अब UPI से बैंक खाते में आएगा PF का पैसा! जानें कब मिलेगी करोड़ों कर्मचारियों को ये सुविधा
ईपीएफओ अपने करोड़ों मेंबर्स को जल्द ही एक बड़ी सौगात देने की तैयारी कर रहा है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद पीएफ खाते में जमा पैसा निकालना पहले से आसान हो जाएगा। इससे जुड़े ट्रायल लगभग पूरे हो चुके हैं। जानें कब शुरू होगी सुविधा और कितनी रकम निकाल सकेंगे।

In Short
- दिसंबर में UPI के जरिए पीएफ निकासी की सुविधा लॉन्च करने की तैयारी
- फरवरी 2027 तक नई व्यवस्था पूरी तरह लागू होने की उम्मीद
- नई सुविधा से पीएफ क्लेम प्रोसेसिंग में आएगी तेजी
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के करोड़ों मेंबर्स के लिए अच्छी खबर है। जल्द ही पीएफ खाते में जमा पैसे को निकालना और आसान होने वाला है। हाल ही में WhatsApp सर्विस शुरू करने के बाद अब ईपीएफओ यूपीआई के जरिए पीएफ का पैसा निकालने की सुविधा देने की तैयारी कर रहा है। EPFO 3.0 के तहत शुरू होने वाली इस सर्विस से जुड़े ट्रायल लगभग पूरे हो चुके हैं। अगले महीने यानी दिसंबर में इसे लॉन्च किया जा सकता है।
दिसंबर में शुरू हो सकती है सुविधा
फाइनेंशियल एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, पीएफ सब्सक्राइबर्स के लिए दिसंबर 2026 तक UPI के जरिए पैसे निकालने की सुविधा लॉन्च की जा सकती है। वहीं, फरवरी 2027 में इसे पूरी तरह लागू किए जाने की उम्मीद है। मामले से जुड़े सूत्र के मुताबिक, यूपीआई के जरिए पीएफ निकासी के लिए जरूरी टेक्नोलॉजी तैयार है और इसके ट्रायल भी लगभग पूरे हो चुके हैं।
UPI से बैंक खाते में आएगा पैसा
EPFO 3.0 के तहत होने वाले बदलावों से कर्मचारियों के लिए पीएफ खाते में जमा पैसे तक पहुंच आसान हो जाएगी। मेंबर्स यूपीआई के जरिए अपने पीएफ का पैसा बैंक खाते में ट्रांसफर कर सकेंगे। इसके बाद ATM से तुरंत इस रकम को निकाल सकेंगे। नई व्यवस्था से कागजी कार्रवाई कम होगी और पीएफ क्लेम की प्रोसेसिंग में भी तेजी आएगी।
एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलेंगी कई सुविधाएं
EPFO 3.0 के तहत नया आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है। इसमें कोर बैंकिंग सॉल्यूशन (CBS) को भी शामिल किया जाएगा। इसकी मदद से ईपीएफओ मेंबर्स एक ही प्लेटफॉर्म के जरिए कई सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे।
इस सिस्टम को अगले 50 साल में करीब 200 करोड़ मेंबर्स का डेटा संभालने के हिसाब से तैयार किया जा रहा है। फिलहाल ईपीएफओ के 36 करोड़ से ज्यादा एक्टिव मेंबर्स हैं।
पीएफ खाते से कितना पैसा निकाल सकेंगे?
ईपीएफओ के सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज ने अक्टूबर 2025 में EPFO 3.0 के फ्रेमवर्क को मंजूरी दी थी। साथ ही इसे एक साल के अंदर लागू करने की मांग रखी थी।
यूपीआई के जरिए पीएफ निकासी को लेकर पिछले कुछ समय से लगातार अपडेट सामने आ रहे हैं। पहले की कई रिपोर्ट्स में बताया गया था कि इस सुविधा के तहत पात्र पीएफ खाताधारक अपने खाते में जमा रकम का 75 फीसदी तक हिस्सा निकाल सकेंगे। हालांकि, हाल ही में ईपीएफओ की ओर से 90 फीसदी तक पीएफ निकासी का नियम भी लाया गया है।