लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने के लिए नहीं लगाने होंगे बैंक के चक्कर! घर बैठे ऐसे होगा काम
नवंबर में पेंशनर्स के लिए लाइफ सर्टिफिकेट जमा करना बेहद जरूरी है। अब बुजुर्गों को बैंक या सरकारी ऑफिस जाने की जरूरत नहीं है। मोबाइल से घर बैठे यह काम किया जा सकता है। जानिए कौन-से ऐप चाहिए, फेस ऑथेंटिकेशन कैसे होगा और किन गलतियों से बचना जरूरी है।

In Short
- पेंशनर्स के लिए नवंबर में लाइफ सर्टिफिकेट जमा करना जरूरी, देरी होने पर रुक सकती है पेंशन।
- Jeevan Pramaan ऐप से घर बैठे फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए जमा कर सकते हैं डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट।
- आधार नंबर, PPO नंबर और बैंक अकाउंट की जानकारी जरूरी, मोबाइल से पूरा होगा वेरिफिकेशन।
Pension Alert: नवंबर का महीना पेंशन पाने वाले लाखों लोगों के लिए बेहद जरूरी होता है। इस दौरान पेंशन जारी रखने के लिए लाइफ सर्टिफिकेट जमा करना होता है। अच्छी बात यह है कि अब बुजुर्ग पेंशनर्स को इसके लिए बैंक या सरकारी ऑफिस के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। वे घर बैठे मोबाइल से डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा कर सकते हैं। आइए जानते हैं कि इसके लिए कौन-सा ऐप चाहिए, क्या तैयारी करनी होगी और पूरा प्रोसेस कैसे काम करता है।
नवंबर में लाइफ सर्टिफिकेट जमा करना क्यों जरूरी?
सरकारी पेंशनर्स को हर साल लाइफ सर्टिफिकेट जमा करना होता है, ताकि यह पुष्टि हो सके कि पेंशन पाने वाला व्यक्ति जीवित है। आमतौर पर इसकी आखिरी तारीख 30 नवंबर होती है। 80 साल या उससे ज्यादा उम्र के पेंशनर्स 1 अक्टूबर से ही सर्टिफिकेट जमा कर सकते हैं। समय पर सर्टिफिकेट जमा नहीं करने पर पेंशन रुक सकती है।
घर बैठे कौन-कौन से ऐप डाउनलोड करने होंगे?
डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनाने के लिए पेंशनर्स को अपने Android स्मार्टफोन में दो ऐप डाउनलोड करने होंगे। पहला AadhaarFaceRD और दूसरा Jeevan Pramaan Face App है। ये ऐप Google Play Store पर उपलब्ध हैं। फोन में कैमरा और इंटरनेट कनेक्शन होना जरूरी है। फेस ऑथेंटिकेशन की सुविधा वाले सपोर्टेड iPhone पर भी संबंधित ऐप इस्तेमाल किए जा सकते हैं।
मोबाइल से लाइफ सर्टिफिकेट कैसे जमा करें?
सबसे पहले दोनों ऐप इंस्टॉल करें। इसके बाद Jeevan Pramaan ऐप खोलकर ऑपरेटर रजिस्ट्रेशन पूरा करें। आधार नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज करके OTP के जरिए वेरिफिकेशन करें।
इसके बाद पेंशनर का आधार नंबर, मोबाइल नंबर, PPO नंबर, पेंशन अकाउंट नंबर और संबंधित पेंशन की जानकारी भरें। अब फेस ऑथेंटिकेशन का विकल्प चुनें।फोन का कैमरा चेहरे के सामने रखें और स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों का पालन करें। पहचान सफल होने पर डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जनरेट हो जाएगा।
सर्टिफिकेट जमा हुआ या नहीं, कैसे पता चलेगा?
प्रोसेस सफल होने पर पेंशनर को मोबाइल पर SMS के जरिए Jeevan Pramaan ID मिलती है। इस ID की मदद से आधिकारिक वेबसाइट jeevanpramaan.gov.in पर सर्टिफिकेट डाउनलोड किया जा सकता है।
डिजिटल सर्टिफिकेट संबंधित पेंशन वितरण एजेंसी को इलेक्ट्रॉनिक तरीके से उपलब्ध हो जाता है। हालांकि, पेंशनर्स को अपना स्टेटस जरूर चेक करना चाहिए।
किन बातों का रखना होगा ध्यान?
आधार नंबर पेंशन रिकॉर्ड से जुड़ा होना चाहिए। PPO और बैंक अकाउंट की जानकारी सही भरें। फेस स्कैन करते समय पर्याप्त रोशनी रखें। अगर फेस ऑथेंटिकेशन फेल हो जाए, तो दोबारा कोशिश करें।
ध्यान दें: डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट की यह प्रक्रिया मुख्य रूप से उन पेंशनर्स के लिए है जिनकी पेंशन वितरण एजेंसी Jeevan Pramaan स्वीकार करती है। EPFO की EPS-95 पेंशन पाने वाले लोग भी इसका इस्तेमाल कर सकते हैं।