FD पर ज्यादा रिटर्न चाहिए? जानिए किस बैंक की FD दे रही बेहतर रिटर्न
सरकारी बैंकों की 444 दिन की स्पेशल FD पर सामान्य नागरिकों को 6.45% से 6.75% तक ब्याज मिल रहा है। ₹20,000, ₹50,000 और ₹1 लाख की जमा राशि पर मिलने वाला रिटर्न बैंक की ब्याज दर के हिसाब से अलग होगा।

In Short
- सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया 444 दिन की FD पर सबसे ज्यादा 6.75% ब्याज दे रहा है
- PNB और IOB 6.60% जबकि केनरा बैंक 6.50% ब्याज दे रहे हैं
- SBI और बैंक ऑफ बड़ौदा 444 दिन की स्पेशल FD पर 6.45% ब्याज दे रहे हैं
सरकारी बैंकों की स्पेशल टेन्योर फिक्स्ड डिपॉजिट यानी FD उन निवेशकों के लिए एक विकल्प हो सकती है जो एक साल से थोड़ा ज्यादा समय के लिए तय रिटर्न चाहते हैं। कई सरकारी बैंक 444 दिन की FD पर सामान्य नागरिकों को 6.45% से 6.75% तक ब्याज दे रहे हैं। ब्याज दर में अंतर के कारण ₹20,000, ₹50,000 और ₹1 लाख की जमा राशि पर मिलने वाली मैच्योरिटी भी अलग होती है।
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया दे रहा सबसे ज्यादा ब्याज
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया 444 दिन की FD पर 6.75% ब्याज दे रहा है। ₹20,000 जमा करने पर करीब ₹1,697 ब्याज मिल सकता है और मैच्योरिटी राशि लगभग ₹21,697 हो सकती है।
₹50,000 पर करीब ₹4,242 ब्याज के साथ मैच्योरिटी लगभग ₹54,242 हो सकती है। वहीं ₹1 लाख की FD पर करीब ₹8,483 ब्याज मिल सकता है और कुल राशि लगभग ₹1,08,483 तक पहुंच सकती है।
PNB और IOB में 6.60% ब्याज
PNB और इंडियन ओवरसीज बैंक 444 दिन की FD पर 6.60% ब्याज दे रहे हैं। इस दर पर ₹20,000 पर करीब ₹1,658 ब्याज और लगभग ₹21,658 की मैच्योरिटी मिल सकती है।
₹50,000 की राशि लगभग ₹54,144 और ₹1 लाख की राशि लगभग ₹1,08,289 हो सकती है। PNB की यह दर 1 जून 2026 से और IOB की दर 15 मई 2026 से लागू है।
केनरा बैंक में कितना मिलेगा?
केनरा बैंक 444 दिन की FD पर 6.50% ब्याज दे रहा है। यह दर 17 मार्च 2026 से लागू है। ₹20,000 पर करीब ₹1,632 ब्याज के साथ लगभग ₹21,632 मिल सकते हैं।
₹50,000 की FD करीब ₹54,080 और ₹1 लाख की FD लगभग ₹1,08,159 तक पहुंच सकती है।
SBI और बैंक ऑफ बड़ौदा की दर
SBI और बैंक ऑफ बड़ौदा दोनों 444 दिन की स्पेशल FD पर 6.45% ब्याज दे रहे हैं। SBI यह दर अमृत वृष्टि स्कीम के तहत और बैंक ऑफ बड़ौदा BoB स्क्वायर ड्राइव डिपॉजिट स्कीम के तहत दे रहा है।
इस दर पर ₹20,000 की FD से करीब ₹1,619 ब्याज और लगभग ₹21,619 की मैच्योरिटी मिल सकती है। ₹50,000 करीब ₹54,047 और ₹1 लाख लगभग ₹1,08,094 हो सकता है।
ये गणनाएं तिमाही चक्रवृद्धि ब्याज के आधार पर हैं। वास्तविक मैच्योरिटी राशि बैंक की गणना पद्धति के अनुसार थोड़ी अलग हो सकती है। ये ब्याज दरें सामान्य नागरिकों के लिए हैं।