Health Insurance में Individual या Family Floater? जानिए कौन सा प्लान आपके लिए बेहतर
हेल्थ इंश्योरेंस खरीदते समय सबसे बड़ा सवाल होता है कि Individual Policy लें या Family Floater। Hercules Advisors के फाउंडर आदित्य शाह ने बिजनेस टुडे के शो में बताया कि सही चुनाव के लिए Unlimited Refill जैसे फीचर को समझना जरूरी है। उन्होंने बताया कि किन परिस्थितियों में Family Floater बेहतर विकल्प हो सकता है और कब Individual Policy लेनी चाहिए।

In Short
- Unlimited Refill फीचर हेल्थ इंश्योरेंस में बेहद जरूरी बन चुका है।
- रिफिल सुविधा वाली पॉलिसी में Family Floater एक अच्छा विकल्प हो सकता है।
- PSU इंश्योरेंस पॉलिसी लेने वालों को कवरेज और फीचर्स जांचने की सलाह।
हेल्थ इंश्योरेंस लेते समय लोगों के मन में अक्सर यह सवाल रहता है कि Individual Health Insurance पॉलिसी लेनी चाहिए या Family Floater प्लान बेहतर रहेगा। परिवार की जरूरत, कवरेज और पॉलिसी में मिलने वाले फीचर्स के आधार पर सही विकल्प चुना जा सकता है।
बिजनेस टुडे के एक शो में सीनियर एंकर साक्षी बत्रा के सवालों का जवाब देते हुए Hercules Advisors के फाउंडर आदित्य शाह ने बताया कि हेल्थ इंश्योरेंस में Individual और Family Floater के बीच चुनाव करते समय सबसे अहम फीचर Unlimited Refill है।
Unlimited Refill क्यों है जरूरी?
आदित्य शाह ने बताया कि आज ज्यादातर रिटेल हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी में Unlimited Refill की सुविधा दी जा रही है। इसका मतलब है कि अगर आपकी पॉलिसी की पूरी Sum Insured राशि इस्तेमाल हो जाती है, तो इंश्योरेंस कंपनी उसे दोबारा उपलब्ध करा देती है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए समझाया कि अगर किसी व्यक्ति के पास ₹10 लाख की हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी है और इलाज में पूरे ₹10 लाख खर्च हो जाते हैं, तो Unlimited Refill फीचर के तहत कंपनी दोबारा ₹10 लाख का कवर उपलब्ध करा सकती है।
इस फीचर की वजह से एक ही साल में कई बार बड़े मेडिकल खर्च आने की स्थिति में भी अतिरिक्त सुरक्षा मिल सकती है।
Unlimited Refill है तो Family Floater चुन सकते हैं
आदित्य शाह के मुताबिक, अगर किसी हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी में बिना किसी बड़ी पाबंदी के Unlimited Refill मौजूद है, तो ग्राहक Family Floater पॉलिसी पर विचार कर सकते हैं।
Family Floater में एक ही Sum Insured परिवार के सभी सदस्यों के लिए उपलब्ध होता है। इसमें पति, पत्नी और बच्चों जैसे परिवार के सदस्यों को एक ही पॉलिसी के तहत कवर किया जाता है।
वहीं, अगर पॉलिसी में Unlimited Refill की सुविधा नहीं है, तो परिवार के हर सदस्य के लिए अलग-अलग Individual Policy लेना ज्यादा बेहतर विकल्प हो सकता है।
Private और PSU इंश्योरेंस पॉलिसी में अंतर
आदित्य शाह ने बताया कि ज्यादातर प्राइवेट इंश्योरेंस कंपनियों की रिटेल हेल्थ पॉलिसी में Unlimited Refill की सुविधा उपलब्ध होती है। ऐसे में ग्राहक Family Floater का विकल्प चुन सकते हैं।
हालांकि, PSU यानी पब्लिक सेक्टर इंश्योरेंस कंपनियों की पॉलिसी में यह सुविधा आमतौर पर नहीं मिलती। इसलिए PSU कंपनियों से हेल्थ इंश्योरेंस लेने वाले ग्राहकों को Sum Insured, Refill सुविधा और पॉलिसी की शर्तों को ध्यान से समझना चाहिए।
पॉलिसी खरीदने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
हेल्थ इंश्योरेंस चुनते समय सिर्फ प्रीमियम देखकर फैसला नहीं करना चाहिए। ग्राहक को यह देखना चाहिए कि पॉलिसी में कितना कवरेज मिल रहा है, Refill सुविधा कैसी है, Waiting Period क्या है और पहले से मौजूद बीमारियों को लेकर क्या नियम हैं।
आदित्य शाह के मुताबिक, सही हेल्थ इंश्योरेंस चुनने के लिए परिवार की जरूरत और पॉलिसी के फीचर्स को समझना जरूरी है। Unlimited Refill जैसी सुविधाएं भविष्य में बड़े मेडिकल खर्चों के समय अतिरिक्त सुरक्षा देने में मदद कर सकती हैं।