PM Kisan Kist Update: 24वीं किस्त में 2000 या 4000 रुपये? जानिए किन किसानों को मिलेगा ज्यादा पैसा
पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त का किसानों को इंतजार है। पिछली किस्त जून में आई थी, इसलिए अगली किस्त अक्टूबर में आने की उम्मीद है। खास बात यह है कि कुछ पात्र किसानों को पिछली रुकी किस्त के साथ इस बार कुल 4000 रुपये भी मिल सकते हैं।

In Short
- पीएम किसान की 24वीं किस्त अक्टूबर में आने की संभावना है।
- जिन किसानों की 23वीं किस्त रुकी थी, उन्हें इस बार कुल 4000 रुपये मिल सकते हैं।
- बकाया राशि पाने के लिए e-KYC और भू-सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होना जरूरी है।
देश के करोड़ों किसानों की नजर अब प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त पर है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि किसानों के बैंक खातों में अगली 2000 रुपये की किस्त कब आएगी। पिछली यानी 23वीं किस्त जून में जारी की गई थी। योजना के नियमों के हिसाब से किस्त चार-चार महीने के अंतराल पर आती है, इसलिए अगली किस्त अक्टूबर में आने की संभावना है।
अक्टूबर में आ सकती है 24वीं किस्त
पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को साल में तीन बार आर्थिक मदद दी जाती है। हर किस्त में 2000 रुपये किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर किए जाते हैं।
23वीं किस्त जून में जारी हुई थी। इस हिसाब से चार महीने पूरे होने के बाद 24वीं किस्त अक्टूबर में आ सकती है। अक्टूबर में दुर्गापूजा भी है, इसलिए त्योहार से पहले किस्त जारी होने की उम्मीद जताई जा रही है।
कुछ किसानों को मिल सकते हैं 4000 रुपये
इस बार कुछ पात्र किसानों के खातों में 2000 रुपये के बजाय 4000 रुपये भी आ सकते हैं। हालांकि यह रकम सभी किसानों को नहीं मिलेगी।
जिन किसानों की 23वीं किस्त किसी कारण से रुक गई थी, उन्हें पिछली और नई किस्त का पैसा एक साथ मिल सकता है। खासकर e-KYC या भू-सत्यापन पूरा नहीं होने की वजह से जिन किसानों का भुगतान अटक गया था, उन्हें इसका फायदा मिल सकता है।
किन किसानों को मिलेगा फायदा?
अगर किसी किसान ने अपनी रुकी हुई प्रक्रिया पूरी कर ली है या दस्तावेजों से जुड़ी गलती ठीक कर ली है, तो राज्य सरकार सत्यापन के बाद उसका नाम आगे भेज सकती है।
नाम मंजूर होने के बाद ऐसे किसान को 24वीं किस्त के 2000 रुपये और पिछली 23वीं किस्त के बकाया 2000 रुपये मिलाकर कुल 4000 रुपये मिल सकते हैं।
जिन किसानों को 23वीं किस्त समय पर मिल चुकी थी, उन्हें नियमानुसार केवल 24वीं किस्त के 2000 रुपये ही मिलेंगे।
e-KYC और भू-सत्यापन जरूर पूरा करें
अगर आपकी पिछली किस्त रुकी हुई है, तो e-KYC और भू-सत्यापन यानी Land Seeding की प्रक्रिया समय रहते पूरी कर लें। इससे अगली किस्त के साथ रुकी हुई रकम मिलने का रास्ता साफ हो सकता है।
ऐसे चेक करें किस्त का स्टेटस
अपनी पात्रता और किस्त का स्टेटस देखने के लिए सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाएं। यहां ‘Farmers Corner’ में जाकर ‘Know Your Status’ पर क्लिक करें।
इसके बाद अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और कैप्चा कोड भरें। रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए OTP को दर्ज करने के बाद स्क्रीन पर किस्त और e-KYC की स्थिति दिखाई दे जाएगी।