DA बढ़कर 63% हुआ, अब कितना होगा फिटमेंट फैक्टर? समझें नई सैलरी का पूरा गणित

केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़कर 63% हो गया है। इससे हर महीने सैलरी बढ़ने के साथ एरियर भी मिलेगा। लेकिन क्या इस बढ़ोतरी से 8वें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर का गणित बदल जाएगा? आखिर नई बेसिक सैलरी कितनी बढ़ सकती है और कर्मचारियों को वास्तविक फायदा कितना होगा? जानिए।

Advertisement

In Short

  • केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स का DA और DR 60% से बढ़कर 63% हुआ, 1 जुलाई 2026 से मिलेगा फायदा।
  • 8वें वेतन आयोग में करीब 14% वास्तविक सैलरी बढ़ोतरी के लिए लगभग 1.86 फिटमेंट फैक्टर जरूरी होगा।
  • जनवरी 2027 में DA बढ़कर 66% होने पर फिटमेंट फैक्टर का गणित फिर बदल सकता है, अंतिम फैसला अभी बाकी।

By Gungun Mishra:

केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी का तोहफा दिया है। DA अब 60% से बढ़कर 63% हो गया है। इससे कर्मचारियों की हर महीने की सैलरी बढ़ेगी। लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि इस बढ़ोतरी का 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) पर क्या असर पड़ेगा और नई सैलरी तय करने में फिटमेंट फैक्टर की क्या भूमिका होगी?

जुलाई से मिलेगा बढ़ा हुआ DA

केंद्रीय कैबिनेट ने महंगाई भत्ते में 3% बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। नई दर 1 जुलाई 2026 से लागू होगी। कर्मचारियों को जुलाई से अक्टूबर तक चार महीने का एरियर भी मिलेगा।

इस फैसले से करीब 48.54 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 68.71 लाख पेंशनर्स को फायदा होगा। पेंशनर्स की महंगाई राहत (DR) भी बढ़कर 63% हो गई है। सरकार पर इसकी सालाना लागत करीब ₹10,016.10 करोड़ होगी।

₹18,000 बेसिक सैलरी वालों को कितना फायदा?

अगर किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी ₹18,000 है, तो पहले 60% DA के हिसाब से उसे ₹10,800 मिलते थे। अब 63% DA के हिसाब से ₹11,340 मिलेंगे।

यानी हर महीने ₹540 की बढ़ोतरी होगी। चार महीने का एरियर ₹2,160 बनेगा। हालांकि, 8वें वेतन आयोग में सैलरी बढ़ने का गणित इससे अलग है।

फिटमेंट फैक्टर से कैसे तय होगी नई सैलरी?

फिटमेंट फैक्टर वह संख्या है, जिससे मौजूदा बेसिक सैलरी को गुणा करके नई बेसिक सैलरी तय की जाती है।

नया वेतन आयोग लागू होने पर पुराना DA नई बेसिक सैलरी में शामिल हो जाता है। इसलिए फिटमेंट फैक्टर का पूरा फायदा अतिरिक्त सैलरी बढ़ोतरी नहीं होता।

7वें वेतन आयोग में 2.57 का फिटमेंट फैक्टर लागू हुआ था। उस समय DA 125% था और कर्मचारियों को करीब 14% की वास्तविक बढ़ोतरी मिली थी।

प्रतीकात्मक तस्वीर

अब कितना फिटमेंट फैक्टर जरूरी?

फिलहाल 63% DA के साथ कर्मचारियों को बेसिक सैलरी और DA मिलाकर 1.63 गुना रकम मिल रही है।

ऐसे में करीब 14% वास्तविक बढ़ोतरी के लिए लगभग 1.86 का फिटमेंट फैक्टर जरूरी होगा। DA 60% रहने पर यही बढ़ोतरी करीब 1.83 के फैक्टर से मिल सकती थी।

₹18,000 बेसिक सैलरी पर 1.86 फिटमेंट फैक्टर लगाने से नई बेसिक सैलरी ₹33,480 होगी। फिलहाल बेसिक और DA मिलाकर ₹29,340 मिलते हैं। यानी अंतर ₹4,140 होगा।

जनवरी 2027 में फिर बदलेगा गणित?

अगर जनवरी 2027 में DA बढ़कर 66% हो जाता है, तो करीब 14% वास्तविक बढ़ोतरी के लिए फिटमेंट फैक्टर लगभग 1.90 होना जरूरी होगा।

8वें वेतन आयोग की अध्यक्ष रिटायर्ड जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई हैं। आयोग से मई 2027 तक रिपोर्ट आने की उम्मीद है।

हालांकि, फिटमेंट फैक्टर और नई सैलरी पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। कर्मचारियों को कितनी बढ़ोतरी मिलेगी, यह आयोग की सिफारिशों और सरकार की मंजूरी पर निर्भर करेगा।

Read more!
Advertisement