RBI MPC Meet 2025: तीसरी बार RBI का बड़ा तोहफा, अब हर महीने बचेंगे ₹2000; जानिए कैसे?

Repo Rate Cut: आरबीआई ने लगातार तीसरी बार रेपो रेट में कटौती की है। अब रेपो रेट 5.50 फीसदी है।

Advertisement
With this, home loan rates are expected to go down, providing a relief to homebuyers.
With this, home loan rates are expected to go down, providing a relief to homebuyers.

By Priyanka Kumari:

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने एक बार फिर आम लोगों को बड़ी राहत दी है। आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक के बाद रेपो रेट (Repo Rate) में 0.50% यानी 50 बेसिस पॉइंट की कटौती की गई है। इस कटौती के बाद अब रेपो रेट घटकर 5.50% हो गया है, जो 6% से नीचे आ गया है। यह लगातार तीसरी बार है जब रेपो रेट में कमी की गई है, जिससे लोन लेने वाले ग्राहकों को बड़ी राहत मिलेगी।

आरबीआई की यह तीसरी कटौती है। फरवरी और अप्रैल 2025 की MPC बैठकों में भी रेपो रेट को 6.50% से घटाकर 6.25% और फिर 6% किया गया था। अब जून में तीसरी कटौती के बाद यह 5.50% पर आ गया है। इसका सबसे बड़ा फायदा उन लोगों को होगा जो होम लोन, पर्सनल लोन या व्हीकल लोन की EMI भरते हैं, क्योंकि अब उनकी मासिक किस्तें घटेंगी।

आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने जानकारी दी कि सिर्फ रेपो रेट ही नहीं, बल्कि SDF रेट को भी 5.75% से घटाकर 5.25% और MSF रेट को 6.25% से घटाकर 5.75% कर दिया गया है। इसके अलावा आरबीआई ने महंगाई के अनुमान को भी घटाया है। पहले यह 4% था, जिसे अब FY26 के लिए 3.7% कर दिया गया है।

आपको बता दें कि रेपो रेट वह दर होती है जिस पर रिजर्व बैंक बाकी बैंकों को पैसा उधार देता है। जब यह दर घटती है, तो बैंक भी सस्ता लोन देना शुरू कर देते हैं। इसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ता है, क्योंकि इससे उनकी EMI कम हो जाती है। इसके अलावा रेपो रेट का इस्तेमाल सरकार महंगाई (Inflation) को काबू में करने के लिए भी करती है।

अगर आपने किसी बैंक से ₹50 लाख का होम लोन 30 सालों के लिए लिया है और ब्याज दर 9% है, तो आपकी मासिक EMI करीब ₹40,231 होती है। लेकिन रेपो रेट में 0.50% की कटौती के बाद यही EMI घटकर ₹38,446 हो जाएगी। यानी आपकी जेब से हर महीने करीब ₹1,800-₹2,000 कम पैसा जाएगा।

ग्लोबल मार्केट में अनिश्चितता बनी हुई है और महंगाई के दबाव को देखते हुए यह माना जा रहा है कि अगर परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो RBI आगे भी रेपो रेट में कटौती कर सकता है। फिलहाल, लोन लेने वालों के लिए यह समय अच्छा है क्योंकि ब्याज दरें लगातार कम हो रही हैं।

Read more!
Advertisement