EPFO के नए SWP प्लान से हर महीने मिलेंगे पैसे, लेकिन क्या इस कमाई पर देना होगा टैक्स? समझें नियम
EPFO का नया SWP प्लान रिटायरमेंट के बाद कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत बन सकता है। इसके जरिए हर महीने PF खाते से पैसे निकालने की सुविधा मिलेगी। लेकिन क्या इस रकम पर टैक्स भी देना पड़ेगा? पांच साल की नौकरी का नियम क्या कहता है और किन लोगों को राहत मिलेगी? जानिए।

In Short
- EPFO के नए SWP प्लान से रिटायरमेंट के बाद हर महीने PF खाते से पैसे निकालने की सुविधा मिलेगी
- लगातार पांच साल की नौकरी पूरी करने के बाद PF विड्रॉल पर आमतौर पर टैक्स नहीं लगता
- SWP से मिलने वाली रकम पर टैक्स लगेगा या नहीं, इसे लेकर अभी सरकारी गाइडलाइन का इंतजार
EPFO अपने सदस्यों के लिए रिटायरमेंट के बाद पैसे निकालने की नई सुविधा लाने की तैयारी कर रहा है। इस सुविधा का नाम सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान (SWP) है। इसके जरिए रिटायर होने वाले कर्मचारी अपने PF खाते में जमा पूरी रकम एक साथ निकालने के बजाय हर महीने थोड़े-थोड़े पैसे निकाल सकेंगे। इससे उन्हें नियमित इनकम मिलती रहेगी। हालांकि, इस नई सुविधा को लेकर एक बड़ा सवाल भी है कि क्या SWP के जरिए मिलने वाले पैसों पर इनकम टैक्स देना होगा?
कैसे काम करेगा EPFO का नया SWP प्लान?
EPFO के इस प्लान के तहत रिटायरमेंट के बाद कर्मचारी अपनी जरूरत के हिसाब से हर महीने PF खाते से पैसे निकाल सकेंगे।
मान लीजिए आपके PF अकाउंट में 10 लाख रुपये जमा हैं। ऐसे में आप SWP के जरिए हर महीने 10,000 रुपये अपने बैंक खाते में मंगवा सकते हैं। इसके लिए बार-बार क्लेम करने की जरूरत नहीं होगी। SWP की सुविधा शुरू होने के बाद नियमित अंतराल पर पैसे मिल सकेंगे।
अभी PF निकालने पर कितना टैक्स लगता है?
मौजूदा इनकम टैक्स नियमों के मुताबिक, अगर किसी कर्मचारी ने लगातार कम से कम पांच साल नौकरी की है, तो उसके PF विड्रॉल पर आमतौर पर टैक्स नहीं लगता है।
अगर कर्मचारी पांच साल पूरे होने से पहले PF निकालता है, तो उसे टैक्स देना पड़ सकता है। हालांकि, खराब सेहत, कंपनी बंद होने या कर्मचारी के नियंत्रण से बाहर की वजह से नौकरी छूटने जैसी परिस्थितियों में टैक्स से राहत मिल सकती है।
क्या SWP से मिलने वाले पैसों पर लगेगा टैक्स?
सबसे बड़ा सवाल यही है कि EPFO के नए SWP प्लान के तहत हर महीने मिलने वाली रकम टैक्स फ्री होगी या नहीं।
फिलहाल सरकार या EPFO बोर्ड की ओर से इस बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। कुछ एक्सपर्ट्स का मानना है कि SWP के तहत मिलने वाली रकम पर टैक्स छूट मिल सकती है।
हालांकि, जब तक सरकार की ओर से पूरी गाइडलाइन जारी नहीं होती, तब तक SWP से मिलने वाली रकम को पूरी तरह टैक्स फ्री मानना सही नहीं होगा।
क्या PF खाते में बचे पैसों पर ब्याज मिलता रहेगा?
SWP के तहत कर्मचारी हर महीने कुछ रकम निकाल सकेंगे, जबकि बाकी पैसा PF खाते में जमा रहेगा।
मौजूदा नियमों के मुताबिक, PF खाते में जमा रकम पर मिलने वाले ब्याज का टैक्स ट्रीटमेंट खाते की स्थिति और लागू नियमों पर निर्भर करता है। तय सालाना सीमा से ज्यादा कर्मचारी योगदान पर मिलने वाला ब्याज टैक्स के दायरे में आ सकता है।
पांच साल की नौकरी वाला नियम क्यों जरूरी?
PF विड्रॉल पर टैक्स छूट के लिए पांच साल की लगातार नौकरी का नियम अहम है। अगर कर्मचारी नौकरी बदलता है और अपना PF बैलेंस नए एम्प्लॉयर के पास ट्रांसफर कर देता है, तो पिछली नौकरी की अवधि भी इसमें जुड़ सकती है।
SWP के जरिए हर महीने पैसे निकालने से पांच साल की सर्विस वाली शर्त अपने आप खत्म नहीं होगी। इसलिए रिटायरमेंट के बाद SWP चुनने से पहले इससे जुड़े टैक्स नियमों को समझना जरूरी होगा।