LIC की इस स्कीम में एक बार जमा करें पैसा, जीवनभर मिलेगी पेंशन! जानें हर महीने कितनी होगी कमाई

रिटायरमेंट के बाद हर महीने नियमित कमाई चाहते हैं तो LIC की एक खास स्कीम आपके काम आ सकती है। इसमें बार-बार प्रीमियम भरने की जरूरत नहीं पड़ती और एकमुश्त निवेश से जीवनभर पेंशन पाने का विकल्प मिलता है। जानिए कितनी रकम जमा करनी होगी और किस विकल्प में ज्यादा पेंशन मिलेगी।

Advertisement

In Short

  • LIC Smart Pension Plan में एकमुश्त निवेश करके जीवनभर नियमित पेंशन पाने का विकल्प मिलता है।
  • ₹10 लाख निवेश पर 60 साल के व्यक्ति को ऑप्शन A में सालाना ₹85,000 पेंशन का उदाहरण दिया गया है।
  • इस योजना में न्यूनतम ₹1 लाख निवेश कर सकते हैं और पेंशन के कई विकल्प उपलब्ध हैं।

By Gungun Mishra:

रिटायरमेंट के बाद हर महीने घर का खर्च चलाने के लिए नियमित कमाई होना बेहद जरूरी है। नौकरी के दौरान तो हर महीने सैलरी आती रहती है, लेकिन रिटायरमेंट के बाद आमदनी का यह जरिया बंद हो जाता है। ऐसे में अगर पहले से सही प्लानिंग की जाए तो बुढ़ापे में पैसों की चिंता काफी हद तक कम हो सकती है। अगर आप भी रिटायरमेंट के बाद हर महीने पेंशन चाहते हैं तो भारतीय जीवन बीमा निगम की Smart Pension Plan आपके काम आ सकती है। इस स्कीम में एक बार पैसा जमा करके जीवनभर पेंशन पाने का विकल्प मिलता है।

क्या है LIC Smart Pension Plan?

LIC Smart Pension Plan एक इमीडिएट एन्युटी प्लान है। इसका मतलब है कि इसमें आपको हर महीने या हर साल प्रीमियम भरने की जरूरत नहीं होती। इसके बजाय एक बार में पूरी रकम जमा करनी होती है। इसके बाद चुने गए विकल्प के मुताबिक पेंशन मिलनी शुरू हो जाती है। इस योजना में आप अपनी जरूरत के हिसाब से मासिक, तिमाही, छमाही या सालाना पेंशन का विकल्प चुन सकते हैं।

₹10 लाख जमा करने पर कितनी मिलेगी पेंशन?

LIC की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, अगर किसी व्यक्ति की उम्र 60 साल है और वह इस योजना में ₹10 लाख निवेश करता है तो ऑप्शन A के तहत उसे सालाना ₹85,000 पेंशन मिल सकती है। यह जीवनभर पेंशन देने वाला विकल्प है।

अगर इस सालाना रकम को 12 महीनों में बांटकर देखें तो करीब ₹7,083 प्रति महीने बनते हैं। यानी एकमुश्त निवेश से नियमित कमाई का इंतजाम किया जा सकता है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

गारंटी वाले विकल्प में कितनी मिलेगी रकम?

LIC Smart Pension Plan में गारंटी अवधि वाले विकल्प भी मौजूद हैं। हालांकि, अलग-अलग विकल्प चुनने पर पेंशन की रकम बदल जाती है।

अगर आप 5 साल की गारंटी वाला विकल्प B1 चुनते हैं तो सालाना ₹84,500 यानी करीब ₹7,042 महीने के हिसाब से पेंशन बनती है।

वहीं, 10 साल की गारंटी वाले B2 विकल्प में सालाना ₹83,200 यानी करीब ₹6,933 प्रति महीने की रकम बनती है। 15 साल की गारंटी वाले B3 विकल्प में सालाना ₹81,400 यानी करीब ₹6,783 महीने के हिसाब से पेंशन मिलेगी।

इसके अलावा 20 साल की गारंटी वाले B4 विकल्प में सालाना ₹79,200 यानी ₹6,600 प्रति महीने की रकम बनती है।

कौन कर सकता है इस स्कीम में निवेश?

इस योजना में न्यूनतम निवेश की रकम ₹1 लाख रखी गई है। 18 साल की उम्र से कोई भी भारतीय नागरिक इस स्कीम में निवेश कर सकता है। हालांकि, अधिकतम उम्र की सीमा चुने गए पेंशन विकल्प के हिसाब से अलग-अलग होती है।

ऐसे में जो लोग रिटायरमेंट के बाद नियमित आय का इंतजाम करना चाहते हैं, वे अपनी जरूरत और निवेश की रकम के मुताबिक पेंशन विकल्प चुन सकते हैं।

Read more!
Advertisement