25 साल नौकरी पर मिलेगी पूरी पेंशन, जानिए 10 और 20 साल सर्विस करने वालों के लिए UPS में क्या है नियम

रेलवे कर्मचारियों के लिए UPS पेंशन को लेकर नए नियमों में कई बातें साफ हुई हैं। सर्विस के साल और आखिरी औसत बेसिक पे के आधार पर पेंशन तय होगी। 10, 20 और 25 साल की नौकरी करने वाले कर्मचारियों को कितना लाभ मिल सकता है, जानिए इस रिपोर्ट में।

Advertisement

In Short

  • UPS में 25 साल की क्वालिफाइंग सर्विस पूरी करने पर कर्मचारी को औसत बेसिक पे का 50% तक सुनिश्चित पेंशन मिल सकती है।
  • 10 साल की सर्विस पूरी करने वाले योग्य रेलवे कर्मचारियों के लिए न्यूनतम ₹10,000 प्रति महीने की सुनिश्चित पेंशन का प्रावधान है।
  • 20 साल बाद VRS लेने वाले कर्मचारियों के लिए पेंशन भुगतान सुपरएनुएशन की तारीख से शुरू होगा।

By Gungun Mishra:

रेलवे कर्मचारियों के लिए यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) के तहत पेंशन से जुड़े नियमों को लेकर स्थिति साफ हो गई है। रेल मंत्रालय ने 23 सितंबर 2026 को UPS नियमों को नोटिफाई किया है। यह स्कीम नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) के तहत आने वाले रेलवे कर्मचारियों पर लागू होगी।

यूपीएस में कर्मचारियों को उनकी क्वालिफाइंग सर्विस और औसत बेसिक पे के आधार पर सुनिश्चित पेंशन मिलेगी। इस योजना में 10 साल की सेवा पूरी करने वाले कर्मचारियों के लिए न्यूनतम पेंशन का प्रावधान है, जबकि 25 साल की सेवा पूरी करने पर कर्मचारी पूरी सुनिश्चित पेंशन के हकदार होंगे।

25 साल की नौकरी पर मिलेगी पूरी सुनिश्चित पेंशन

यूपीएस नियमों के अनुसार, अगर कोई कर्मचारी 25 साल की क्वालिफाइंग सर्विस पूरी करता है तो उसे रिटायरमेंट से पहले के 12 महीनों की औसत बेसिक पे का 50 फीसदी बतौर सुनिश्चित पेंशन मिल सकता है।

वहीं, जिन कर्मचारियों की सर्विस 10 साल से ज्यादा लेकिन 25 साल से कम है, उनकी पेंशन इसी फॉर्मूले के आधार पर अनुपात के हिसाब से कम होगी। हालांकि, 10 साल की क्वालिफाइंग सर्विस पूरी करने वाले योग्य कर्मचारियों के लिए न्यूनतम सुनिश्चित पेंशन ₹10,000 प्रति महीना रखी गई है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

10, 20 और 25 साल की नौकरी पर कितनी मिलेगी पेंशन?

मान लीजिए किसी कर्मचारी की रिटायरमेंट से पहले 12 महीनों की औसत बेसिक पे ₹60,000 है। ऐसे में 25 साल की सर्विस पूरी करने पर उसकी पूरी सुनिश्चित पेंशन ₹30,000 प्रति महीना होगी।

अगर सर्विस अवधि कम है तो पेंशन भी उसी अनुपात में कम होगी।

  • 10 साल की क्वालिफाइंग सर्विस: नियमों के अनुसार न्यूनतम सुनिश्चित पेंशन ₹10,000 प्रति महीना मिलेगी।
  • 20 साल की क्वालिफाइंग सर्विस: 20/25 × 50% × ₹60,000 के हिसाब से करीब ₹24,000 प्रति महीना।
  • 25 साल की क्वालिफाइंग सर्विस: 50% × ₹60,000 के हिसाब से ₹30,000 प्रति महीना।

हालांकि, वास्तविक पेंशन यूपीएस नियमों में तय शर्तों और अन्य प्रावधानों के आधार पर तय होगी।

20 साल बाद VRS लेने पर क्या होगा?

यूपीएस नियमों के तहत कर्मचारी 20 साल की क्वालिफाइंग सर्विस पूरी करने के बाद स्वैच्छिक रिटायरमेंट (VRS) ले सकते हैं। हालांकि, VRS लेने के तुरंत बाद सुनिश्चित पेंशन शुरू नहीं होगी।

ऐसे कर्मचारियों को सुनिश्चित पेंशन उस तारीख से मिलेगी, जिस दिन वे सामान्य स्थिति में सुपरएनुएशन यानी रिटायरमेंट की उम्र पूरी करते। पेंशन की राशि क्वालिफाइंग सर्विस और यूपीएस के अन्य नियमों के आधार पर तय होगी।

पेंशन के अलावा मिलेंगे दूसरे फायदे

यूपीएस में रिटायरमेंट के समय एकमुश्त राशि का भी प्रावधान है। यह राशि हर पूरी हुई छह महीने की क्वालिफाइंग सर्विस पर आखिरी बेसिक पे और महंगाई भत्ते (DA) के 1/10 हिस्से के आधार पर तय होगी।

इसके अलावा कर्मचारी अपने पेंशन कॉर्पस का अधिकतम 60 फीसदी तक अंतिम निकासी (Final Withdrawal) कर सकते हैं। हालांकि, ऐसी निकासी करने पर सुनिश्चित पेंशन में अनुपात के हिसाब से कमी आ सकती है।

यूपीएस के तहत पेंशन पाने वाले कर्मचारियों को महंगाई राहत (DR) का लाभ भी मिलेगा। यानी DR में बदलाव होने पर पेंशन राशि में भी संशोधन हो सकता है।

Read more!
Advertisement