालाना ब्याज दर के हिसाब से की गई है। अलग-अलग अवधि की FD होने के कारण आखिर में मिलने वाली कुल रकम बैंक के ब्याज जोड़ने के तरीके और भुगतान नियमों पर निर्भर करेगी।
ज्यादा ब्याज देखकर ही फैसला न लें
FD में ज्यादा ब्याज मिलना अच्छा लग सकता है, लेकिन सिर्फ ब्याज दर देखकर निवेश का फैसला नहीं करना चाहिए। SBI एक बड़ा सरकारी बैंक है, जबकि सूर्योदय और उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक की श्रेणी में आते हैं।
छोटे फाइनेंस बैंक ज्यादा ब्याज इसलिए देते हैं क्योंकि उनका काम करने का तरीका और पैसों की जरूरतें बड़े बैंकों से अलग होती हैं। इसलिए निवेश करने से पहले बैंक की स्थिति, पैसे की जरूरत और FD की अवधि जरूर देखनी चाहिए।
₹5 लाख तक की जमा पर मिलता है बीमा
बैंक में जमा पैसे पर DICGC के नियमों के तहत बीमा सुविधा मिलती है। इसके अनुसार एक बैंक में एक ग्राहक की कुल ₹5 लाख तक की जमा राशि (मूलधन और ब्याज सहित) सुरक्षित रहती है।
अगर किसी के पास इससे ज्यादा पैसा है तो पूरी रकम एक ही बैंक में रखने के बजाय अलग-अलग बैंकों में जमा करने पर विचार किया जा सकता है।
वरिष्ठ नागरिकों को मिल रहा है ज्यादा ब्याज
वरिष्ठ नागरिकों के लिए FD की ब्याज दरों में अंतर और ज्यादा है। SBI वरिष्ठ नागरिकों को अधिकतम 7.05% ब्याज दे रहा है। वहीं सूर्योदय और उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक 8.25% तक और शिलाविक व यूनिटी स्मॉल फाइनेंस बैंक कुछ अवधि पर 8.50% तक ब्याज दे रहे हैं।
इसलिए ₹5 लाख निवेश करने वालों को सिर्फ ज्यादा ब्याज के पीछे नहीं भागना चाहिए। FD कराने से पहले अवधि, समय से पहले पैसा निकालने के नियम, ब्याज मिलने का तरीका, बीमा कवर और बैंक की स्थिति को समझना जरूरी है।