Gen Z में बढ़ रहा कर्ज लेने का ट्रेंड! हर पांच में से एक से ज्यादा लोन ले रहे 25 से 30 साल की उम्र वाले
भारत में लोन लेने वालों की तस्वीर तेजी से बदल रही है। भारतलोन की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, युवाओं के बीच कर्ज लेने का चलन बढ़ रहा है। वहीं, महिला कर्जदारों की हिस्सेदारी में भी इजाफा हुआ है। देश के कई शहरों में भी लोन की मांग में बदलाव देखने को मिला है।

In Short
- 25 से 30 साल के कर्जदारों की हिस्सेदारी बढ़कर 22.1 फीसदी हुई
- महिला कर्जदारों की हिस्सेदारी में 25 फीसदी से ज्यादा का इजाफा
- दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद की लोन मामलों में बढ़ी हिस्सेदारी
भारत में लोन लेने वाले युवाओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है। खासकर 25 से 30 साल की उम्र के लोगों में लोन लेने का चलन बढ़ा है। भारतलोन (BharatLoan) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, साल 2025 में इस उम्र के लोगों की कुल लोन मामलों में हिस्सेदारी 18 फीसदी थी, जो 2026 में बढ़कर 22.1 फीसदी हो गई है। यानी कंपनी की ओर से दिए गए हर पांच लोन में से एक से ज्यादा लोन इस उम्र के लोगों ने लिया है।
युवाओं की बढ़ रही लोन में हिस्सेदारी
युवा न सिर्फ ज्यादा लोन ले रहे हैं, बल्कि कुल लोन की रकम में भी उनकी हिस्सेदारी बढ़ रही है। 25 से 30 साल की उम्र के लोगों की कुल लोन राशि में हिस्सेदारी 2025 में 13 फीसदी थी, जो 2026 में बढ़कर 17.7 फीसदी हो गई है। इसमें करीब 36 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
वहीं, 25 से 35 साल की उम्र के लोगों की बात करें तो कुल लोन मामलों में उनकी हिस्सेदारी 2025 के 46.1 फीसदी से बढ़कर 2026 में 47.9 फीसदी हो गई है। इसी दौरान कुल लोन राशि में उनकी हिस्सेदारी 38.9 फीसदी से बढ़कर 43.3 फीसदी हो गई है।
महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ी
भारतलोन के बिजनेस हेड शक्ति शेखावत के मुताबिक, Gen Z भारत के क्रेडिट सिस्टम में सिर्फ प्रवेश नहीं कर रही है, बल्कि उसे नया आकार भी दे रही है।
उन्होंने कहा कि युवाओं के साथ-साथ लोन लेने वाली महिलाओं की हिस्सेदारी भी बढ़ रही है। एक साल में महिला कर्जदारों की हिस्सेदारी में 25 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। यह बताता है कि भारत में वित्तीय सेवाओं तक ज्यादा लोगों की पहुंच बन रही है।
इन शहरों में बढ़ी लोन की मांग
बेंगलुरु अभी भी भारतलोन का सबसे बड़ा बाजार बना हुआ है। कुल लोन मामलों में इसकी हिस्सेदारी 19.8 फीसदी और लोन राशि में 23.3 फीसदी है।
वहीं, नई दिल्ली की हिस्सेदारी 14.2 फीसदी से बढ़कर 15.9 फीसदी, मुंबई की 10.1 फीसदी से बढ़कर 10.7 फीसदी और हैदराबाद की 9.9 फीसदी से बढ़कर 10.3 फीसदी हो गई है।
अहमदाबाद में दिखी तेज बढ़ोतरी
अहमदाबाद की कुल लोन मामलों में हिस्सेदारी 4.2 फीसदी से बढ़कर 5.8 फीसदी हो गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, एक साल में इसमें करीब 40 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, मुंबई और ठाणे की संयुक्त हिस्सेदारी 23.1 फीसदी रही है। कोलकाता क्षेत्र के 24 परगना ने भी 4.9 फीसदी हिस्सेदारी के साथ शीर्ष 10 बाजारों में जगह बनाई है।
ये सभी आंकड़े भारतलोन की ओर से 2025 और 2026 में दिए गए लोन पर आधारित हैं।