UPI से PF निकालने की तैयारी पूरी! ट्रायल में भी निकले पैसे, जानें कब शुरू होगी ये सुविधा

पीएफ खाते से पैसे निकालना जल्द ही बेहद आसान हो सकता है। ईपीएफओ यूपीआई के जरिए पीएफ निकासी की सुविधा शुरू करने की तैयारी में है। इसके लिए जरूरी टेस्टिंग भी पूरी हो चुकी है। जानिए कर्मचारियों को कब तक मिलेगी यह सुविधा और निकासी को लेकर क्या होगी व्यवस्था।

Advertisement
AI Generated Image

In Short

  • यूपीआई से पीएफ निकासी के लिए दो राउंड की टेस्टिंग पूरी।
  • न्यूनतम निकासी सीमा 1,000 रुपये तय करने पर विचार।
  • दिसंबर 2026 के अंत तक सुविधा शुरू करने का लक्ष्य।

By Urvashi Raghav:

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) जल्द ही अपने करोड़ों सदस्यों को बड़ी सुविधा देने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत कर्मचारी यूपीआई (UPI) के जरिए अपने पीएफ खाते से पैसे निकाल सकेंगे। इस सुविधा के लिए दो राउंड की टेस्टिंग भी पूरी हो चुकी है। ट्रायल के दौरान कुछ सदस्यों ने सफलतापूर्वक पीएफ का पैसा भी निकाला है। अब इस सुविधा को आम सदस्यों के लिए शुरू करने की तैयारी चल रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईपीएफओ यूपीआई के जरिए पीएफ निकासी की न्यूनतम सीमा 1,000 रुपये तय करने पर विचार कर रहा है। इस सुविधा को दिसंबर 2026 के अंत तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

क्यों तय की जा रही है 1,000 रुपये की सीमा?

अधिकारियों के मुताबिक, न्यूनतम निकासी सीमा तय करने का मकसद छोटे-छोटे ट्रांजेक्शन को रोकना है। अगर निकासी की कोई न्यूनतम सीमा नहीं होगी तो कर्मचारी बेहद छोटी रकम निकालने के लिए भी बार-बार इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे ईपीएफओ पर ट्रांजेक्शन का बोझ बढ़ सकता है।

दो राउंड की टेस्टिंग पूरी

यूपीआई से पीएफ निकासी के लिए जरूरी तकनीक तैयार हो चुकी है। अलग-अलग यूजर ग्रुप्स के बीच दो राउंड की टेस्टिंग भी पूरी कर ली गई है। ट्रायल के दौरान सामने आई तकनीकी कमियों को दूर कर दिया गया है। हालांकि, ईपीएफओ के नए सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट होने के दौरान अभी भी कुछ तकनीकी समस्याएं आ रही हैं।

कब से निकाल सकेंगे यूपीआई से पीएफ?

रिपोर्ट के मुताबिक, दिसंबर 2026 के अंत तक इस सुविधा को शुरू किया जा सकता है। हालांकि, ईपीएफओ की ओर से अभी तक इसकी लॉन्चिंग की तारीख को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

मार्च 2025 में शुरू हुई थी चर्चा

यूपीआई से पीएफ निकासी का प्रस्ताव मार्च 2025 में कार्यकारी समिति की बैठक में पेश किया गया था। इसके बाद अक्टूबर 2025 में हुई बोर्ड बैठक में तेजी से क्लेम निपटाने, तुरंत निकासी और बेहतर डिजिटल सेवाओं के लिए नए फ्रेमवर्क को मंजूरी दी गई थी।

सुविधा शुरू होने में क्यों हुई देरी?

यूपीआई से पीएफ निकासी के लिए जरूरी API तैयार करने और इसे बैंकिंग व पेमेंट सिस्टम से जोड़ने का काम पूरा हो चुका है। पहले इस सुविधा को पिछले वित्त वर्ष के अंत तक शुरू करने की उम्मीद थी, लेकिन तकनीकी एकीकरण और टेस्टिंग के चलते इसमें देरी हुई।

सीधे बैंक खाते में आएगा पैसा

नई व्यवस्था लागू होने के बाद पीएफ सदस्य BHIM ऐप के जरिए यूपीआई का इस्तेमाल कर पैसे निकाल सकेंगे। मंजूर निकासी की रकम सीधे उनके बैंक खाते में पहुंचेगी। इससे कर्मचारियों को पीएफ का पैसा पाने के लिए लंबे इंतजार से राहत मिल सकेगी।

Read more!
Advertisement