1 करोड़ या 3 करोड़... आखिर कितने पैसे होने पर मिलेगी पैसों की टेंशन से आजादी? समझें पूरा कैलकुलेशन

क्या आपने कभी सोचा है कि आपके पास कितने पैसे हों तो नौकरी किए बिना भी घर का खर्च आराम से चलता रहे? वित्तीय आजादी पाने के लिए जरूरी नहीं कि हर किसी के पास एक जैसी रकम हो। फ्लेक्सीकैप ग्रुप के एमडी नासिर सलीम ने बिजनेस टुडे के शो में एक आसान फॉर्मूला बताया, जिससे आप अपनी जरूरत का अंदाजा लगा सकते हैं।

Advertisement
Financial Freedom के लिए कितने करोड़ रुपये चाहिए?
Financial Freedom के लिए कितने करोड़ रुपये चाहिए?

In Short

  • वित्तीय आजादी के लिए कोई एक तय रकम जरूरी नहीं।
  • सालाना 12 लाख खर्च पर लगभग 3 करोड़ की पूंजी का उदाहरण।
  • 25X नियम से जरूरी निवेश का आसान अनुमान लगा सकते हैं।

By Shakshi:

हर कोई चाहता है कि उसके पास इतना पैसा हो कि घर का खर्च चलाने के लिए नौकरी पर निर्भर न रहना पड़े। लेकिन सवाल है कि इसके लिए आखिर कितने पैसे चाहिए? क्या 1 करोड़ रुपये काफी हैं या 5 करोड़ रुपये की जरूरत होगी? वित्तीय आजादी यानी फाइनेंशियल फ्रीडम पाने के लिए कितनी रकम होनी चाहिए, इसे समझने का एक आसान तरीका है।

बिजनेस टुडे के एक शो में सीनियर एंकर साक्षी बत्रा के सवालों का जवाब देते हुए फ्लेक्सीकैप ग्रुप (FlexiCap Group) के एमडी नासिर सलीम ने कहा कि वित्तीय आजादी का मतलब सिर्फ अमीर बनना नहीं है। इसका मतलब है कि आपके निवेश से इतनी कमाई हो कि घर के सभी जरूरी खर्च पूरे हो जाएं और आपको हर महीने की सैलरी पर निर्भर न रहना पड़े।

कितने पैसे होने पर मिल सकती है वित्तीय आजादी?

नासिर सलीम के मुताबिक, हर व्यक्ति के लिए वित्तीय आजादी की रकम अलग होती है। क्योंकि किसी का सालाना खर्च 5 लाख रुपये है, तो किसी का 15 लाख रुपये।

इसलिए सबसे पहले यह देखना जरूरी है कि आप पूरे साल में कितना पैसा खर्च करते हैं। इसके बाद अंदाजा लगाया जा सकता है कि आपको कितनी बचत और निवेश की जरूरत होगी।

सालाना 12 लाख रुपये खर्च तो कितने करोड़ चाहिए?

नासिर सलीम ने इसे एक उदाहरण से समझाया। मान लीजिए किसी व्यक्ति का सालाना खर्च 12 लाख रुपये है। अगर वह अपनी जमा निवेश राशि से हर साल 4 फीसदी पैसा निकालता है, तो उसे लगभग 3 करोड़ रुपये की जरूरत होगी।

यानी 3 करोड़ रुपये का 4 फीसदी हिस्सा 12 लाख रुपये होता है। इस तरह वह अपने सालाना खर्च के बराबर रकम निकाल सकता है। हालांकि, महंगाई, टैक्स और निवेश से मिलने वाले रिटर्न के कारण भविष्य में जरूरी रकम बदल सकती है।

क्या है 25 गुना वाला आसान नियम?

नासिर सलीम ने एक और आसान तरीका बताया, जिसे 25X नियम कहते हैं। इस नियम के मुताबिक, आपका सालाना खर्च जितना है, उसे 25 से गुणा कर दीजिए। इससे अंदाजा लग जाएगा कि वित्तीय आजादी के लिए कितनी रकम चाहिए।

उदाहरण के लिए, अगर आप साल में 12 लाख रुपये खर्च करते हैं, तो 12 लाख को 25 से गुणा करने पर 3 करोड़ रुपये आते हैं।

सलीम का कहना है कि वित्तीय आजादी का मतलब काम करना छोड़ देना नहीं है। इसका असली मतलब ऐसी स्थिति में पहुंचना है, जहां नौकरी करना आपकी मजबूरी नहीं, बल्कि आपकी अपनी पसंद हो।

Read more!
Advertisement