रिटायरमेंट के लिए 40 करोड़ जरूरी नहीं, राधिका गुप्ता ने बताया कितना फंड हो सकता है काफी

रिटायरमेंट के लिए 40 करोड़ रुपये का फंड बनाना हर किसी के लिए जरूरी नहीं है। राधिका गुप्ता के मुताबिक सही रकम आपकी जीवनशैली, खर्च और जिम्मेदारियों पर निर्भर करती है। उन्होंने मुंबई और दिल्ली NCR के उदाहरण देकर बताया कि सही प्लानिंग और छोटी SIP से भी मजबूत फंड बनाया जा सकता है।

Advertisement
रिटायरमेंट के लिए 40 करोड़ जरूरी नहीं
रिटायरमेंट के लिए 40 करोड़ जरूरी नहीं

In Short

  • राधिका गुप्ता ने कहा कि हर किसी को रिटायरमेंट के लिए 40 करोड़ रुपये की जरूरत नहीं होती।
  • मुंबई में अपना घर होने पर 5 से 7 करोड़ रुपये का Portfolio पर्याप्त हो सकता है।
  • निवेश की शुरुआत कई Mutual Funds में सिर्फ 100 रुपये से भी की जा सकती है।

By Gaurav Kumar:

रिटायरमेंट की प्लानिंग करते समय सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि आखिर कितना पैसा जमा करना चाहिए। क्या 1 करोड़ रुपये काफी होंगे या 5 करोड़, 10 करोड़ या फिर 40 करोड़ रुपये का फंड बनाना जरूरी है?

इसी सवाल पर Edelweiss Mutual Fund की MD और CEO राधिका गुप्ता ने India Today Woman Summit 2026 में Business Today TV की एंकर साक्षी बत्रा से बातचीत के दौरान आसान जवाब दिया।

राधिका गुप्ता ने कहा कि लोगों को 40 करोड़ रुपये जैसे बड़े आंकड़ों से डरने की जरूरत नहीं है। उनके मुताबिक हर व्यक्ति को रिटायरमेंट के लिए इतनी बड़ी रकम की जरूरत नहीं होती।

40 करोड़ का लक्ष्य जरूरी नहीं

राधिका गुप्ता ने कहा कि जब लोगों को बार-बार यह सुनने को मिलता है कि रिटायरमेंट के लिए 40 करोड़ रुपये चाहिए, तो कई लोग शुरुआत करने से पहले ही हार मान लेते हैं। उनके मुताबिक निवेश में सबसे जरूरी चीज बड़ी रकम नहीं, बल्कि शुरुआत और लगातार निवेश करने की आदत है।

सिर्फ 100 रुपये से भी हो सकती है शुरुआत

गुप्ता ने कहा कि कई Mutual Funds में निवेश सिर्फ 100 रुपये से शुरू किया जा सकता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि लोग अक्सर सिनेमा हॉल में पॉपकॉर्न पर 200 रुपये से ज्यादा खर्च कर देते हैं, जबकि निवेश की शुरुआत इससे भी कम रकम से हो सकती है। उनका कहना है कि निवेश को आदत बनाना ज्यादा जरूरी है।

उम्र के साथ बढ़ाएं निवेश

राधिका गुप्ता ने अपने 10-30-50 फॉर्मूले का भी जिक्र किया। इसके मुताबिक 20 की उम्र में टैक्स के बाद मिलने वाली आय का करीब 10 प्रतिशत निवेश से शुरू किया जा सकता है। 30 की उम्र में इसे 30 प्रतिशत और 40 की उम्र में 50 प्रतिशत तक बढ़ाया जा सकता है।

रिटायरमेंट की रकम कैसे तय करें

उनके मुताबिक रिटायरमेंट की जरूरत हर व्यक्ति के लिए अलग होती है। इसके लिए यह देखना चाहिए कि नौकरी नहीं रहने पर हर महीने कितना खर्च चाहिए होगा।

इस खर्च में महंगाई और Lifestyle Inflation को भी जोड़ना जरूरी है। उन्होंने करीब 12 प्रतिशत Lifestyle Inflation को ध्यान में रखने की बात कही।

मुंबई में 5 से 7 करोड़ का उदाहरण

राधिका गुप्ता ने कहा कि मुंबई जैसे महंगे शहर में अगर किसी व्यक्ति का घर पूरी तरह चुका हुआ है, तो करीब 5 से 7 करोड़ रुपये का Portfolio आरामदायक रिटायरमेंट के लिए पर्याप्त हो सकता है।

दिल्ली NCR का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि अगर घर का भुगतान पूरा हो चुका है और परिवार की जिम्मेदारियां भी हैं, तो 60 साल की उम्र में 7 से 8 करोड़ रुपये का Portfolio अच्छी स्थिति माना जा सकता है।

छोटी SIP भी काम की

गुप्ता के मुताबिक 20 हजार या 30 हजार रुपये की SIP से भी शुरुआत की जा सकती है। असली बात यह है कि निवेश नियमित हो और आय बढ़ने के साथ उसकी रकम भी बढ़ाई जाए।

रिटायरमेंट के लिए कोई एक तय आंकड़ा सभी पर लागू नहीं होता। उम्र, खर्च, घर, परिवार की जिम्मेदारियां, Health Insurance और महंगाई जैसे फैक्टर तय करते हैं कि आपको कितना फंड चाहिए।

Read more!
Advertisement