PLI की 6 पॉलिसी में किसे मिलेगा बोनस, लोन और मनी बैक? पैसा लगाने से पहले जान लें पूरी डिटेल

पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस में अलग-अलग जरूरतों के लिए कई पॉलिसी मौजूद हैं। किसी स्कीम में पूरी जिंदगी का कवर मिलता है, तो किसी में मनी बैक, जॉइंट लाइफ या बच्चों के लिए इंश्योरेंस का फायदा मिलता है। जानिए कौन-सी PLI पॉलिसी आपके काम आ सकती है।

Advertisement
AI Generated Image

In Short

  • PLI की अलग-अलग स्कीम में ₹20,000 से ₹50 लाख तक का लाइफ कवर मिलता है।
  • पॉलिसी के हिसाब से बोनस, लोन, सरेंडर, मनी बैक और मैच्योरिटी का फायदा दिया जाता है।
  • पति-पत्नी के लिए जॉइंट पॉलिसी और बच्चों के लिए ₹3 लाख तक का अलग इंश्योरेंस कवर भी मौजूद है।

By Gaurav Kumar:

PLI Schemes: पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस यानी PLI में लोगों की अलग-अलग जरूरतों के हिसाब से कई पॉलिसी दी जाती हैं। किसी पॉलिसी में पूरी जिंदगी का बीमा मिलता है, किसी में तय उम्र पर पैसा मिलता है, तो कुछ पॉलिसी पति-पत्नी और बच्चों के लिए बनाई गई हैं।

कुछ स्कीम में बीच-बीच में पैसा वापस मिलने का फायदा भी मिलता है। तो सबसे पहले जानते हैं कि सुरक्षा पॉलिसी में पूरी जिंदगी का कवर कैसे मिलता है?

पूरी जिंदगी का कवर देती है सुरक्षा पॉलिसी

  • Whole Life Assurance यानी सुरक्षा पॉलिसी में 80 साल की उम्र पूरी होने पर बीमा की तय रकम और जमा बोनस मिलता है।
  • पॉलिसी चलने के दौरान पॉलिसी लेने वाले की मौत हो जाती है, तो पूरी रकम परिवार, चुने गए व्यक्ति या कानूनी वारिस को दी जाती है।
  • इस पॉलिसी को 19 से 55 साल की उम्र के लोग ले सकते हैं।
  • इसमें ₹20,000 से ₹50 लाख तक का बीमा कवर चुना जा सकता है।
  • पॉलिसी लेने के चार साल बाद लोन लिया जा सकता है।
  • तीन साल बाद पॉलिसी बंद करने का विकल्प मिलता है, लेकिन पांच साल से पहले बंद करने पर बोनस नहीं मिलेगा।
  • प्रीमियम भरने की उम्र 55, 58 या 60 साल तक चुनी जा सकती है।
  • इस पॉलिसी को 59 साल की उम्र तक Endowment पॉलिसी में बदला जा सकता है।
  • इसमें आखिरी घोषित बोनस ₹1,000 की बीमा रकम पर ₹76 सालाना है।
  • लेकिन ऐसी कौन-सी PLI पॉलिसी है, जिसे पांच साल बाद दूसरी पॉलिसी में बदला जा सकता है?

पांच साल बाद बदल सकती है सुविधा पॉलिसी

कन्वर्टिबल होल लाइफ एश्योरेंस यानी सुविधा पॉलिसी को लेने के पांच साल बाद और छह साल पूरे होने से पहले एंडोमेंट पॉलिसी में बदला जा सकता है। तय समय में इसे नहीं बदलने पर यह होल लाइफ पॉलिसी के रूप में चलती रहती है। इस पॉलिसी को 19 से 50 साल की उम्र के लोग ले सकते हैं।

इसमें ₹20,000 से ₹50 लाख तक का बीमा कवर चुना जा सकता है। चार साल बाद लोन लेने और तीन साल बाद पॉलिसी बंद करने का ऑप्शन मिलता है। हालांकि पांच साल से पहले पॉलिसी बंद करने पर बोनस नहीं मिलेगा। होल लाइफ पॉलिसी बने रहने पर ₹1,000 की बीमा रकम पर ₹76 सालाना बोनस मिलता है।

एंडोमेंट पॉलिसी में बदलने के बाद उसी पॉलिसी के हिसाब से बोनस दिया जाएगा। लेकिन तय उम्र पर पूरी रकम और बोनस देने वाली संतोष स्कीम में क्या खास मिलता है?

