LPG डिस्ट्रीब्यूटर बनकर कमाएं ₹4-5 लाख तक महीना! जानिए एजेंसी लेने की पूरी प्रक्रिया और पात्रता
हर घर में या तो एलपीजी का सिलेंडर या फिर एलपीजी गैस की पाइपलाइन मिल जाएगी। ऐसे में अगर आप किसी ऐसे बिजनेस की तलाश में हैं जहां अच्छा डिमांड हो और अच्छा पैसा कमाया जा सके तो आप गैस एंजेसी खोलने पर विचार कर सकते हैं।

In Short
- इंडेन, भारत गैस या HP गैस की LPG एजेंसी लेकर स्थिर और बढ़ती मांग वाला बिजनेस शुरू किया जा सकता है।
- गैस एजेंसी खोलने के लिए करीब 15 से 30 लाख रुपये तक का शुरुआती निवेश लग सकता है।
- एक एजेंसी महीने में हजारों सिलेंडर सप्लाई कर 60 हजार से लेकर 4-5 लाख रुपये तक मासिक मुनाफा कमा सकती है।
How to open Gas Agency: देश में एलपीजी की सप्लाई को सुनिश्चित करने के लिए सरकार और देश की बड़ी ऑयल मार्केटिंग कंपनियां हर संभव कदम उठा रही हैं। तेल कंपनियों को सख्त निर्देश हैं कि वे घरेलू एलपीजी को प्राथमिकता दें।
हर घर में या तो एलपीजी का सिलेंडर या फिर एलपीजी गैस की पाइपलाइन मिल जाएगी। ऐसे में अगर आप किसी ऐसे बिजनेस की तलाश में हैं जहां अच्छा डिमांड हो और अच्छा पैसा कमाया जा सके तो आप गैस एंजेसी खोलने पर विचार कर सकते हैं। आप या तो इंडेन गैस, भारत गैस या फिर एचपी गैस की एजेंसी खोल सकते हैं।
एलपीजी एजेंसी के लिए कौन कर सकता है आवेदन?
- भारतीय नागरिक हों
- न्यूनतम 10वीं पास होने चाहिए
- उम्र 21 से 60 साल के बीच हो
- परिवार का कोई सदस्य ओएमसी यानी तेल मार्केटिंग कंपनियों में काम न करता हो।
- आवेदन शुल्क अधिकतम 10,000 रुपये है और यह नॉन-रिफंडेबल होता है।
सरकार ने अलग-अलग वर्गों के लिए आरक्षण भी तय किया है। अनुसूचित जाति, जनजाति, पूर्व सैनिक, स्वतंत्रता सेनानी, राष्ट्रीय खिलाड़ी और दिव्यांग उम्मीदवारों को प्राथमिकता मिलती है।
कहां से ले सकते हैं गैस एजेंसी?
देश की तीन बड़ी ऑयल मार्केटिंग कंपनियां एलपीजी की डिस्ट्रीब्यूटरशिप संभालती हैं।
- इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (Indian Oil Corporation Limited) इंडेन गैस (Indane Gas) की डिस्ट्रीब्यूटरशिप देती है।
- भारत पेट्रोलियम (Bharat Petroleum) भारत गैस (Bharat Gas) के लिए डिस्ट्रीब्यूटरशिप प्रदान करती है।
- हिंदुस्तान पेट्रोलियम (Hindustan Petroleum) एचपी गैस (HP Gas) के लिए डिस्ट्रीब्यूटरशिप देती है।
आप इन तीनों कंपनियों के विज्ञापनों पर नजर रख सकते हैं। कंपनियां अक्सर नए विज्ञापन जारी कर नए डिस्ट्रीब्यूटर चुनती हैं।
कैसे करें आवेदन?
गैस एजेंसी के लिए आवेदन करने के लिए आप ऑनलाइन पोर्टल https://www.lpgvitarakchayan.in पर आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा इनसे जुड़ी कंपनियों की वेबसाइट पर भी आपको अधिक जानकारी मिल जाएगी। डिस्ट्रीब्यूटर चुनने की प्रक्रिया अलग-अलग चरणों में होती है।
- आवेदन जांच
- इंटरव्यू
- दस्तावेजों का वेरिफिकेशन
- फील्ड वेरिफिकेशन
अगर एक क्षेत्र में कई उम्मीदवार योग्यता पूरी करते हों, तो चयन के लिए लकी ड्रॉ का भी सहारा लिया जा सकता है।
जमीन और लाइसेंस से जुड़ी शर्तें
- हर मौसम में पहुंच योग्य सड़क जरूरी
- एलपीजी सिलेंडर स्टोर करने के लिए सुरक्षित गोदाम
- जमीन खुद की हो या कम से कम 15 साल की लीज पर
- चयन के बाद गोदाम खुद बनवाना होगा
- ओएमसी की टीम जमीन और दस्तावेजों की जांच करती है।
एलपीजी सिलेंडर की एजेंसी खोलने में कितने पैसे लगेंगे?
गैस एजेंसी शुरू करने में 15 से 30 लाख रुपये तक का शुरुआती निवेश लग सकता है। इसमें कई चीजें शामिल होती हैं, जैसे
- सिक्योरिटी डिपॉजिट
- गोदाम और ऑफिस निर्माण या किराया
- कंप्यूटर, प्रिंटर, वजन मशीन
- डिलीवरी वाहन
अच्छी बात यह है कि कई बैंक इस बिजनेस के लिए लोन भी देते हैं।
गैस एजेंसी खोलने पर कितनी कमाई होगी?
डिस्ट्रीब्यूटर को प्रति 14.2 किलो सिलेंडर पर करीब 75 से 80 रुपये का कमीशन मिलता है, जिसमें डिलीवरी चार्ज भी शामिल है। यह कमीशन अलग-अलग भी हो सकता है।
अब मान लीजिए कि अगर कोई एजेंसी महीने में 3,000 सिलेंडर सप्लाई करती है तो कमीशन होगा- 3,000 × 80 = 2,40,000 रुपये
इसमें से खर्च जैसे स्टाफ, ईंधन और किराया निकालने के बाद भी 60,000 से 70,000 रुपये तक बचत संभव है।
शहरों की बात करें तो कई डिस्ट्रीब्यूटर रोज 500 सिलेंडर तक यानी महीने में करीब 15,000 सिलेंडर डिलीवर करते हैं। ऐसे में उनका कमीशन बनेगा- 15,000 × 80 = 12,00,000 रुपये
इसमें खर्च निकालने के बाद भी 4 से 5 लाख रुपये मंथली मुनाफा कमाया जा सकता है। इसके अलावा नए कनेक्शन पर कमीशन, गैस स्टोव, रेगुलेटर और पाइप की बिक्री से अतिरिक्त कमाई भी होती है।
एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटरशिप ऐसा बिजनेस है जिसमें मांग की चिंता कम होती है। लेकिन शुरुआत में मोटा निवेश, कागजी प्रक्रिया और नियमों का पालन जरूरी होता है। देश में एलपीजी की मांग हर साल लगभग 5 से 6 प्रतिशत की दर से बढ़ रही है, इसलिए यह बिजनेस स्थिर और बढ़ती कमाई वाला माना जाता है। सही लोकेशन और अच्छी सेवा के साथ यह बिजनेस लंबे समय तक स्थिर कमाई दे सकता है।