शादी के बाद पति-पत्नी के लिए क्यों जरूरी है टर्म और हेल्थ इंश्योरेंस? जानें इसके फायदे

शादी के बाद पति-पत्नी की आर्थिक जिम्मेदारियां बढ़ जाती हैं। ऐसे में भविष्य के लिए निवेश करने से पहले कुछ जरूरी वित्तीय फैसले लेने चाहिए। मनीफ्रंट के सीईओ मोहित गंग ने बताया है कि नए शादीशुदा कपल्स को किन गलतियों से बचना चाहिए और कैसे अपना भविष्य आर्थिक रूप से सुरक्षित बनाना चाहिए।

Advertisement

In Short

  • शादी के बाद निवेश से पहले इमरजेंसी फंड और इंश्योरेंस का करें इंतजाम।
  • कंपनी के हेल्थ इंश्योरेंस के भरोसे न रहें शादीशुदा कपल्स।
  • सालाना कमाई का कम से कम 10 गुना होना चाहिए टर्म इंश्योरेंस कवर।

By Shraddha Shukla:

शादी के बाद जिंदगी में कई बदलाव आते हैं। घर के खर्च से लेकर घूमने-फिरने, नया घर खरीदने और भविष्य के लिए पैसे जोड़ने तक की प्लानिंग शुरू हो जाती है। इसके साथ ही पति-पत्नी दोनों की आर्थिक जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं। ऐसे में सही समय पर लिए गए कुछ वित्तीय फैसले भविष्य में बड़ी परेशानियों से बचा सकते हैं। आइए जानते हैं कि शादी के बाद कपल्स को किस तरह अपनी फाइनेंशियल प्लानिंग करनी चाहिए।

बिजनेस टुडे के शो में सीनियर एंकर साक्षी बत्रा के सवालों का जवाब देते हुए Moneyfront के को-फाउंडर और सीईओ मोहित गर्ग ने बताया कि अक्सर युवा कमाई शुरू करने के बाद एसआईपी, शेयर बाजार और टैक्स बचाने वाली स्कीमों में निवेश करने लगते हैं, जबकि इंश्योरेंस को बाद के लिए टाल देते हैं। कपल्स को सबसे पहले इमरजेंसी फंड बनाना चाहिए। इसके बाद इंश्योरेंस लेना चाहिए और फिर निवेश बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए। अचानक कोई मेडिकल इमरजेंसी या परिवार में किसी की मौत होने से पूरी फाइनेंशियल प्लानिंग बिगड़ सकती है।

सबसे पहले लें हेल्थ इंश्योरेंस

एक्सपर्ट के मुताबिक, लाइफ इंश्योरेंस से भी पहले हेल्थ इंश्योरेंस को प्राथमिकता देनी चाहिए। मेडिकल इमरजेंसी कभी भी आ सकती है। शादी के बाद यह जिम्मेदारी सिर्फ पति-पत्नी तक सीमित नहीं रहती, बल्कि दोनों के माता-पिता तक भी बढ़ जाती है। ऐसे में एक अच्छा फैमिली फ्लोटर हेल्थ इंश्योरेंस प्लान लेना चाहिए। जरूरत पड़ने पर सुपर टॉप-अप प्लान भी ले सकते हैं।

कंपनी के इंश्योरेंस के भरोसे न रहें

एक्सपर्ट के मुताबिक, अगर नौकरी करने वाले कपल्स को कंपनी की तरफ से हेल्थ इंश्योरेंस मिला हुआ है, तब भी उन्हें अलग से अपना हेल्थ इंश्योरेंस प्लान लेना चाहिए। नौकरी बदलने, खुद का बिजनेस शुरू करने या करियर ब्रेक लेने की स्थिति में कंपनी से मिलने वाला इंश्योरेंस कवर खत्म हो सकता है।

सालाना कमाई का 10 गुना हो लाइफ कवर

एक्सपर्ट के मुताबिक, पति-पत्नी दोनों को अपनी सालाना कमाई का कम से कम 10 गुना टर्म इंश्योरेंस लेना चाहिए। इससे किसी एक की मौत होने पर दूसरे पार्टनर को आर्थिक परेशानियों से निपटने में मदद मिल सकती है।

इंश्योरेंस और निवेश को रखें अलग

एक्सपर्ट के मुताबिक, इंश्योरेंस और निवेश को हमेशा अलग रखना चाहिए। कपल्स को यूलिप, एंडोमेंट पॉलिसी और गारंटीड रिटर्न का वादा करने वाले इंश्योरेंस से जुड़े निवेश प्लान से बचना चाहिए।

जटिल इंश्योरेंस प्लान लेने की जरूरत नहीं

शादी के बाद फाइनेंशियल प्लानिंग की शुरुआत एक साधारण टर्म इंश्योरेंस, अच्छे फैमिली फ्लोटर और जरूरत के हिसाब से सुपर टॉप-अप प्लान के साथ की जा सकती है। इंश्योरेंस को अतिरिक्त खर्च समझने के बजाय भविष्य की आर्थिक सुरक्षा के तौर पर देखना चाहिए।

Read more!
Advertisement