JPMorgan और HSBC ने पूरी की पहली फ्रैक्शनल डिजिटल गोल्ड डील, क्या सोने में निवेश का शुरू होगा नया दौर?

दुनियाभर में सोने के कारोबार और निवेश का तरीका बदलने की तैयारी है। JPMorgan और HSBC समेत बड़े वित्तीय संस्थानों ने डिजिटल गोल्ड को लेकर एक ऐतिहासिक पहल की है। ऐसे में सवाल है कि इस नई व्यवस्था से सोने की खरीद-बिक्री कैसे बदलेगी और निवेशकों को क्या फायदा होगा?

Advertisement

In Short

  • JPMorgan, HSBC और StoneX ने पूरा किया पहला फ्रैक्शनल डिजिटल गोल्ड लेनदेन
  • 2031 तक 170 अरब डॉलर का हो सकता है डिजिटल गोल्ड मार्केट
  • बिना फिजिकल गोल्ड को दूसरी जगह भेजे ट्रांसफर हो सकेगा मालिकाना हक

By Gungun Mishra:

दुनियाभर में सोने की खरीदारी, निवेश और कारोबार का तरीका बदलने की तैयारी हो रही है। अब सोने को एक जगह से दूसरी जगह भेजे बिना ही उसके मालिकाना हक को ट्रांसफर किया जा सकेगा। JPMorgan, HSBC और StoneX ने लंदन में फिजिकल गोल्ड के फ्रैक्शनल डिजिटल स्वामित्व से जुड़ा पहला लेनदेन पूरा किया है। इसे वैश्विक गोल्ड मार्केट को आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के हवाले से ब्लूमबर्ग की 24 नवंबर की रिपोर्ट के मुताबिक, इन वित्तीय संस्थानों ने पूल्ड गोल्ड इंटरेस्ट्स नाम के नए फ्रेमवर्क के तहत सोने के मालिकाना हक को ट्रांसफर करने, लेनदेन पूरा करने और सोने की हिस्सेदारी को गिरवी रखने में सफलता हासिल की है। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के CEO डेविड टेट ने इसे गोल्ड मार्केट के लिए ऐतिहासिक कदम बताया है।

कैसे काम करता है फ्रैक्शनल डिजिटल गोल्ड?

इस नए फ्रेमवर्क के तहत वित्तीय संस्थान सोने की ईंटों में छोटी-छोटी हिस्सेदारी का मालिकाना हक हासिल कर सकते हैं। इसके लिए सोने को एक वॉल्ट से दूसरे वॉल्ट में भेजने की जरूरत नहीं होगी।

फिलहाल लंदन में सोने का बड़ा कारोबार अनएलोकेटेड गोल्ड अकाउंट्स के जरिए होता है। इसमें निवेशकों के पास किसी खास सोने की ईंट का मालिकाना हक नहीं होता, बल्कि सोने पर एक कॉन्ट्रैक्ट के तहत दावा होता है। इससे लेनदेन की लागत कम होती है, लेकिन संबंधित वित्तीय संस्थान से जुड़ा जोखिम बना रहता है। नया फ्रेमवर्क इन जोखिमों को कम करने और कारोबार में पारदर्शिता बढ़ाने में मदद कर सकता है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

170 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है डिजिटल गोल्ड मार्केट

वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल और बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप की 19 अक्टूबर की रिपोर्ट के मुताबिक, वर्तमान में डिजिटल गोल्ड मार्केट का आकार 45 से 55 अरब डॉलर के बीच है। अनुमान है कि साल 2031 तक यह बढ़कर 160 से 170 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है। इस दौरान सालाना करीब 27 फीसदी की ग्रोथ देखने को मिल सकती है।

वहीं, 2026 की पहली तिमाही में टोकनाइज्ड गोल्ड का स्पॉट ट्रेडिंग वॉल्यूम 90 अरब डॉलर से ज्यादा रहा, जो पूरे 2025 के कारोबार से भी अधिक है।

नियमों को लेकर अभी कई चुनौतियां

ब्रिटेन की फाइनेंशियल कंडक्ट अथॉरिटी ने वित्तीय बाजारों में गोल्ड टोकनाइजेशन के इस्तेमाल को लेकर इंडस्ट्री से सुझाव मांगे हैं। वहीं, WGC सोने को ब्रिटेन के वित्तीय कोलैटरल नियमों में शामिल करने की मांग कर रहा है। इस बीच लंदन को हांगकांग और सिंगापुर के गोल्ड मार्केट से भी बढ़ती प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है।

गोल्ड निवेशकों के लिए क्या हैं इसके मायने?

इस नई व्यवस्था से सोने की खरीद-बिक्री आसान होने के साथ उसकी लिक्विडिटी भी बढ़ सकती है। हालांकि, यह फ्रेमवर्क अभी ट्रायल के चरण में है। बड़े स्तर पर इसका इस्तेमाल स्पष्ट नियमों, बेहतर प्रबंधन और सोने को सुरक्षित रखने की भरोसेमंद व्यवस्था पर निर्भर करेगा।

Read more!
Advertisement