सरकारी बैंकों से ज्यादा ब्याज का दावा! कुकर बेचने वाली कंपनी लाई FD स्कीम - जानिए कितना होगा फायदा

घर की रसोई में सालों से पहचान बना चुकी हॉकिन्स अब निवेशकों के लिए भी खास मौका लेकर आई है। कंपनी की नई FD स्कीम में क्या है खास, कितना मिलेगा ब्याज और कौन कर सकता है निवेश? जानिए इस स्कीम से जुड़ी पूरी जानकारी, जो आपके लिए फायदेमंद हो सकती है।

Advertisement

In Short

  • हॉकिन्स कुकर्स की नई FD स्कीम 16 सितंबर से होगी शुरू, मिलेगा 8% तक ब्याज
  • 13 महीने से 36 महीने तक निवेश का विकल्प, न्यूनतम निवेश 25,000 रुपये
  • ICRA AA- (स्थिर) रेटिंग वाली इस FD में अधिकतम 50 लाख रुपये तक कर सकते हैं निवेश

By Gungun Mishra:

घर-घर में प्रेशर कुकर के लिए पहचानी जाने वाली कंपनी हॉकिन्स कुकर्स अब निवेशकों के लिए भी कमाई का मौका लेकर आई है। कंपनी 16 सितंबर से अपनी नई फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) स्कीम शुरू करने जा रही है। इस स्कीम में निवेशकों को 36 महीने यानी 3 साल की अवधि के लिए 8% तक का ब्याज ऑफर किया जा रहा है।

हॉकिन्स कुकर्स की यह FD स्कीम खास इसलिए भी है क्योंकि इसे ICRA AA- (स्थिर) रेटिंग मिली है। कंपनी ने बताया है कि उसके ऊपर लिए गए कर्ज के भुगतान में डिफॉल्ट का कोई इतिहास नहीं रहा है।

13 महीने से 36 महीने तक निवेश का विकल्प

हॉकिन्स कुकर्स FD स्कीम में निवेशक अलग-अलग अवधि के लिए पैसा जमा कर सकते हैं। कंपनी 13 महीने, 24 महीने और 36 महीने की अवधि के लिए FD का विकल्प दे रही है।

इस स्कीम के तहत 13 महीने की FD पर 7.5% ब्याज मिलेगा। वहीं 24 महीने की अवधि के लिए ब्याज दर 7.75% रखी गई है। अगर कोई निवेशक 36 महीने यानी 3 साल के लिए पैसा जमा करता है तो उसे 8% तक का ब्याज मिलेगा।

इस FD स्कीम में न्यूनतम निवेश राशि 25,000 रुपये रखी गई है। इसके बाद निवेशक 1,000 रुपये के गुणकों में अतिरिक्त राशि जमा कर सकते हैं। इस योजना में अधिकतम 50 लाख रुपये तक निवेश किया जा सकता है।

Image Credit: AAJ TAK

25 हजार रुपये निवेश पर कितना मिलेगा रिटर्न?

अगर कोई निवेशक हॉकिन्स कुकर्स FD में न्यूनतम 25,000 रुपये जमा करता है तो अवधि के हिसाब से मिलने वाली रकम अलग-अलग होगी।

13 महीने की FD पर 7.5% ब्याज के हिसाब से निवेशक को मैच्योरिटी पर 27,109 रुपये मिलेंगे। वहीं 24 महीने की FD में 7.75% ब्याज के आधार पर यह रकम बढ़कर 29,177 रुपये हो जाएगी।

अगर निवेशक 36 महीने यानी तीन साल के लिए 25,000 रुपये जमा करता है तो 8% ब्याज दर के हिसाब से उसे मैच्योरिटी पर 31,756 रुपये मिलेंगे।

2019 में ज्यादा ब्याज ऑफर कर चुकी है कंपनी

हालांकि, हॉकिन्स कुकर्स की मौजूदा FD स्कीम में मिलने वाला ब्याज साल 2019 की तुलना में कम है। उस समय कंपनी ने तीन साल की FD पर 10.5% ब्याज ऑफर किया था।

निवेशक इस नई FD स्कीम में निवेश करने के लिए कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट का इस्तेमाल कर सकते हैं।

1959 से कुकर बना रही है हॉकिन्स

हॉकिन्स कुकर्स भारतीय किचनवेयर और कुकवेयर बाजार में लंबे समय से एक जाना-पहचाना नाम है। कंपनी ने साल 1959 में भारत में प्रेशर कुकर की बिक्री शुरू की थी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी अब तक करीब 14 करोड़ से ज्यादा कुकर बेच चुकी है। अब कंपनी अपने निवेश विकल्प के जरिए लोगों को कमाई का एक नया मौका दे रही है।

Read more!
Advertisement