गुल्लक को Piggy Bank क्यों कहते हैं? वजह सुअर नहीं, ये खास अंग्रेजी मिट्टी है
Piggy Bank: बचपन में जब भी हमें पैसे मिलते थे तो उसे हम अपने गुल्लक में रखते थे। गुल्लक को इंग्लिश में Piggy Bank कहा जाता है। आइए, जानते हैं कि गुल्लक का नाम Piggy Bank क्यों पड़ा।

जब भी हम बचपन की बात करते हैं तो एक चीज जरूर याद आती है, वो है गुल्लक या फिर जिसे आज की भाषा में पिग्गी बैंक (Piggy Bank) कहा जाता है। पेरेंट्स बच्चों को छोटी उम्र से ही पैसे बचाने की आदत डालने के लिए गुल्लक देते हैं, ताकि वे सीख सकें कि पैसों की अहमियत क्या है।
लेकिन एक सवाल हमेशा रह जाता है कि गुल्लक का डिजाइन ज्यादातर सुअर (Pig) के आकार का ही क्यों होता है? क्या यह सिर्फ एक फैशन है या इसके पीछे कोई दिलचस्प कहानी है? आइए जानते हैं।
गुल्लक क्या होता है?
गुल्लक यानी पिग्गी बैंक एक छोटा कंटेनर होता है। यह आमतौर पर सिरेमिक, प्लास्टिक या मिट्टी से बना होता है। इसका इस्तेमाल बच्चों को बचत (Saving Habit in Children) की आदत सिखाने के लिए किया जाता है। बच्चों को बोला जाता है कि वे अपनी पॉकेट मनी या गिफ्ट में मिले पैसे इसमें डालें और जब ये भर जाए तो उससे कुछ मनपसंद खरीदें।
बैंक से पहले लोग कैसे करते थे सेविंग?
आज तो हर जगह बैंक मौजूद हैं, लेकिन पुराने समय में ऐसा नहीं था। उस जमाने में लोग अपने पैसे, गहने या सिक्के मिट्टी के मटकों और घड़ों में छुपाकर रखते थे। उस समय सोने-चांदी के सिक्के और कांसे के पैसे इस्तेमाल होते थे।
मजेदार बात ये है कि इंग्लैंड में एक खास किस्म की मिट्टी मिलती थी जिसे Pygg clay कहा जाता था। इसी मिट्टी से बर्तन बनाए जाते थे, जिनमें लोग अपने पैसे और गहने रखते थे। यही बर्तन Pygg pots कहलाए।
Pygg से बना Piggy Bank
समय के साथ भाषा भी बदली। पहले Pygg को 'पग' की तरह बोला जाता था, बाद में 'पिग' कहा जाने लगा। फिर जब अंग्रेजी में 'Y' का उच्चारण 'I' जैसा हुआ, तो 'Pygg' और 'Pig' का उच्चारण एक जैसा हो गया। इसी वजह से कुम्हारों ने Pygg बर्तनों को सूअर के आकार में बनाना शुरू कर दिया।
जब लोगों ने इस नए डिजाइन को देखा तो उन्हें यह सुअर के आकार वाला गुल्लक बहुत पसंद आया और यह चलन में आ गया। समय के साथ इसका नाम ही Piggy Bank हो गया और असली Pygg की कहानी पीछे रह गई।
आज भी क्यों चलता है Piggy Bank?
आज भी सुअर के आकार वाला गुल्लक (Pig-shaped Piggy Bank) बच्चों में बहुत लोकप्रिय है। यह उन्हें मजेदार लगता है और वे ज्यादा पैसे जमा करने को प्रेरित होते हैं। बहुत से फाइनेंशियल इंस्टीट्यूट और पोस्टर भी सेविंग को बढ़ावा देने के लिए इसी डिजाइन का इस्तेमाल करते हैं।