महंगाई का झटका! LPG सिलेंडर, दूध से लेकर कारों तक - आज से सब महंगा, जानिए आपकी जेब पर कितना होगा असर
सितंबर की शुरुआत में आम आदमी की जेब पर कई असर पड़े हैं। कॉमर्शियल LPG सिलेंडर महंगा हो गया है, मुंबई में दूध के दाम बढ़े हैं और LPG e-KYC नहीं कराने वालों को सब्सिडी में परेशानी हो सकती है। इसके साथ ही टाटा हुंडई की कारें भी महंगी हो गई हैं।

In Short
- कॉमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम बढ़े, कोलकाता में सबसे ज्यादा 11.50 रुपए की बढ़ोतरी हुई।
- मुंबई में दूध 9 रुपए प्रति लीटर तक महंगा, त्योहारों से पहले दही पनीर और मिठाई पर असर पड़ सकता है।
- टाटा और हुंडई की कारों की कीमतें बढ़ीं, नई कार खरीदने वालों को ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे।
सितंबर 2026 की शुरुआत आम लोगों के बजट पर असर डालने वाले कई बदलावों के साथ हुई है। आज यानी 1 सितंबर से कॉमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत बढ़ गई है। वहीं मुंबई में दूध के थोक दाम में भी बढ़ोतरी की गई है। इसके अलावा LPG सब्सिडी पाने वाले ग्राहकों के लिए e-KYC जरूरी है। जिन लोगों ने अभी तक e-KYC पूरी नहीं की है उनकी सब्सिडी में परेशानी आ सकती है।
कॉमर्शियल गैस सिलेंडर हुआ महंगा
तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में औसतन 11.50 रुपए तक की बढ़ोतरी की है। कोलकाता में सिलेंडर की कीमत 2872.50 रुपए से बढ़कर 2884 रुपए हो गई है। दिल्ली में अब कॉमर्शियल सिलेंडर 2747.50 रुपए में मिलेगा जो पहले 2738 रुपए था।
मुंबई में इसकी कीमत 2691.50 रुपए से बढ़कर 2701 रुपए और चेन्नई में 2906 रुपए से बढ़कर 2916.50 रुपए हो गई है। कीमत बढ़ने से होटल रेस्टोरेंट और कैटरिंग कारोबार का खर्च बढ़ सकता है। इसका असर चाय नाश्ता थाली और शादी समारोहों के खाने पर पड़ सकता है। हालांकि 14 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
मुंबई में दूध 9 रुपए प्रति लीटर तक महंगा
मुंबई में बॉम्बे मिल्क प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने 1 सितंबर से थोक दूध की कीमतों में 9 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। इसके बाद थोक दूध का भाव 93 रुपए से बढ़कर 102 रुपए प्रति लीटर हो गया है। यह दर 28 फरवरी 2027 तक लागू रहेगी।
तमिलनाडु में एविंस दूध के खरीद मूल्य में भी 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। अब यह कीमत 41 रुपए से बढ़कर 44 रुपए प्रति लीटर हो गई है। दो हफ्तों से कम समय में यह दूसरी बढ़ोतरी है। कुल मिलाकर खरीद मूल्य में 6 रुपए प्रति लीटर का इजाफा हुआ है।
दूध महंगा होने की वजह पशुओं के हरे चारे भूसे और खली की बढ़ती कीमतों के साथ रखरखाव और ट्रांसपोर्ट खर्च में बढ़ोतरी बताई गई है। इसका असर दही पनीर और मिठाई जैसे डेयरी प्रोडक्ट्स पर भी पड़ सकता है।
e-KYC नहीं कराई तो LPG सब्सिडी में परेशानी
LPG सब्सिडी जारी रखने के लिए e-KYC कराने की आखिरी तारीख 31 अगस्त थी। तेल कंपनियों ने सभी घरेलू LPG ग्राहकों से e-KYC पूरी करने को कहा था।
जिन ग्राहकों ने बायोमेट्रिक पहचान पूरी नहीं कराई है उनकी सब्सिडी रुक सकती है। साथ ही गैस सेवाओं में भी परेशानी आ सकती है। हालांकि सिलेंडर बुकिंग बंद होगी या नहीं यह संबंधित कंपनी के नियमों पर निर्भर करेगा।
विदेश जाने वालों के लिए बोर्डिंग पास स्टैम्प खत्म
1 सितंबर 2026 से विदेश जाने वाले यात्रियों को इमिग्रेशन काउंटर पर बोर्डिंग पास पर स्टैम्प लगवाने की जरूरत नहीं होगी। अब यह प्रक्रिया डिजिटल हो गई है। यात्री इमिग्रेशन के समय फोन में ई-बोर्डिंग पास दिखा सकते हैं। इससे एयरपोर्ट पर समय बचेगा और डिपार्चर प्रक्रिया आसान होगी।
टाटा और हुंडई की कारें हुई महंगी
टाटा मोटर्स ने 1 सितंबर से अपनी सभी कारों और वैरिएंट्स की कीमतों में 25 हजार रुपए तक की बढ़ोतरी कर दी है। वहीं हुंडई मोटर इंडिया ने भी कारों की कीमतों में 1 फीसदी तक इजाफा किया है।
कंपनियों ने बढ़ती कमोडिटी कीमतों ऑपरेटिंग कॉस्ट और महंगाई के दबाव को इसकी वजह बताया है। अब नई कार या SUV खरीदने वाले ग्राहकों को ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। कीमतों में बढ़ोतरी मॉडल और वैरिएंट के हिसाब से अलग अलग होगी।