25 साल में ₹5.35 लाख जमा करने पर मिले ₹11.5 लाख, लेकिन असल में कितना मिला रिटर्न?
LIC Jeevan Anand पॉलिसी में 25 साल तक प्रीमियम भरने वाले एक व्यक्ति को मैच्योरिटी पर ₹11.5 लाख मिले। पहली नजर में यह शानदार कमाई लगती है, लेकिन फाइनेंस एक्सपर्ट ने जब असली रिटर्न का हिसाब लगाया तो अलग तस्वीर सामने आई। जानिए आखिर क्या है पूरा गणित।

In Short
- LIC Jeevan Anand में 25 साल तक ₹5.35 लाख प्रीमियम जमा करने पर करीब ₹11.5 लाख मिले।
- फाइनेंस एक्सपर्ट निखिल झा के मुताबिक, पॉलिसी का असली सालाना रिटर्न सिर्फ 5.47% रहा।
- LIC Jeevan Anand में मैच्योरिटी के बाद भी लाइफ कवर से जुड़ा डेथ बेनिफिट मिलता है।
LIC की जीवन बीमा पॉलिसी को लोग लंबे समय से बचत और परिवार की आर्थिक सुरक्षा के लिए चुनते आए हैं। ऐसी ही एक पॉलिसी है LIC New Jeevan Anand, जिसमें लाइफ इंश्योरेंस के साथ बचत का फायदा भी मिलता है। लेकिन क्या 25 साल तक पैसा जमा करने के बाद मिलने वाली रकम वाकई फायदे का सौदा है? पर्सनल फाइनेंस एक्सपर्ट निखिल झा ने एक पॉलिसी का हिसाब लगाकर बताया है कि इसमें असली रिटर्न कितना मिला।
25 साल में ₹5.35 लाख जमा, मैच्योरिटी पर मिले ₹11.5 लाख
निखिल झा ने सोशल मीडिया पर LIC New Jeevan Anand पॉलिसी का एक उदाहरण शेयर किया। इसमें पॉलिसीधारक ने 25 साल के लिए ₹5 लाख के बेसिक सम एश्योर्ड वाली पॉलिसी खरीदी थी।
इसका सालाना प्रीमियम ₹21,400 था। इस तरह 25 साल में कुल ₹5.35 लाख जमा किए गए। पॉलिसी मैच्योर होने पर ₹5 लाख का बेसिक सम एश्योर्ड और करीब ₹6.5 लाख का बोनस मिला। यानी कुल रकम लगभग ₹11.5 लाख रही।
दोगुने से ज्यादा पैसे मिले, फिर रिटर्न सिर्फ 5.47% क्यों?
पहली नजर में ₹5.35 लाख जमा करके ₹11.5 लाख मिलना अच्छा फायदा लगता है। लेकिन निखिल झा के कैलकुलेशन के मुताबिक, इस पॉलिसी का सालाना रिटर्न यानी IRR सिर्फ 5.47% रहा।
इसकी वजह यह है कि पूरे ₹5.35 लाख एक साथ निवेश नहीं किए गए थे। हर साल अलग-अलग समय पर प्रीमियम जमा हुआ। इसलिए असली रिटर्न निकालते समय यह देखना जरूरी है कि पैसा कब जमा किया गया और कब वापस मिला।
मैच्योरिटी के बाद भी मिलता है लाइफ कवर
LIC New Jeevan Anand एक ऐसी इंश्योरेंस और सेविंग्स पॉलिसी है, जिसमें बोनस भी जुड़ता है। हालांकि बोनस LIC की घोषणाओं और पॉलिसी की शर्तों पर निर्भर करता है।
इसकी खासियत यह है कि मैच्योरिटी के बाद भी बेसिक सम एश्योर्ड से जुड़ा डेथ बेनिफिट मिलता रहता है। हालांकि निखिल झा के मुताबिक, होम लोन, बच्चों और परिवार की बड़ी आर्थिक जिम्मेदारियों वाले लोगों के लिए इसका लाइफ कवर पर्याप्त नहीं हो सकता।
Term Insurance और Mutual Fund SIP बेहतर विकल्प?
निखिल झा ने पारंपरिक इंश्योरेंस पॉलिसी की तुलना Term Insurance और Mutual Fund SIP के कॉम्बिनेशन से करने की सलाह दी।
इसमें लाइफ कवर की लागत, निवेश का रिटर्न, मार्केट रिस्क और टैक्स को समझना जरूरी है। Mutual Fund में रिटर्न की गारंटी नहीं होती।
उनके मुताबिक, निवेशकों को हर प्रीमियम और मिलने वाली रकम की तारीख के आधार पर XIRR निकालना चाहिए। वहीं पॉलिसी खरीदने या सरेंडर करने से पहले उसके फायदे, सरेंडर वैल्यू और बाकी प्रीमियम जरूर जांचने चाहिए।