1 जुलाई से बदलेंगे LPG के नियम! इन ग्राहकों का कट सकता है गैस कनेक्शन, जानिए नया नियम
1 जुलाई से एलपीजी से जुड़े कुछ नए नियम लागू होने जा रहे हैं। इनका असर खास तौर पर उन लोगों पर पड़ेगा, जिनके पास पहले से पीएनजी कनेक्शन है। इसके अलावा सभी एलपीजी ग्राहकों के लिए ई-केवाईसी से जुड़ा नियम भी अहम है। आइए जानते हैं नए नियमों में क्या बदलाव होने जा रहे हैं।

In Short
- 1 जुलाई से लागू होंगे LPG के नए नियम।
- 30 जून तक ई-केवाईसी पूरा करना जरूरी, नहीं तो सिलेंडर बुकिंग में आ सकती है दिक्कत।
- जिन इलाकों में PNG की सुविधा है, वहां LPG से PNG में शिफ्ट होना होगा।
केंद्र सरकार ने हाल ही में एलपीजी से जुड़े नियमों में बदलाव किया है। नए नियमों का असर खास तौर पर उन ग्राहकों पर पड़ेगा, जिनके इलाके में पीएनजी की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा ई-केवाईसी से जुड़ा नियम भी सभी एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए जरूरी है।
आइए जानते हैं कि 1 जुलाई से किन नियमों में बदलाव होने जा रहा है और किन लोगों को सावधान रहने की जरूरत है।
किन लोगों का LPG कनेक्शन कट सकता है?
केंद्र सरकार ने हाल ही में एलपीजी से जुड़े नियमों में बदलाव किया है। नए नियम के मुताबिक, जिन लोगों के घर पहले से पीएनजी (पाइप से मिलने वाली गैस) का कनेक्शन है, उनका इंडेन, भारत गैस या एचपी गैस का एलपीजी कनेक्शन एक महीने के अंदर बंद किया जा सकता है।
हालांकि, जो लोग अपनी मर्जी से एलपीजी कनेक्शन छोड़ेंगे, उन्हें एक कूपन दिया जाएगा। इस कूपन की मदद से जरूरत पड़ने पर वे बाद में अपना एलपीजी कनेक्शन दोबारा चालू करा सकेंगे।
मार्च में ही दिया गया था निर्देश
सरकार ने मार्च में ही निर्देश जारी किया था कि जिन इलाकों में पाइपलाइन के जरिए गैस की सुविधा उपलब्ध है, वहां रहने वाले एलपीजी ग्राहकों को तीन महीने के भीतर पीएनजी सिस्टम अपनाना होगा। ऐसा नहीं करने पर उनका एलपीजी कनेक्शन काट दिया जाएगा। यह समय सीमा जून के आखिर में पूरी हो रही है।
अगर आप ऐसे इलाके में रहते हैं, जहां पीएनजी की सुविधा उपलब्ध है और आपने अभी तक पीएनजी कनेक्शन नहीं लिया है, तो आपको जल्द से जल्द अपनी नजदीकी पीएनजी कंपनी से संपर्क करना चाहिए।
30 जून तक ई-केवाईसी कराना जरूरी
सरकार ने सभी एलपीजी कनेक्शन धारकों के लिए ई-केवाईसी पूरा करना भी जरूरी किया है। इसकी आखिरी तारीख 30 जून है। अगर तय समय तक ई-केवाईसी नहीं कराया गया, तो आपका गैस कनेक्शन बंद किया जा सकता है। ऐसे में अगला सिलेंडर बुक कराने में भी दिक्कत आ सकती है।
जिन ग्राहकों ने पहले ही अपना ई-केवाईसी पूरा कर लिया है, उन्हें अब कोई अतिरिक्त प्रक्रिया पूरी करने की जरूरत नहीं है।
कमर्शियल LPG पर पहले ही मिली राहत
सरकार पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के बाद कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई पर लगी पाबंदियां पहले ही हटा चुकी है। इसके बाद अब घरेलू एलपीजी नियमों में भी कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
दोबारा सिलेंडर बुकिंग को लेकर क्या है स्थिति?
फिलहाल शहरों में दोबारा एलपीजी सिलेंडर बुक कराने के लिए 25 दिन और गांवों में 45 दिन का इंतजार करना पड़ता है। यह नियम ईरान-अमेरिका युद्ध के दौरान गैस की पर्याप्त सप्लाई बनाए रखने और जरूरत से ज्यादा बुकिंग रोकने के लिए लागू किया गया था।
अब होर्मुज में हालात सामान्य होने के बाद उम्मीद की जा रही है कि 1 जुलाई से यह इंतजार कम किया जा सकता है। हालांकि, सरकार की ओर से अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।