पुरानी कार नहीं है तो भी नई कार पर बचेंगे हजारों, ऐसे करें खरीदारी- टैक्स भी बचेगा
नई कार खरीदने वालों के लिए सीओडी फायदे का सौदा साबित हो सकता है। खास बात है कि इसके लिए आपके पास स्क्रैप कराने वाली पुरानी गाड़ी होना जरूरी नहीं है। सीओडी खरीदकर रजिस्ट्रेशन, टैक्स और दूसरे फायदे मिल सकते हैं। हालांकि, वास्तविक बचत कई बातों पर निर्भर करेगी।

In Short
- पुरानी गाड़ी नहीं होने पर भी खरीदा जा सकता है सीओडी
- सीओडी से रजिस्ट्रेशन फीस और मोटर व्हीकल टैक्स में मिल सकती है राहत
- कितनी बचत होगी, यह राज्य, गाड़ी और मैन्युफैक्चरर पर करेगा निर्भर
नई कार खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन आपके पास स्क्रैप करने के लिए कोई पुरानी गाड़ी नहीं है? ऐसे खरीदार भी सर्टिफिकेट ऑफ डिपॉजिट यानी CoD खरीदकर नई गाड़ी पर मिलने वाले कुछ फायदों का लाभ उठा सकते हैं। सीओडी की मदद से रजिस्ट्रेशन फीस में छूट, मोटर व्हीकल टैक्स में रियायत और कार कंपनी की ओर से मिलने वाला डिस्काउंट मिल सकता है। हालांकि, वास्तविक फायदा राज्य, गाड़ी और कंपनी के हिसाब से अलग-अलग हो सकता है।
क्या होता है CoD?
जब कोई पुरानी और योग्य गाड़ी रजिस्टर्ड व्हीकल स्क्रैपिंग फैसिलिटी यानी RVSF में स्क्रैप कराई जाती है, तो उसके बदले सर्टिफिकेट ऑफ डिपॉजिट यानी CoD जारी किया जाता है। खास बात यह है कि इस सर्टिफिकेट को किसी दूसरे व्यक्ति को ट्रांसफर किया जा सकता है। इसके बाद नया खरीदार इसका इस्तेमाल नई गाड़ी खरीदते समय लागू फायदे लेने के लिए कर सकता है।
सीओडी की खरीद-बिक्री के लिए औपचारिक DigiELV प्लेटफॉर्म मौजूद है। इसके अलावा डीलर्स और अनौपचारिक नेटवर्क के जरिए भी इनकी खरीद-बिक्री हो रही है।
सीओडी से क्या-क्या फायदे मिल सकते हैं?
केंद्र के व्हीकल स्क्रैपेज फ्रेमवर्क के तहत सीओडी रखने वाले व्यक्ति को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट, मोटर व्हीकल टैक्स में रियायत और मैन्युफैक्चरर की तरफ से डिस्काउंट मिल सकता है।
मोटर व्हीकल टैक्स में नॉन-ट्रांसपोर्ट व्हीकल के लिए 25% तक और ट्रांसपोर्ट व्हीकल के लिए 15% तक की रियायत मिल सकती है। हालांकि, यह संबंधित राज्य के नियमों पर निर्भर करता है। DigiELV प्लेटफॉर्म VAHAN सिस्टम से जुड़ा है और यहां वैध सीओडी को बेचा और खरीदा जा सकता है।
₹10 लाख की कार पर कैसे होगी बचत?
मान लीजिए आप ₹10 लाख की कार खरीद रहे हैं और ₹10,000 में एक सीओडी खरीदते हैं। अगर इससे रजिस्ट्रेशन फीस में ₹1,000, मोटर व्हीकल टैक्स में ₹20,000 और मैन्युफैक्चरर डिस्काउंट के रूप में ₹15,000 की बचत होती है, तो कुल फायदा ₹36,000 होगा।
सीओडी खरीदने में खर्च किए गए ₹10,000 घटाने के बाद आपकी नेट बचत ₹26,000 रह जाएगी।
कितने में बिक रहे हैं सीओडी ?
नीति आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक, 1 सितंबर 2025 तक DigiELV पर 71,196 सीओडी ट्रेड दर्ज किए गए थे। इनमें से 69,390 ट्रेड लाइट मोटर व्हीकल और नॉन-ट्रांसपोर्ट व्हीकल के थे। इनकी औसत ट्रेड कीमत ₹10,814 थी। सभी कैटेगरी को मिलाकर सीओडी की औसत कीमत ₹10,634 रही।
एक कार डीलर ने Business Standard को बताया कि सीओडी से कार पर 10-12% तक डिस्काउंट मिल सकता है और ब्लैक मार्केट में यह सर्टिफिकेट ₹20,000 तक में बेचा जा रहा है।
हर राज्य में फायदा एक जैसा नहीं
2024 में पैसेंजर व्हीकल मार्केट के करीब 98% हिस्से को कवर करने वाली कंपनियां एक्स-शोरूम कीमत के 1.5% या अधिकतम ₹20,000 तक का डिस्काउंट देने पर सहमत हुई थीं। दोनों में से जो कम हो, वही लागू होना था। Mercedes-Benz ने ₹25,000 का डिस्काउंट ऑफर किया था।
हालांकि, नीति आयोग के मुताबिक टैक्स में मिलने वाली रियायत सभी राज्यों में एक जैसी नहीं है। इसलिए सीओडी खरीदने पर आखिर कितनी बचत होगी, यह राज्य, गाड़ी और मैन्युफैक्चरर पर निर्भर करेगा।