Gen Z नहीं चाहती ज्यादा वर्क फ्रॉम होम? ऑफिस जाने की चाहत में मिलेनियल्स से आगे निकले युवा

वर्क फ्रॉम होम को युवाओं की पहली पसंद माना जाता है, लेकिन एक नए ग्लोबल सर्वे ने इस धारणा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। Gen Z के कर्मचारी मिलेनियल्स से ज्यादा दिन ऑफिस जाना चाहते हैं। आखिर ऑफिस में ऐसा क्या है जो युवाओं को आकर्षित कर रहा है? जानिए।

Advertisement

In Short

  • Savills के सर्वे के मुताबिक Gen Z हफ्ते में औसतन 3.4 दिन ऑफिस जाना चाहती है।
  • Gen Z के 100% कर्मचारियों ने वर्क लाइफ बैलेंस को जरूरी या बेहद जरूरी बताया।
  • अच्छी Wi-Fi, पब्लिक ट्रांसपोर्ट और टीम के साथ काम करने के मौके Gen Z की प्राथमिकता हैं।

By Gungun Mishra:

नौकरी करने वाले युवाओं को लेकर आम धारणा है कि वे ऑफिस जाने के बजाय घर से काम करना ज्यादा पसंद करते हैं। लेकिन एक नए ग्लोबल सर्वे में इससे अलग तस्वीर सामने आई है। रियल एस्टेट कंसल्टेंसी कंपनी Savills के सर्वे के मुताबिक, Gen Z के कर्मचारी मिलेनियल्स के मुकाबले हफ्ते में ज्यादा दिन ऑफिस जाकर काम करना चाहते हैं। इसकी बड़ी वजह टीम के साथ काम करने, नई चीजें सीखने और लोगों से जुड़ने के मौके हैं।

हफ्ते में कितने दिन ऑफिस जाना चाहती है Gen Z?

3 नवंबर को जारी Savills Impacts Generational Preferences Survey के मुताबिक, 1997 से 2012 के बीच जन्मे Gen Z कर्मचारी हफ्ते में औसतन 3.4 दिन ऑफिस से काम करना पसंद करते हैं।

वहीं, युवा मिलेनियल्स हफ्ते में 3.2 दिन और अधिक उम्र वाले मिलेनियल्स 3.3 दिन ऑफिस जाना चाहते हैं। Gen Z की पसंद Generation X और Baby Boomers के करीब है, जो हफ्ते में औसतन 3.5 दिन ऑफिस से काम करना पसंद करते हैं।

सर्वे के मुताबिक, युवा कर्मचारी ऑफिस को सिर्फ काम करने की जगह नहीं मानते। उनके लिए ऑफिस नई स्किल सीखने, सीनियर्स से मार्गदर्शन लेने और दूसरे लोगों से जुड़ने का भी जरिया है।

ऑफिस पसंद लेकिन वर्क लाइफ बैलेंस भी जरूरी

Gen Z भले ही ज्यादा दिन ऑफिस जाना चाहती हो, लेकिन वर्क लाइफ बैलेंस से समझौता नहीं करना चाहती।

सर्वे में शामिल Gen Z के सभी यानी 100% कर्मचारियों ने वर्क लाइफ बैलेंस को जरूरी या बेहद जरूरी बताया।

सर्वे के मुताबिक, अलग-अलग पीढ़ियों के कर्मचारी फिलहाल हफ्ते में करीब चार दिन ऑफिस जाते हैं, जबकि उनकी पसंद इससे कम दिनों की है। इससे पता चलता है कि हाइब्रिड वर्किंग की अहमियत अब भी बनी हुई है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

ऑफिस में Gen Z को कौन सी सुविधाएं चाहिए?

सर्वे में सभी पीढ़ियों के कर्मचारियों ने अच्छी Wi-Fi सुविधा को सबसे ज्यादा अहमियत दी। Gen Z के लिए इसके बाद पब्लिक ट्रांसपोर्ट की बेहतर कनेक्टिविटी और शांति से काम करने की जगह महत्वपूर्ण है।

खास बात है कि Gen Z के 46% कर्मचारियों को ऑफिस पहुंचने में 41 मिनट या उससे ज्यादा समय लगता है। यह सर्वे में शामिल सभी पीढ़ियों के मुकाबले सबसे ज्यादा है।

इसके अलावा Gen Z ऑफिस में टीमवर्क, लोगों से बातचीत और सीखने के अवसर चाहती है। आसपास रेस्टोरेंट, जिम और वेलनेस सेंटर जैसी सुविधाएं भी महत्वपूर्ण हैं। Gen Z ने खासतौर पर जिम और Pilates स्टूडियो को पसंद किया।

कंपनियों के लिए क्या है सर्वे का संदेश?

Savills India के मैनेजिंग डायरेक्टर, रिसर्च एंड कंसल्टिंग, अरविंद नंदन के मुताबिक, कंपनियों को ऐसे ऑफिस बनाने चाहिए जहां कर्मचारियों को साथ काम करने, करियर में आगे बढ़ने और अपनी सेहत का ध्यान रखने की सुविधाएं मिलें।

Savills World Research की एसोसिएट डायरेक्टर Kelcie Sellers ने भी कर्मचारियों की अलग-अलग पीढ़ियों की जरूरतों को समझना जरूरी बताया।

यह सर्वे 4 से 18 सितंबर 2026 के बीच किया गया था, जिसमें दुनियाभर से 645 जवाब मिले। हालांकि, Savills ने साफ किया है कि इसके नतीजों को हर पीढ़ी या क्षेत्र के सभी कर्मचारियों की पसंद नहीं माना जाना चाहिए।

Read more!
Advertisement