EPFO का बड़ा अपडेट: UAN बनाना हुआ आसान, Aadhaar Face Authentication से UMANG ऐप पर होगा पूरा काम
EPFO ने UAN से जुड़ी अहम सेवाओं को अब UMANG ऐप पर उपलब्ध करा दिया है। कर्मचारी मोबाइल से ही नया UAN बना सकते हैं, पुराने UAN को एक्टिवेट कर सकते हैं और Face Authentication भी पूरा कर सकते हैं। जानिए इसके लिए किन चीजों की जरूरत होगी और पूरी प्रक्रिया कैसे काम करेगी।

In Short
- अब UMANG ऐप से नया UAN जनरेट और एक्टिवेट किया जा सकेगा
- Aadhaar आधारित Face Authentication से पूरी होगी पहचान की प्रक्रिया
- UAN एक्टिव होने के बाद EPF बैलेंस पासबुक क्लेम स्टेटस और KYC जैसी सेवाएं मिलेंगी
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी EPFO ने अपने सदस्यों के लिए UAN से जुड़ी सेवाओं को और आसान बना दिया है। अब कर्मचारी UMANG ऐप के जरिए अपना Universal Account Number यानी UAN जनरेट, एक्टिवेट और ऑथेंटिकेट कर सकते हैं। इसके लिए Aadhaar आधारित Face Authentication का इस्तेमाल किया जाएगा।
श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि UAN एक्टिव होने के बाद सदस्य EPFO की कई जरूरी सेवाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं। इनमें EPF बैलेंस चेक करना, पासबुक डाउनलोड करना, क्लेम का स्टेटस देखना और KYC डिटेल्स अपडेट करना शामिल है।
नया UAN कैसे जनरेट और एक्टिवेट होगा?
यह सुविधा खासतौर पर उन कर्मचारियों के लिए उपयोगी है, जो पहली बार EPF सिस्टम से जुड़ रहे हैं। नया UAN बनाने के लिए आपके पास वैध Aadhaar नंबर, Aadhaar से लिंक मोबाइल नंबर और Aadhaar Face RD ऐप होना जरूरी है।
इसके बाद UMANG ऐप में जाकर “UAN Allotment and Activation” का विकल्प चुनना होगा। यहां Aadhaar नंबर और मोबाइल नंबर डालने के बाद Aadhaar Verification के लिए सहमति देनी होगी।
इसके बाद Aadhaar से जुड़े मोबाइल नंबर पर OTP आएगा। सिस्टम पहले यह जांच करेगा कि आपके Aadhaar से पहले से कोई UAN जुड़ा हुआ है या नहीं। अगर कोई UAN नहीं मिलता है तो Face Authentication की प्रक्रिया शुरू होगी। सफल वेरिफिकेशन के बाद नया UAN जनरेट हो जाएगा और इसकी जानकारी रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भेज दी जाएगी।
पुराना UAN भी कर सकेंगे एक्टिवेट
जिन कर्मचारियों का UAN पहले से बना हुआ है, लेकिन एक्टिवेट नहीं हुआ है, वे UMANG ऐप के “UAN Activation” विकल्प का इस्तेमाल कर सकते हैं।
इसके लिए UAN, Aadhaar नंबर और मोबाइल नंबर डालना होगा। OTP Verification के बाद UIDAI के जरिए Face Authentication पूरा करना होगा।
सफल वेरिफिकेशन के बाद UAN एक्टिवेट हो जाएगा। सदस्य को SMS के जरिए UAN और एक Temporary Password भी भेजा जाएगा। इसके साथ EPFO के रिकॉर्ड में Verified Photograph और Address भी अपडेट हो जाएगा।
पहले से एक्टिव UAN का भी Face Authentication
UMANG ऐप में पहले से एक्टिव UAN के लिए भी Face Authentication की सुविधा दी गई है। सदस्य अपनी सहमति देकर Face Authentication पूरा कर सकते हैं। इसके बाद UIDAI सिस्टम पहचान की जांच करके Aadhaar और UAN से जुड़ी जरूरी जानकारी वेरिफाई करेगा और EPFO रिकॉर्ड अपडेट हो जाएगा।
Authentication फेल हो जाए तो क्या करें?
गलत Aadhaar या मोबाइल नंबर, OTP नहीं मिलने, Face Authentication फेल होने या पहले से UAN मौजूद होने की वजह से प्रक्रिया रुक सकती है। ऐसी स्थिति में सदस्य जानकारी दोबारा डाल सकते हैं, OTP फिर से मंगवा सकते हैं या Face Authentication दोबारा कर सकते हैं। समस्या बनी रहने पर सहायता के लिए सपोर्ट से संपर्क करना पड़ सकता है।
UMANG ऐप के जरिए UAN से जुड़ी ये सुविधाएं मिलने से EPFO की कई प्रक्रियाएं अब मोबाइल से ही पूरी की जा सकेंगी और मैनुअल वेरिफिकेशन पर निर्भरता कम होगी।