NPS Swasthya में उम्र के हिसाब से तय होगा हेल्थ इंश्योरेंस प्रीमियम, जानिए कौन-कौन होंगे कवर
NPS Swasthya योजना में शामिल होने वाले सब्सक्राइबर्स के लिए उम्र के हिसाब से हेल्थ इंश्योरेंस प्रीमियम तय होगा। PFRDA ने तीन उम्र समूह बनाए हैं। योजना में फैमिली फ्लोटर कवर, ₹10 लाख से ₹30 लाख तक हेल्थ कवर और योगदान से जुड़े नियम भी तय किए गए हैं।

In Short
- NPS Swasthya में उम्र के आधार पर तीन प्रीमियम कैटेगरी तय की गई हैं।
- योजना में सब्सक्राइबर, पति या पत्नी और अधिकतम दो आश्रित बच्चों को हेल्थ इंश्योरेंस कवर मिलेगा, माता-पिता शामिल नहीं होंगे।
- NPS Swasthya में ₹10 लाख से ₹30 लाख तक का हेल्थ कवर मिलेगा और पहली बार योगदान में इंश्योरेंस प्रीमियम देना होगा।
पेंशन फंड रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (PFRDA) ने NPS Swasthya योजना के लिए उम्र के आधार पर तीन प्रीमियम कैटेगरी तय की हैं। इसका मतलब है कि योजना में शामिल होने वाले व्यक्ति की शुरुआती उम्र के आधार पर हेल्थ इंश्योरेंस का प्रीमियम तय होगा।
तीन उम्र समूहों में बांटे गए हैं सब्सक्राइबर
NPS Swasthya के तहत इंश्योरेंस कंपनियों को तीन अलग-अलग उम्र समूहों के लिए अलग-अलग प्रीमियम बताना होगा। इसमें सब्सक्राइबर की उम्र योजना में पहली बार शामिल होने के समय पूरी हुई उम्र के आधार पर मानी जाएगी।
इन तीन समूहों में 18 से 40 साल, 40 साल से ज्यादा और 60 साल तक, और 60 साल से ज्यादा से 70 साल तक की उम्र शामिल है।
यानी 30 साल की उम्र में योजना में शामिल होने वाले व्यक्ति का प्रीमियम 55 साल या 68 साल की उम्र में शामिल होने वाले व्यक्ति से अलग हो सकता है।
एक जैसा प्रीमियम नहीं होगा तय
PFRDA की गाइडलाइंस में सभी उम्र के लोगों के लिए एक समान प्रीमियम तय नहीं किया गया है। इंश्योरेंस कंपनी लागू इंश्योरेंस रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (IRDAI) के नियमों के अनुसार प्रीमियम तय करेगी।
कंपनियां तय उम्र समूहों के हिसाब से प्रीमियम की जानकारी देंगी, जिससे अलग-अलग योजनाओं की तुलना की जा सके।
NPS Swasthya में कौन-कौन होंगे कवर?
NPS Swasthya को फैमिली फ्लोटर हेल्थ इंश्योरेंस के तौर पर तैयार किया गया है। इसमें सब्सक्राइबर, पति या पत्नी और अधिकतम दो आश्रित बच्चों को शामिल किया जा सकता है।
हालांकि, इस योजना के सामान्य फैमिली फ्लोटर कवर में माता-पिता को शामिल नहीं किया गया है।
योजना में शामिल होने की न्यूनतम उम्र 18 साल और अधिकतम उम्र 70 साल रखी गई है। एक बार योजना में शामिल होने के बाद हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी को 85 साल की उम्र तक रिन्यू कराया जा सकता है।
₹10 लाख से ₹30 लाख तक मिलेगा हेल्थ कवर
PFRDA की गाइडलाइंस के अनुसार NPS Swasthya में ₹10 लाख से ₹30 लाख तक का हेल्थ इंश्योरेंस कवर उपलब्ध होगा। इसके लिए इंश्योरेंस कंपनी उम्र समूह और नियमों के अनुसार प्रीमियम तय करेगी।
शुरुआत में देना होगा पहला प्रीमियम
NPS Swasthya अकाउंट में पहली बार योगदान करते समय पहले साल का हेल्थ इंश्योरेंस प्रीमियम और लागू टैक्स जमा करना होगा।
इसके अलावा हेल्थ बेनिफिट एडमिनिस्ट्रेटर को पेंशन फंड के जरिए हर साल ₹200 और उस पर लागू टैक्स मेंटेनेंस फीस के तौर पर देना होगा। साथ ही NPS Swasthya अकाउंट में निवेश के लिए ₹1,000 की राशि भी जरूरी होगी।बाद में किए जाने वाले योगदान की न्यूनतम राशि ₹10 तक हो सकती है।
PFRDA ने यह भी कहा है कि सभी चार्ज की जानकारी सब्सक्राइबर को योजना में शामिल होने से पहले और चार्ज में बदलाव होने पर देनी होगी। PFRDA की मंजूरी के बिना कोई अतिरिक्त चार्ज नहीं लिया जा सकेगा।