पोस्ट ऑफिस की धांसू स्कीम! 5 साल में सिर्फ ब्याज से मिलेंगे करीब ₹4.50 लाख, जानें कैसे

अगर आप पोस्ट ऑफिस की किसी सरकारी बचत योजना में पैसा लगाने की सोच रहे हैं, तो NSC आपके काम की हो सकती है। इसमें निवेश की शुरुआत छोटी रकम से की जा सकती है और 5 साल में ब्याज से अच्छी कमाई हो सकती है। समझें निवेश और रिटर्न का पूरा गणित।

Advertisement

In Short

  • NSC में सिर्फ ₹1,000 से निवेश की शुरुआत की जा सकती है
  • पोस्ट ऑफिस एनएससी पर फिलहाल 7.7 फीसदी सालाना ब्याज मिल रहा है
  • ₹10 लाख के निवेश पर 5 साल में करीब ₹4.49 लाख का ब्याज मिल सकता है

By Gungun Mishra:

पोस्ट ऑफिस की छोटी बचत योजनाएं उन लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हैं, जो अपने पैसे को बिना ज्यादा रिस्क वाली जगह पर निवेश करना चाहते हैं। इन्हीं योजनाओं में नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट यानी NSC भी शामिल है। इस स्कीम में सरकार फिलहाल 7.7 फीसदी सालाना ब्याज दे रही है। खास बात यह है कि इसमें ₹10 लाख का एकमुश्त निवेश करने पर 5 साल में सिर्फ ब्याज से करीब ₹4.49 लाख की कमाई हो सकती है। 

₹1,000 से शुरू कर सकते हैं निवेश

नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट पोस्ट ऑफिस की पॉपुलर स्मॉल सेविंग स्कीम है। इसमें निवेश की शुरुआत सिर्फ ₹1,000 से की जा सकती है। एनएससी में पैसा 5 साल के लिए निवेश किया जाता है। इसमें अधिकतम निवेश की कोई सीमा नहीं है। यानी निवेशक अपनी जरूरत और क्षमता के हिसाब से रकम लगा सकता है।

यह स्कीम खास तौर पर मध्यम वर्ग और रिटायरमेंट के लिए पैसे जोड़ने वाले लोगों के बीच पसंद की जाती है।

NSC पर मिल रहा 7.7% ब्याज

पोस्ट ऑफिस की सेविंग स्कीम्स की खासियत यह है कि इनमें किए गए निवेश पर सरकार की सुरक्षा मिलती है। एनएससी में भी निवेश की गई रकम पर सरकार की गारंटी होती है। इसके साथ ही इस योजना पर 7.7 फीसदी सालाना ब्याज दिया जा रहा है।

यही ब्याज लंबे समय में निवेश की रकम को बढ़ाने में मदद करता है। एनएससी की अवधि 5 साल की होती है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

कौन कर सकता है NSC में निवेश?

एनएससी का फायदा केवल भारतीय निवासी ले सकते हैं। NRI, कंपनियां, ट्रस्ट और HUF इस योजना का लाभ नहीं ले सकते। इसमें दो या तीन लोग मिलकर ज्वाइंट अकाउंट भी खोल सकते हैं। कोई वयस्क अपने नाम पर या नाबालिग के नाम पर भी इस योजना में निवेश कर सकता है।

टैक्स छूट का भी फायदा

एनएससी में निवेश करने पर टैक्स छूट का फायदा भी लिया जा सकता है। इनकम टैक्स एक्ट की धारा 80C के तहत इस योजना में निवेश करके सालाना ₹1.5 लाख तक टैक्स छूट का लाभ लिया जा सकता है।

₹10 लाख पर कैसे बनेंगे ₹14.49 लाख?

अगर कोई व्यक्ति एनएससी में ₹10 लाख का एकमुश्त निवेश करता है, तो 7.7 फीसदी सालाना ब्याज के हिसाब से 5 साल में उसे ₹4,49,034 का ब्याज मिलेगा। इस तरह मैच्योरिटी पर कुल रकम बढ़कर करीब ₹14,49,034 हो जाएगी।

दिए गए कैलकुलेशन के मुताबिक पहले साल में ब्याज ₹77,000 होगा। दूसरे साल तक ब्याज की रकम ₹1,59,929, तीसरे साल तक ₹2,49,044 और चौथे साल तक ₹3,45,620 हो जाएगी। पांचवें साल तक कुल ब्याज ₹4,49,034 पहुंच जाएगा। यानी ₹10 लाख के निवेश पर 5 साल बाद निवेशक को करीब ₹14.49 लाख मिलेंगे।

Read more!
Advertisement