क्या आप भी बना रहे हैं वियतनाम घूमने का प्लान? Sun PhuQuoc Airways शुरू करने जा रही अहमदाबाद से सीधी फ्लाइट

वियतनाम घूमने की योजना बना रहे भारतीय यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। अहमदाबाद से फु क्वोक के लिए नई सीधी फ्लाइट सेवा शुरू होने जा रही है। एयरलाइन ने शुरुआती किराए के साथ टिकट बुकिंग पर खास डिस्काउंट और ट्रैवल ऑफर्स भी पेश किए हैं। जानिए पूरा शेड्यूल और ऑफर की शर्तें।

Advertisement

In Short

  • अहमदाबाद से वियतनाम के फु क्वोक आइलैंड के लिए 2 दिसंबर 2026 से सीधी फ्लाइट शुरू करने की योजना।
  • फ्लाइट का शुरुआती एकतरफा किराया ₹9,596, जिसमें टैक्स और अन्य शुल्क शामिल हैं।
  • 13 नवंबर तक वेबसाइट या ऐप से बुकिंग करने पर बेस फेयर में 20% अतिरिक्त छूट का ऑफर।

By Gungun Mishra:

अगर आप वियतनाम घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। वियतनाम की एयरलाइन कंपनी सन फु क्वोक एयरवेज (Sun PhuQuoc Airways) दिसंबर 2026 से अहमदाबाद और वियतनाम के खूबसूरत फु क्वोक आइलैंड के बीच सीधी फ्लाइट शुरू करने जा रही है। इससे भारतीय यात्रियों को बिना किसी कनेक्टिंग फ्लाइट के सीधे फु क्वोक पहुंचने का मौका मिलेगा। खास बात यह है कि इस रूट पर एक तरफ का शुरुआती किराया सिर्फ 9,596 रुपये रखा गया है, जिसमें टैक्स और अन्य शुल्क भी शामिल हैं।

2 दिसंबर से शुरू होगी सीधी फ्लाइट

एयरलाइन की घोषणा के मुताबिक, अहमदाबाद से फु क्वोक के बीच सीधी उड़ान सेवा 2 दिसंबर 2026 से शुरू होने वाली है। यह भारत के लिए सन फु क्वोक एयरवेज की पहली सीधी उड़ान सेवा होगी।

शुरुआत में एयरलाइन हफ्ते में पांच दिन फ्लाइट संचालित करेगी। ये उड़ानें सोमवार, बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार और रविवार को उपलब्ध होंगी। इस रूट पर सफर करने में करीब 5 घंटे 25 मिनट का समय लगेगा। यात्रियों को उड़ान की अंतिम निर्धारित तारीख एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट पर चेक करने की सलाह दी गई है।

क्या होगा फ्लाइट का पूरा शेड्यूल?

एयरलाइन ने दोनों तरफ की उड़ानों का शेड्यूल भी जारी किया है।

फ्लाइट नंबर 9G315 फु क्वोक इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शाम 7:35 बजे उड़ान भरेगी और रात 11:30 बजे अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेगी।

वहीं, वापसी की फ्लाइट 9G314 अहमदाबाद से रात 1 बजे रवाना होगी और सुबह 7:15 बजे फु क्वोक पहुंचेगी। सभी समय स्थानीय समय के अनुसार हैं।

कंपनी की योजना फरवरी 2027 की शुरुआत से इस रूट पर रोजाना फ्लाइट चलाने की है। हालांकि, यह एयरलाइन के ऑपरेशनल शेड्यूल पर निर्भर करेगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर

सिर्फ ₹9,596 से शुरू होगा टिकट का किराया

सन फु क्वोक एयरवेज ने अहमदाबाद से फु क्वोक जाने वाली फ्लाइट का शुरुआती एकतरफा किराया 9,596 रुपये रखा है। इसमें सभी टैक्स और फीस शामिल हैं।

यह प्रमोशनल किराया दोनों दिशाओं की शुरुआती चार-चार उड़ानों के लिए लागू होगा। वहीं, फु क्वोक से अहमदाबाद आने वाली फ्लाइट का शुरुआती किराया 26,19,000 वियतनामी डोंग रखा गया है।

टिकट बुकिंग पर मिलेगा 20% अतिरिक्त डिस्काउंट

यात्रियों के लिए एयरलाइन ने खास डिस्काउंट ऑफर भी पेश किया है। जो यात्री 16 अक्टूबर से 13 नवंबर 2026 के बीच एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप से टिकट बुक करेंगे, उन्हें बेस फेयर पर 20 प्रतिशत अतिरिक्त छूट मिल सकती है। यह ऑफर निर्धारित नियमों और शर्तों के अधीन होगा।

फ्री ट्रैवल पैकेज का भी मिलेगा फायदा

एयरलाइन टिकट के साथ एक कॉम्प्लिमेंट्री ट्रैवल पैकेज भी दे रही है। इसमें सन वर्ल्ड होन थॉम केबल कार के टिकट और WOW Pass के जरिए प्रायोरिटी एक्सेस शामिल है।

इसके अलावा यात्रियों को फु क्वोक में चुनिंदा रिसॉर्ट, मनोरंजन और अन्य लीजर सेवाओं पर 30 प्रतिशत तक की छूट भी मिलेगी। इस तरह यात्रियों को फ्लाइट टिकट के साथ घूमने-फिरने से जुड़े अतिरिक्त ऑफर्स का फायदा उठाने का मौका मिलेगा।

Read more!
Advertisement