ये खबर पढ़ना ना भूलें: 142 साल पुरानी सरकारी लाइफ इंश्योरेंस में अपडेट हुआ प्रीमियम भरने का तरीका! जानें कौन है इस बीमा के लिए पात्र

तय उम्र पर रकम देती है संतोष स्कीम

संतोष स्कीम में चुनी गई मैच्योरिटी एज पर बीमा की रकम और बोनस मिलता है। इसे 19 से 55 साल के लोग ले सकते हैं और कवर ₹20,000 से ₹50 लाख तक है। तीन साल बाद लोन और पॉलिसी बंद करने का ऑप्शन मिलता है।

बोनस ₹1,000 पर ₹52 सालाना है। लेकिन पति-पत्नी को एक साथ कवर देने वाली युगल सुरक्षा स्कीम में क्या मिलता है?

पति-पत्नी दोनों को कवर देती है युगल सुरक्षा

जॉइंट लाइफ एश्योरेंस यानी युगल सुरक्षा में पति-पत्नी दोनों को एक ही प्रीमियम में ₹20,000 से ₹50 लाख तक का कवर मिलता है। दोनों की उम्र 21 से 45 साल होनी चाहिए। पॉलिसी टर्म 5 से 20 साल तक है। तीन साल बाद लोन और पॉलिसी बंद करने का ऑप्शन मिलता है।

किसी एक की मौत होने पर रकम दूसरे साथी को दी जाती है। बोनस ₹1,000 पर ₹52 सालाना है। लेकिन बीच-बीच में पैसा देने वाली सुमंगल पॉलिसी कैसे काम करती है?

बीच-बीच में पैसा लौटाती है सुमंगल

एंटिसिपेटेड एंडोमेंट एश्योरेंस यानी सुमंगल एक मनी बैक पॉलिसी है। इसमें ₹50 लाख तक कवर मिलता है। 15 साल की पॉलिसी में छठे, नौवें और बारहवें साल 20-20 फीसदी रकम मिलती है। मैच्योरिटी पर 40 फीसदी रकम और बोनस दिया जाता है।

20 साल की पॉलिसी में आठवें, बारहवें और सोलहवें साल 20-20 फीसदी पैसा मिलता है। मौत होने पर पहले मिला मनी बैक नहीं घटता और पूरी बीमा रकम व बोनस दिया जाता है। बोनस ₹1,000 पर ₹48 सालाना है। लेकिन बच्चों के लिए बाल जीवन बीमा में क्या फायदा मिलता है?

बच्चों के लिए है बाल जीवन बीमा

बाल जीवन बीमा में 5 से 20 साल के अधिकतम दो बच्चों को कवर मिलता है। माता-पिता की उम्र 45 साल से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। कवर अधिकतम ₹3 लाख या माता-पिता की पॉलिसी के बराबर, जो कम हो, मिलता है।

माता-पिता की मौत के बाद प्रीमियम माफ हो जाता है और टर्म पूरा होने पर पूरी रकम व बोनस मिलता है। इसमें लोन और पॉलिसी बंद करने का ऑप्शन नहीं है। पांच साल बाद इसे पेड-अप किया जा सकता है। बोनस ₹1,000 पर ₹52 सालाना है। अब जानिए आपके लिए कौन-सी पीएलआई पॉलिसी सही हो सकती है?

Read more!
Advertisement