रिटायरमेंट के लिए 5 करोड़ 10 करोड़ या 40 करोड़? जानें कितना पैसा है काफी

रिटायरमेंट के लिए कितने पैसे चाहिए इसे लेकर Edelweiss Mutual Fund की एमडी और सीईओ राधिका गुप्ता ने कहा कि 40 करोड़ रुपये जैसी बड़ी रकम जरूरी नहीं है। उन्होंने बताया कि रिटायरमेंट की जरूरत हर व्यक्ति के खर्च और जीवनशैली पर निर्भर करती है।

Advertisement

In Short

  • राधिका गुप्ता ने कहा कि रिटायरमेंट के लिए 40 करोड़ रुपये जैसी बड़ी रकम जरूरी नहीं है।
  • उनके मुताबिक रिटायरमेंट के लिए जरूरी रकम हर व्यक्ति के खर्च और जीवनशैली पर निर्भर करती है।
  • उन्होंने निवेश की शुरुआत छोटी रकम से करने और समय के साथ इसे बढ़ाने की सलाह दी।

By Gaurav Kumar:

रिटायरमेंट की प्लानिंग करते समय सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि आखिर कितने पैसे होने पर आप बिना नौकरी के आराम से जिंदगी चला सकते हैं। क्या 1 करोड़ रुपये काफी हैं या 5 करोड़, 10 करोड़ और 40 करोड़ रुपये जैसी बड़ी रकम चाहिए? इस पर Edelweiss Mutual Fund की एमडी और सीईओ राधिका गुप्ता का कहना है कि रिटायरमेंट के लिए कोई एक तय रकम नहीं होती। जरूरत आपके खर्च और जीवनशैली पर निर्भर करती है।

पहले अपने खर्च का हिसाब लगाएं

राधिका गुप्ता ने कहा कि रिटायरमेंट के लिए जरूरी रकम हर व्यक्ति के लिए अलग होती है। यह उसकी जीवनशैली, शहर, मौजूदा संपत्ति और घर की स्थिति पर निर्भर करती है।

उनके मुताबिक 40 या 50 की उम्र में व्यक्ति को सबसे पहले यह देखना चाहिए कि नौकरी नहीं होने पर उसे कितने पैसे की जरूरत होगी। अगर घर पहले से अपना है तो उसके खर्च को इसमें शामिल करने की जरूरत नहीं है। इसके बाद भविष्य के खर्च का अनुमान महंगाई और जीवनशैली में बदलाव को ध्यान में रखकर लगाना चाहिए।

मुंबई में 5 से 7 करोड़ रुपये का उदाहरण

राधिका गुप्ता ने उदाहरण देते हुए कहा कि मुंबई जैसे महंगे शहर में अगर किसी व्यक्ति का घर पूरी तरह चुका हुआ है तो करीब 5 करोड़ से 7 करोड़ रुपये की रकम से वह आराम से रिटायर हो सकता है।

वहीं उन्होंने दिल्ली में रहने वाले परिवार का उदाहरण दिया। अगर घर अपना है लेकिन बच्चों की कमाई अभी शुरू नहीं हुई है तो करीब 7 करोड़ से 8 करोड़ रुपये का पोर्टफोलियो 60 साल की उम्र में अच्छी स्थिति दे सकता है।

उन्होंने साफ किया कि ये सभी लोगों के लिए तय रिटायरमेंट लक्ष्य नहीं हैं। हर व्यक्ति की जरूरत और जिम्मेदारियां अलग होती हैं।

100 रुपये से भी शुरू कर सकते हैं निवेश

राधिका गुप्ता का कहना है कि रिटायरमेंट के लिए करोड़ों रुपये की जरूरत हो सकती है, लेकिन निवेश की शुरुआत बड़ी रकम से करना जरूरी नहीं है। उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति 100 रुपये से भी म्यूचुअल फंड में निवेश शुरू कर सकता है।

उनके मुताबिक निवेश एक आदत और अनुशासन का मामला है। उन्होंने युवाओं के लिए 10 फीसदी बचत का नियम भी बताया। 20 की उम्र में कम से कम 10 फीसदी आय बचाने से निवेश की आदत बनाई जा सकती है और आय बढ़ने के साथ निवेश की रकम भी बढ़ाई जा सकती है।

10-30-50 का फॉर्मूला

राधिका गुप्ता ने 10-30-50 का फॉर्मूला भी बताया। इसके मुताबिक 20 की उम्र में टैक्स के बाद की आय का 10 फीसदी, 30 की उम्र में 30 फीसदी और 40 की उम्र में 50 फीसदी निवेश करने का सुझाव है।

उनका कहना है कि रिटायरमेंट के लिए किसी एक बड़े आंकड़े के पीछे भागने की बजाय अपनी जरूरत का हिसाब लगाना चाहिए। जल्दी शुरुआत करके और समय के साथ निवेश बढ़ाकर रिटायरमेंट की तैयारी की जा सकती है।

Read more!
Advertisement