LPG, FD, UPI से लेकर PUC तक- 1 अक्टूबर से बदल गए कई नियम; आपकी जेब पर पड़ेगा सीधा असर, फटाफट करें चेक

1 अक्टूबर 2026 से LPG सिलेंडर, बैंकिंग, पेंशन, टैक्स और ईंधन से जुड़े कई नियम बदल गए हैं। SBI ATM की फ्री लिमिट से लेकर FD, NPS, PUC और UPI तक नए बदलाव लागू हुए हैं। जानिए अक्टूबर से कौन-कौन से नियम बदले और आपकी जेब पर इनका क्या असर पड़ेगा।

Advertisement

In Short

  • 1 अक्टूबर से कमर्शियल LPG सिलेंडर महंगा, दिल्ली में कीमत 2,810 रुपये हुई।
  • SBI के सैलरी अकाउंट होल्डर्स के लिए दूसरे बैंकों के ATM पर फ्री ट्रांजैक्शन की लिमिट घटी।
  • FD, NPS, NRI प्रॉपर्टी TDS, PUC और UPI समेत कई नियमों में बदलाव हुआ।

By Sonam:

अक्टूबर महीने की शुरुआत कई बड़े बदलावों के साथ हुई है। 1 अक्टूबर 2026 से LPG सिलेंडर, बैंकिंग, पेंशन, टैक्स और फ्यूल से जुड़े कई नियम बदल गए हैं। इन बदलावों का सीधा असर आम लोगों की जेब और रोजमर्रा के काम पर पड़ सकता है। आइए जानते हैं अक्टूबर से लागू हुए प्रमुख बदलावों के बारे में।

कमर्शियल LPG सिलेंडर हुआ महंगा

फेस्टिव सीजन से पहले 19 किलोग्राम वाला कमर्शियल LPG सिलेंडर महंगा हो गया है। दिल्ली में इसकी कीमत 62.50 रुपये बढ़कर 2,810 रुपये हो गई है। पटना में कीमत 3,100 रुपये से भी ज्यादा हो गई है। हालांकि 14 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

इसके साथ LPG सब्सिडी के लिए आधार बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन या e-KYC को अनिवार्य किया गया है। जिन ग्राहकों ने इसे पूरा नहीं किया है, उन्हें सब्सिडी पाने में दिक्कत आ सकती है।

डीजल और ATF पर टैक्स में कटौती

सरकार ने डीजल और ATF के निर्यात पर लगने वाले अप्रत्याशित लाभ कर में कटौती की है। डीजल निर्यात पर SAED को 20 रुपये से घटाकर 16 रुपये प्रति लीटर किया गया है। ATF पर शुल्क 15 रुपये से घटाकर 10.50 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। पेट्रोल पर इसे स्थिर रखा गया है।

FD के नियम में बदलाव

RBI ने थोक फिक्स्ड डिपॉजिट की ब्याज दरों से जुड़े नियमों में बदलाव किया है। अब बैंकों को थोक जमा दरें पहले से सार्वजनिक करनी होंगी और हर दिन सुबह 10 बजे लागू दरों की जानकारी देनी होगी। आम तौर पर समान थोक जमा पर एक ही ब्याज दर रखनी होगी।

NPS और SBI ATM के नियम बदले

NPS और NPS Lite में POP के जरिए रजिस्ट्रेशन कराने पर हर PRAN के लिए 200 रुपये का ऑनबोर्डिंग शुल्क देना होगा। वहीं SBI के सैलरी पैकेज अकाउंट होल्डर्स को दूसरे बैंकों के ATM पर अब महीने में 10 की जगह पांच मुफ्त लेनदेन मिलेंगे। BSBD खातों में चार कैश निकासी मुफ्त रहेंगी। इसके बाद 15 रुपये और GST लगेगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर

NRI प्रॉपर्टी और PUC का नया नियम

NRI से अचल संपत्ति खरीदने वाले निवासी व्यक्ति और HUF अब PAN के जरिए TDS की कटौती, जमा और रिपोर्टिंग कर सकेंगे। वहीं दिल्ली-NCR में बिना वैध PUC प्रमाणपत्र वाले वाहनों को ईंधन देने पर रोक का प्रावधान लागू हो गया है।

लाइफ सर्टिफिकेट और बैंक हॉलिडे

पेंशन पाने के लिए लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने का समय भी अक्टूबर से शुरू हो गया है। इसे ऑनलाइन या ऑफलाइन जमा किया जा सकता है। अक्टूबर में साप्ताहिक छुट्टियों समेत कुल 16 दिन बैंक बंद रहेंगे। हालांकि ऑनलाइन बैंकिंग और ATM सेवाएं जारी रहेंगी।

UPI और इलेक्ट्रॉनिक्स से जुड़ा बदलाव

15 अक्टूबर से 2,000 रुपये से ज्यादा के चुनिंदा व्यापारी UPI लेनदेन पर MDR लागू होगा। 2,000 रुपये तक के भुगतान और छोटे व्यापारियों के लिए जीरो-MDR व्यवस्था जारी रहेगी। वहीं कच्चे माल की लागत बढ़ने के कारण टीवी, फ्रिज और AC जैसे घरेलू इलेक्ट्रॉनिक्स सामान की कीमतें बढ़ने के संकेत भी दिए गए हैं।

Read more!
Advertisement