REITs और InvITs पर कैसे लगता है टैक्स? निवेशक भूलकर भी न करें टैक्स से जुड़ी ये दो बड़ी गलतियां

REITs और InvITs के जरिए नियमित कमाई करने का चलन निवेशकों के बीच बढ़ रहा है। हालांकि, टैक्स से जुड़े नियमों की सही जानकारी नहीं होने से निवेशकों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। टैक्स एक्सपर्ट अंकित जैन ने बताया कि निवेशक किन गलतियों की वजह से परेशानी में पड़ सकते हैं।

Advertisement

In Short

  • एडवांस टैक्स नहीं चुकाना निवेशकों की बड़ी गलतियों में से एक
  • REITs और InvITs से मिलने वाली पूरी रकम पर नहीं लगता टैक्स
  • निवेश से पहले टैक्स चुकाने के बाद मिलने वाले रिटर्न की गणना जरूरी

By Gungun Mishra:

REITs और InvITs के जरिए नियमित कमाई करने वाले निवेशकों को टैक्स से जुड़ी कुछ गलतियां भारी पड़ सकती हैं। बिजनेस टुडे के शो में सीनियर एंकर साक्षी बत्रा के सवालों का जवाब देते हुए Ved Jain & Associates के पार्टनर अंकित जैन ने कहा कि टैक्स से जुड़ी गलतियों की वजह से न सिर्फ निवेशकों का रिटर्न कम हो सकता है, बल्कि वे टैक्स विभाग की जांच के दायरे में भी आ सकते हैं। रिटेल निवेशकों के बीच REITs और InvITs की लोकप्रियता बढ़ रही है, लेकिन अभी भी कई निवेशकों को हर तिमाही मिलने वाली रकम पर टैक्स की गणना करने की सही जानकारी नहीं है।

एडवांस टैक्स नहीं चुकाना बड़ी गलती

अंकित जैन के मुताबिक, निवेशकों की सबसे आम गलतियों में से एक एडवांस टैक्स का भुगतान नहीं करना है। कई निवेशकों को लगता है कि उनकी कमाई पर पहले ही TDS काट लिया गया है, इसलिए उन्हें अलग से टैक्स चुकाने की जरूरत नहीं है। इसी वजह से वे एडवांस टैक्स की गणना करते समय REITs और InvITs से होने वाली कमाई को शामिल नहीं करते हैं।

हालांकि, TDS कटने के बाद भी निवेशकों को अपनी कुल टैक्स देनदारी की सही गणना करनी चाहिए और देखना चाहिए कि उन्हें अतिरिक्त एडवांस टैक्स चुकाने की जरूरत है या नहीं।

पूरी रकम को टैक्सेबल इनकम मानना गलत

अंकित जैन ने बताया कि निवेशकों की दूसरी बड़ी गलती REITs और InvITs से मिलने वाली पूरी रकम को टैक्सेबल इनकम मान लेना है। दरअसल, इनसे मिलने वाली रकम कई हिस्सों में बंटी होती है और सभी पर टैक्स के नियम एक जैसे नहीं होते हैं।

इसे एक उदाहरण से समझें तो अगर किसी निवेशक को REIT से 10,000 रुपये मिलते हैं, तो इसमें से 4,000 रुपये मूलधन की वापसी के तौर पर हो सकते हैं, जो टैक्स के दायरे से बाहर हो सकते हैं। बाकी 6,000 रुपये में कुछ हिस्सा टैक्स छूट वाले डिविडेंड का हो सकता है। वहीं, ब्याज के तौर पर मिलने वाली रकम पर टैक्स लग सकता है।

इन दस्तावेजों को देखना जरूरी

REITs और InvITs से निवेशकों को ब्याज, डिविडेंड, कैपिटल गेन्स और मूलधन की वापसी के तौर पर रकम मिल सकती है। इन सभी पर टैक्स के नियम अलग-अलग हो सकते हैं। ऐसे में सही इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल करने के लिए निवेशकों को हर तिमाही मिलने वाले डिस्ट्रीब्यूशन स्टेटमेंट और सालाना टैक्स समरी को ध्यान से देखना चाहिए।

सिर्फ ज्यादा रिटर्न देखकर न करें निवेश

निवेशकों को फिक्स्ड इनकम प्रोडक्ट्स, डिविडेंड देने वाले शेयरों और REITs या InvITs की तुलना करते समय सिर्फ मिलने वाले रिटर्न पर ध्यान नहीं देना चाहिए। उन्हें यह भी देखना चाहिए कि टैक्स चुकाने के बाद उनके हाथ में कितनी रकम बचेगी। नियमित कमाई चाहने वाले निवेशकों के लिए टैक्स के नियमों की सही समझ बेहतर निवेश करने और टैक्स संबंधी गलतियों से बचने में मदद कर सकती है।

Read more!
Advertisement