Star Health Insurance पर ₹2 करोड़ का जुर्माना, क्या ग्राहकों को वापस मिलेगा पैसा?

हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी Star Health पर IRDAI ने ₹2 करोड़ का जुर्माना लगाया है। नियामक को कुछ मामलों में क्लेम खारिज करने और भुगतान से कटौती करने में गड़बड़ियां मिली हैं। अब सवाल है कि क्या प्रभावित ग्राहकों को पैसा वापस मिलेगा? जानिए बीमा कंपनी किन वजहों से क्लेम रोक सकती है और गलत कटौती होने पर शिकायत कहां करें।

Advertisement
क्लेम खारिज करने में गड़बड़ी पर ₹1 करोड़ और अनुचित कटौती व पर्याप्त जानकारी नहीं देने पर ₹1 करोड़ का जुर्माना लगा है।
क्लेम खारिज करने में गड़बड़ी पर ₹1 करोड़ और अनुचित कटौती व पर्याप्त जानकारी नहीं देने पर ₹1 करोड़ का जुर्माना लगा है।

In Short

  • IRDAI ने Star Health पर ₹2 करोड़ का जुर्माना लगाया।
  • कुछ क्लेम खारिज करने और कटौती करने में उल्लंघन मिले।
  • जुर्माने से ग्राहकों को अपने आप रिफंड नहीं मिलेगा।

By Shakshi:

हेल्थ इंश्योरेंस लेने वालों के लिए एक अहम खबर सामने आई है। बीमा नियामक IRDAI ने Star Health and Allied Insurance पर ₹2 करोड़ का जुर्माना लगाया है। कंपनी पर कुछ हेल्थ इंश्योरेंस क्लेम बिना उचित आधार के खारिज करने और पॉलिसी की शर्तों से समर्थित न होने वाली कटौती करने के मामले सामने आए हैं।

इस कार्रवाई के बाद सवाल उठ रहा है कि जिन ग्राहकों के क्लेम गलत तरीके से खारिज हुए, क्या उन्हें अब पैसा वापस मिलेगा?

Star Health पर क्यों लगा जुर्माना?

IRDAI ने 31 जनवरी से 11 फरवरी 2022 के बीच कंपनी का निरीक्षण किया था। इसके बाद दिसंबर 2024 में कारण बताओ नोटिस जारी हुआ और जून 2025 में सुनवाई हुई।

20 नवंबर 2026 को जारी आदेश में नियामक ने पाया कि कुछ क्लेम, जिनमें कोविड-19 से जुड़े मामले भी शामिल थे, ऐसे आधारों पर खारिज किए गए जिन्हें उचित नहीं माना गया।

इसके अलावा कुछ क्लेम में ऐसी कटौती की गई जिसका पॉलिसी की शर्तों में पर्याप्त आधार नहीं था।

कुल ₹2 करोड़ के जुर्माने में ₹1 करोड़ गलत तरीके से क्लेम खारिज करने और ₹1 करोड़ अनुचित कटौती तथा ग्राहकों को पर्याप्त जानकारी नहीं देने से जुड़े उल्लंघनों के लिए लगाया गया है।

क्या कंपनी बिना वजह क्लेम खारिज कर सकती है?

बीमा कंपनी वैध कारणों से क्लेम खारिज कर सकती है। इनमें पॉलिसी में शामिल नहीं होने वाला इलाज, वेटिंग पीरियड या दूसरी लागू शर्तें हो सकती हैं।

लेकिन कंपनी को अपने फैसले का स्पष्ट कारण बताना होगा।

IRDAI ने Star Health को क्लेम सेटलमेंट लेटर में मंजूर रकम, खारिज खर्च, अस्पताल से मिलने वाले डिस्काउंट और बीमा राशि में कटौती जैसी जानकारियां स्पष्ट रूप से देने का निर्देश दिया है।

क्लेम खारिज हो जाए तो क्या करें?

अगर आपका हेल्थ इंश्योरेंस क्लेम खारिज होता है या अस्पताल के बिल से कम भुगतान मिलता है, तो सबसे पहले बीमा कंपनी से लिखित कारण मांगें।

इसके बाद पॉलिसी की संबंधित शर्त जांचें और सभी कटौतियों का विस्तृत विवरण लें।

जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर कंपनी के शिकायत निवारण अधिकारी से संपर्क करें।

समस्या बनी रहने पर IRDAI के Bima Bharosa पोर्टल या पात्रता के अनुसार Insurance Ombudsman के पास शिकायत की जा सकती है।

क्या पुराने ग्राहकों को पैसा वापस मिलेगा?

₹2 करोड़ का जुर्माना लगने का मतलब यह नहीं है कि सभी पुराने क्लेम दोबारा खोले जाएंगे या हर प्रभावित ग्राहक को अपने आप मुआवजा मिलेगा।

Star Health ने 20 नवंबर को शेयर बाजार को दी जानकारी में कहा कि इस आदेश का वित्तीय असर जुर्माने तक सीमित रहने की उम्मीद है और परिचालन पर असर नहीं पड़ेगा।

कंपनी उपलब्ध विकल्पों पर विचार कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कितने ग्राहक प्रभावित हुए या उनके कितने पैसे विवादित हैं।

Read more!
Advertisement