FD पर मिल रहा 8.60% तक ब्याज! जानें किन बैंकों में मिलेगा ज्यादा रिटर्न और कैसे सुरक्षित रहेगा आपका पैसा
दिसंबर में RBI की मौद्रिक नीति समिति की बैठक से पहले कई बैंकों ने FD की ब्याज दरों में बदलाव किया है। निवेशकों के पास अब ज्यादा ब्याज कमाने का मौका है। हालांकि, बेहतर रिटर्न के साथ पैसों की सुरक्षा के लिए निवेशकों को कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना होगा।

In Short
- वरिष्ठ नागरिकों को FD पर मिल रहा 8.60 फीसदी तक ब्याज
- बैंक में जमा रकम पर मिलता है 5 लाख रुपये तक का बीमा कवर
- FD लैडरिंग की रणनीति से निवेश के जोखिम को कम करने में मिल सकती है मदद
फिक्स्ड डिपॉजिट में निवेश करने वालों के पास ज्यादा ब्याज कमाने के कई विकल्प मौजूद हैं। दिसंबर में होने वाली भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति की बैठक से पहले कई प्राइवेट और स्मॉल फाइनेंस बैंकों ने FD की ब्याज दरों में बदलाव किया है। चुनिंदा बैंकों में सामान्य ग्राहकों को 8.25 फीसदी और वरिष्ठ नागरिकों को 8.60 फीसदी तक ब्याज मिल रहा है। हालांकि, FD कराते समय सिर्फ ज्यादा ब्याज दरों पर ध्यान देना ही काफी नहीं है। निवेश की सुरक्षा और जरूरत के समय पैसों की उपलब्धता का भी ध्यान रखना जरूरी है।
कौन से बैंक दे रहे ज्यादा ब्याज?
स्टेबल मनी के को-फाउंडर और CEO सौरभ जैन के मुताबिक, सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक सामान्य ग्राहकों को FD पर अधिकतम 8.25 फीसदी और वरिष्ठ नागरिकों को 8.50 फीसदी ब्याज दे रहा है। वहीं, उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक सामान्य ग्राहकों को 8.10 फीसदी और वरिष्ठ नागरिकों को 8.60 फीसदी तक ब्याज दे रहा है।
यस बैंक में सामान्य ग्राहकों को 7.50 फीसदी और वरिष्ठ नागरिकों को 8 फीसदी तक ब्याज मिल रहा है। वहीं, एक्सिस बैंक में यह दर क्रमशः 6.60 फीसदी और 7.35 फीसदी है।
बैंक में जमा कितना पैसा है सुरक्षित?
डिपॉजिट इंश्योरेंस एंड क्रेडिट गारंटी कॉरपोरेशन के तहत बीमित बैंकों में प्रत्येक जमाकर्ता को प्रति बैंक 5 लाख रुपये तक का बीमा कवर मिलता है। इसमें मूलधन और ब्याज दोनों शामिल होते हैं। एक ही बैंक की अलग-अलग शाखाओं में समान अधिकार और हैसियत से जमा रकम को भी इसमें जोड़कर देखा जाता है।
उदाहरण के लिए, अगर आप 8 फीसदी सालाना साधारण ब्याज दर पर एक साल के लिए 4.50 लाख रुपये की FD कराते हैं तो मैच्योरिटी पर 4.86 लाख रुपये मिलेंगे। यह पूरी रकम बीमा कवर के दायरे में होगी। वहीं, 5 लाख रुपये की FD कराने पर मिलने वाला 40 हजार रुपये का ब्याज बीमा कवर से बाहर होगा, बशर्ते उसी बैंक में आपकी कोई अन्य जमा रकम न हो।
क्या है FD लैडरिंग की रणनीति?
निवेशक अपनी पूरी रकम एक ही बैंक में जमा करने के बजाय अलग-अलग बीमित बैंकों और अलग-अलग अवधि की FD में निवेश कर सकते हैं। इसे FD लैडरिंग कहा जाता है।
अगर आपके पास 10 लाख रुपये हैं तो आप पांच अलग-अलग बैंकों में 2-2 लाख रुपये की FD करा सकते हैं। इनकी मैच्योरिटी अवधि एक से पांच साल तक रख सकते हैं। इससे हर साल कुछ रकम उपलब्ध होगी और दोबारा निवेश से जुड़े जोखिम को कम करने में मदद मिलेगी।
निवेश से पहले इन बातों का रखें ध्यान
FD कराने से पहले समय से पहले पैसे निकालने पर लगने वाली पेनल्टी, ब्याज भुगतान के विकल्प और टैक्स कटने के बाद मिलने वाले रिटर्न की जांच करनी चाहिए। ब्याज से होने वाली कमाई पर निर्भर वरिष्ठ नागरिक नियमित ब्याज भुगतान वाली FD का विकल्प भी चुन सकते हैं।