FD भूल जाएंगे आप; EPFO का नया प्लान दे सकता है हर महीने ₹41,822 - जानिए पूरा गणित
रिटायरमेंट के बाद हर महीने नियमित कमाई चाहने वालों के लिए EPFO का नया प्लान फायदेमंद साबित हो सकता है। प्रस्तावित सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान (SWP) के तहत ₹50 लाख के PF फंड पर हर महीने ₹41,822 मिलने का अनुमान है।

रिटायरमेंट के बाद नियमित कमाई की चिंता करने वाले नौकरीपेशा लोगों के लिए EPFO का नया प्रस्ताव राहत भरा हो सकता है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के प्रस्तावित सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान (SWP) के तहत रिटायर होने वाले कर्मचारी अपने PF खाते से हर महीने एक तय रकम निकाल सकेंगे।
EPFO की आंतरिक गणना के मुताबिक, अगर किसी सदस्य के PF खाते में 50 लाख रुपये जमा हैं, तो उसे 20 साल तक हर महीने करीब 41,822 रुपये मिल सकते हैं। यह रकम बैंक FD और कमर्शियल एन्युटी के मुकाबले ज्यादा है।
₹50 लाख के PF पर कितना मिलेगा पैसा?
EPFO की गणना के मुताबिक, 50 लाख रुपये के रिटायरमेंट फंड और 8 फीसदी अनुमानित रिटर्न के आधार पर SWP के जरिए 20 वर्षों में कुल एक करोड़ रुपये से ज्यादा का भुगतान हो सकता है।
इस हिसाब से सदस्य को हर महीने 41,822 रुपये मिलेंगे। खास बात यह है कि पूरी रकम एक साथ निकालने के बजाय बची हुई राशि EPF खाते में रखी जा सकेगी। हालांकि, यह अभी प्रस्तावित योजना है और वास्तविक भुगतान अंतिम नियमों, ब्याज दरों और टैक्स व्यवस्था पर निर्भर करेगा।
FD और एन्युटी से कितना ज्यादा फायदा?
EPFO की तुलना के मुताबिक, अगर 50 लाख रुपये बैंक FD में लगाए जाएं और 7 फीसदी ब्याज मिले, तो 30 फीसदी टैक्स स्लैब के आधार पर अनुमानित पोस्ट-टैक्स रिटर्न 4.82 फीसदी होगा।
ऐसी स्थिति में 20 साल तक हर महीने करीब 32,292 रुपये मिल सकते हैं। वहीं, 6 फीसदी ब्याज वाली कमर्शियल एन्युटी में मासिक भुगतान करीब 30,637 रुपये रहने का अनुमान है।
यानी EPFO का प्रस्तावित SWP, FD के मुकाबले करीब 9,530 रुपये और एन्युटी के मुकाबले 11,185 रुपये ज्यादा मासिक भुगतान दे सकता है।
19 नवंबर को मिली मंजूरी
EPFO के सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) ने 19 नवंबर की बैठक में SWP प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। इसके तहत सदस्य रिटायरमेंट के समय अपना पूरा या कुछ PF बैलेंस निकाल सकेंगे। वे मासिक, तिमाही या छमाही किस्तों में भुगतान का विकल्प भी चुन सकेंगे। सिर्फ ब्याज की रकम निकालने का विकल्प भी प्रस्ताव में शामिल है।
कितने कर्मचारियों को मिल सकता है फायदा?
EPFO के आंकड़ों के मुताबिक, 55 साल से ज्यादा उम्र के करीब 6.32 लाख सदस्यों के खातों में पांच लाख रुपये से अधिक जमा हैं।
इनमें 1.29 लाख सदस्यों के पास 20 से 50 लाख रुपये का फंड है, जबकि 94,948 सदस्यों के पास 50 लाख रुपये से ज्यादा की रकम जमा है।
फिलहाल यह सुविधा EPFO के सदस्यों तक सीमित रखने का प्रस्ताव है। छूट प्राप्त PF ट्रस्टों के सदस्यों को शुरुआत में इसका लाभ नहीं मिलेगा।
क्या SWP पर टैक्स लगेगा?
योजना के टैक्स नियम अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हैं। EPFO इस मुद्दे पर आयकर विभाग और वित्त मंत्रालय से चर्चा करेगा। इसके अलावा तकनीकी और प्रशासनिक खर्चों को देखते हुए SWP चुनने वाले सदस्यों से शुल्क भी लिया जा सकता है।
ग्रांट थॉर्नटन भारत के पार्टनर विवेक अय्यर के मुताबिक, योजना की सफलता बची हुई रकम पर मिलने वाले रिटर्न, टैक्स नियमों और भुगतान में बदलाव की सुविधा पर निर्भर करेगी।