इंटरनेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड या UPI... किसमें फ्रॉड होने पर सबसे कम होती है पैसे वापस मिलने की उम्मीद?

डिजिटल पेमेंट के बढ़ते इस्तेमाल के बीच फ्रॉड की रकम वापस पाना बड़ी चुनौती बन गया है। इंटरनेट बैंकिंग, UPI और क्रेडिट कार्ड से जुड़े फ्रॉड को लेकर सरकारी आंकड़ों में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। वहीं, ग्राहकों के पैसों की सुरक्षा के लिए RBI भी नए नियम लाने की तैयारी में है।

Advertisement

In Short

  • डिजिटल पेमेंट फ्रॉड के 5.83 लाख से ज्यादा मामले दर्ज
  • फ्रॉड में फंसी कुल रकम में से सिर्फ 6.66 फीसदी की रिकवरी
  • डिजिटल फ्रॉड रोकने के लिए बैंकों की जवाबदेही बढ़ाने की तैयारी

By Gungun Mishra:

डिजिटल पेमेंट ने पैसों के लेनदेन को आसान बना दिया है, लेकिन डिजिटल फ्रॉड का शिकार होने वाले लोगों के लिए अपना पैसा वापस पाना बड़ी चुनौती बना हुआ है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2021-22 से सितंबर 2025 तक डिजिटल पेमेंट फ्रॉड में फंसी कुल रकम में से 7 फीसदी भी वापस नहीं मिल पाई है। वहीं, इंटरनेट बैंकिंग और UPI के जरिए हुए फ्रॉड में पैसे की रिकवरी दर काफी कम रही है।

वित्त मंत्रालय की ओर से भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के आंकड़ों के आधार पर दी गई जानकारी के मुताबिक, इस अवधि में बैंकों और वित्तीय संस्थानों ने डिजिटल पेमेंट फ्रॉड के 5,83,291 मामले दर्ज किए। इनमें 3,588.22 करोड़ रुपये की रकम शामिल थी, जिसमें से सिर्फ 238.83 करोड़ रुपये की रिकवरी हो सकी। कुल रिकवरी दर 6.66 फीसदी रही।

इंटरनेट बैंकिंग में पैसे वापस मिलना मुश्किल

इंटरनेट बैंकिंग के जरिए हुए फ्रॉड में सबसे ज्यादा रकम शामिल थी। इस दौरान इंटरनेट बैंकिंग फ्रॉड के 2,42,562 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 1,730.14 करोड़ रुपये की रकम शामिल थी। इसमें से सिर्फ 24.83 करोड़ रुपये वापस मिले।

वहीं, क्रेडिट कार्ड फ्रॉड के सबसे ज्यादा 2,43,849 मामले दर्ज किए गए। हालांकि, इंटरनेट बैंकिंग और UPI के मुकाबले क्रेडिट कार्ड में रिकवरी दर बेहतर रही।

किस डिजिटल पेमेंट में कितनी हुई रिकवरी?

Source: Ministry of Finance, based on RBI data (FY22 to September 2025).

रिकवरी दर में इतना अंतर क्यों?

फ्रॉड की शिकायत कितनी जल्दी की गई, रकम को दूसरे खाते में जाने से पहले फ्रीज किया गया या नहीं और विवाद सुलझाने की व्यवस्था कैसी है, इन बातों पर रिकवरी निर्भर करती है। क्रेडिट कार्ड में कुछ परिस्थितियों में चार्जबैक की सुविधा मिलती है। वहीं, तुरंत पैसे ट्रांसफर करने वाले पेमेंट सिस्टम में रकम कई खातों में पहुंचने के बाद रिकवरी मुश्किल हो सकती है।

हालांकि, सिर्फ रिकवरी दर के आधार पर किसी पेमेंट सिस्टम को सुरक्षित या असुरक्षित नहीं कहा जा सकता।

RBI बढ़ाएगा बैंकों की जवाबदेही

RBI ने डिजिटल बैंकिंग फ्रॉड रोकने के लिए नए नियमों का प्रस्ताव दिया है। इसमें ट्रांजैक्शन अलर्ट भेजने में देरी, सुरक्षा में चूक, फ्रॉड की शिकायत दर्ज करने की पर्याप्त सुविधा नहीं होने और बैंक कर्मचारियों की धोखाधड़ी में मिलीभगत जैसे मामलों में बैंकों की जवाबदेही बढ़ाने की बात कही गई है।

इसके अलावा RBI ने 'स्टॉप स्विच' का प्रस्ताव दिया है, जिससे ग्राहक फ्रॉड का शक होने पर इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग ट्रांजैक्शन रोक सकेंगे। बड़ी रकम के लेनदेन के लिए स्वैच्छिक ट्रस्टेड पर्सन मैकेनिज्म का भी प्रस्ताव है।

डिजिटल फ्रॉड होने पर क्या करें?

ग्राहकों को संदिग्ध ट्रांजैक्शन की जानकारी तुरंत बैंक को देनी चाहिए। इसके अलावा साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करनी चाहिए और ट्रांजैक्शन से जुड़े रिकॉर्ड संभालकर रखने चाहिए।

RBI ने प्रस्तावित नियमों पर 14 दिसंबर 2026 तक सुझाव मांगे हैं। इन नियमों को 1 जुलाई 2027 से लागू करने का प्रस्ताव है।

Read more!
Advertisement